परिवार का आरोप, दूसरी जाति में शादी करने पर लड़की के परिवार ने बेटे को मार डाला
23 साल के लड़के की हत्या, ऑनर किलिंग का आरोप.

हरियाणा का पानीपत. यहां पर एक जनवरी की देर रात 23 साल के लड़के की हत्या कर दी गई. उसकी पहचान नीरज के रूप में हुई है. खबर है कि उसने अलग जाति की लड़की से शादी की थी. दो अज्ञात लोगों ने चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. वहीं परिवार का आरोप है कि उनके बेटे नीरज की हत्या लड़की के दो भाइयों ने की है, क्योंकि वह इस शादी के खिलाफ थे. उनका आरोप है कि घटना वाली रात नीरज जब काम से लौट रहा था तो भावना चौक पर कोमल के भाइयों ने चाकुओं से हमला कर दिया.
डेढ़ महीने हुए थे शादी को
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना पानीपत के भावना चौक बाज़ार में हुई. नीरज ने कोमल से नवंबर, 2020 में कोर्ट में शादी की थी. शादी परिवार की मर्जी के खिलाफ थी. वो दोनों पड़ोस में रहते थे. नीरज वाधवा राम कालोनी में रहता था. वह नगर निगम कार्यालय के पास पालिका बाज़ार में एक सेल्समैन की नौकरी करता था. एक जनवरी को जब वो काम से लौट रहा था, तभी उसकी हत्या कर दी गई.
पहले धमकी भी मिली थी
रिपोर्ट के मुताबिक, नीरज के शरीर पर 12 चोट के निशान थे. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस का कहना है कि कोमल के पिता और दोनों भाई इस शादी से परेशान थे. क्योंकि नीरज दूसरी जाति का था. तीनों ने नीरज को धमकी भी दी थी और कुछ दिनों पहले मारपीट भी की थी. परिवार के सदस्यों के मुताबिक, कोमल के चचेरे भाई ने भी नीरज को धमकी दी थी. नीरज के तीन भाई-बहन हैं. भाई जगदीश ने बताया कि उन्हें कोमल के भाइयों से खतरा महसूस हुआ था, इसी के चलते उन्होंने पुलिस में केस भी दर्ज करवाया था. पर पुलिस की तरफ से कोई एक्शन नहीं लिया गया.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, जगदीश का आरोप है कि घटना के कुछ मिनट पहले हमलावरों ने नीरज को कॉल किया था और मिलने के लिए कहा था. साथ ही अपनी बहन से कहा था- तुम जल्द ही रोओगी.
पुलिस का क्या कहना है?
पुलिस उप अधीक्षक सतीश कुमार वत्स ने बताया कि कोमल और नीरज के परिवारवाले दोनों की शादी पर सहमत हो गए थे. ग्राम पंचायत की बैठक में लिखित रूप से दे भी दिया था. ये बात डेढ़ महीने पहले की है. जब गांव के स्तर पर कई बार इस संबंध में बैठक बुलाई गई थी. फिलहाल पुलिस ने हत्या के आरोप में FIR दर्ज कर ली है. शुरुआती जांच में पता चला है कि नीरज पर दो लोगों ने हमला किया.

