लड़की ने लव मैरिज की, पिता ने लड़के को मारा, बदले में इधरवालों ने लड़की की मां को मार डाला
गुजरात के जामनगर की घटना, डेढ़ घंटे के अंदर दो हत्याएं हो गईं.

गुजरात के जामनगर से डबल मर्डर का एक मामला सामने आया है. एक घंटे के अंदर दोनों हत्याएं हुई हैं. पहले एक इंटर-कास्ट शादी हुई. उससे नाराज़ लड़की के परिवारवालों ने लड़के की हत्या कर दी. इसके बाद बदला लेने के मकसद से लड़केवालों ने लड़की के घर जा कर उसकी मां की हत्या कर दी.
आजतक से जुड़ी गोपी मनियार की रिपोर्ट के मुताबिक, मरने वाले युवक का नाम सोमराज सोरिया था. उम्र 25 साल. एक साल पहले सोमराज ने 22 साल की रूपलबा ज़ाला से शादी की थी. दोनों परिवारों की मर्ज़ी के ख़िलाफ़. सोमराज पिछड़ी जाति से था. रूपलबा के परिवार वाले शादी से बौखलाए हुए थे. वो एक साल से सोमराज और रूपलबा को खोज रहे थे.
रिपोर्ट के मुताबिक, 15 मई को लड़की के परिवार वालों को जानकारी मिली कि सोमराज राजकोट रोड पर अतुल शोरूम के पास है. जानकारी मिलते ही लड़की के पिता सतुभा ज़ाला वहां पहुंच गए. सोमराज ने जब लड़की के परिजनों को देखा तो पास के शोरूम में घुस गया. लड़की के परिजन हथियारों से लैस शोरूम में घुसे और वहीं सोमराज की हत्या कर दी.
सोमराज के दोस्तों ने उसके भाई लगधीर को घटना के बारे में बताया. लगधीर हथियार लेकर सतुभा के घर पहुंचा. घर में सतुभा की पत्नी आशाबा और बड़ी बेटी आनंदबा थे. लगधीर ने हथियार से आशाबा पर कथित तौर पर कई बार हमले किए. मौक़े पर ही आशाबा की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में आरोपी सतुभा और लगधीर को हिरासत में ले लिया है.
प्रेमी जोड़े में लड़का क्षत्रिय परिवार से था, जबकि लड़की चारण परिवार से. हमारे देश में ‘सरनेम’, ‘कास्ट’, ‘पूरा नाम क्या लिखते हैं?’ से बहुत कुछ तय होता है. लेकिन कथित ऑनर के नाम पर हुए इस डबल मर्डर केस में देखें तो किसी के हाथ कुछ नहीं लगा. पर एक लड़की को प्रेम करने के बदले ये मिला कि पति मारा गया, उसकी मां मारी गई, उसके पिता जेल में हैं और उसके पति का भाई भी जेल में है.

