बुरी तरह चोटिल लड़की ने अस्पताल में दम तोड़ा, घरवालों ने कहा- सहेली ने करवाया रेप
और पुलिस देर तक FIR लिखने में आनाकानी करती रही.

17 जनवरी 2020. इस दिन शाम के वक्त 20 साल की एक लड़की को नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया. बाद में उसे दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया. उसे बचाने की कोशिश हुई, लेकिन लड़की ने 19 जनवरी की सुबह करीब 6 बजे तम तोड़ दिया. पुलिस के मुताबिक, लड़की एक्सीडेंट का शिकार हुई थी. वहीं लड़की के घरवाले कुछ और बात कह रहे हैं. उनके मुताबिक, लड़की का एक्सीडेंट नहीं हुआ, बल्कि उसका रेप करके उसे बुरी तरह पीटा गया था. घरवालों ने लड़की के दोस्तों के ऊपर रेप के आरोप लगाए हैं.
क्या है पूरा मामला?
लड़की नोएडा की रहने वाली थी. प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी. उसके घरवालों के मुताबिक-
वो 17 जनवरी के दिन अपने ऑफिस गई. रोज़ की तरह सुबह-सुबह ऑफिस के लिए निकल गई थी. दोपहर तक वो वापस आ जाती थी, लेकिन उस दिन नहीं आई. दोपहर में उसके फोन पर कॉल किया गया. नंबर स्विच ऑफ आ रहा था. रात करीब 9.30 बजे उसकी एक दोस्त ने लड़की के घरवालों को कॉल किया. बताया कि जेवर में यमुना एक्सप्रेसवे पर लड़की का एक्सीडेंट हो गया है. उसे कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है. लड़की के घरवाले करीब 11 बजे अस्पताल पहुंचे. उन्होंने लड़की की हालत देखी. वो कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं थी. उन्होंने दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में उसे भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान 19 जनवरी की सुबह करीब 6 बजे लड़की की मौत हो गई.
लड़की के मामा का कहना है,
'हमने देखा उसकी हालत बहुत खराब थी. लेकिन ऐसा नहीं लग रहा था कि उसका एक्सीडेंट हुआ है. उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं दिख रहे थे. लेकिन उसे देखकर लग रहा था कि उसका रेप करके बुरी तरह पीटा गया था. उसकी जिस दोस्त ने हमें कॉल किया था, वो भी लगातार बयान बदल रही थी. पहले कहा कि अपने भाई को बुलाकर वो बाइक से लड़की को अस्पताल लेकर गई, फिर कहा कि कार से गई, फिर कुछ और बात कही. उसने हमें पहले कॉल नहीं किया. उसने पहले अपने भाई और कज़िन को कॉल किया था. हमने जब कहा कि लड़की का फोन हमें दे दो, तो उसने कहा कि उसके पास फोन नहीं है. लेकिन बाद में पुलिस को उसके पास से फोन मिल गया. कैसे?'

लड़की के घरवालों ने पुलिस में शिकायत दी. उनके मुताबिक उनकी बेटी का रेप करके पीटा गया था. ये तस्वीर घरवालों की लिखित शिकायत की है. फोटो- तन्सीम हैदर.
लड़की के घरवालों का आरोप है कि उसकी दोस्त के भाइयों ने मिलकर रेप किया है. एक का नाम श्याम है और दूसरे का सचिन. इसके अलावा वो ये भी कह रहे हैं कि लड़की की दोस्त भी इस पूरी वारदात में शामिल है. लड़की के घरवालों के मुताबिक, पुलिस केस को टालने की कोशिश कर रही है, क्योंकि जब उन्होंने नोएडा सेक्टर-49 पुलिस स्टेशन में श्याम और सचिन के खिलाफ रेप का केस दर्ज करवाने की कोशिश की, तो पुलिस ने केस दर्ज करने से मना कर दिया. उसके बाद घरवालों ने थाने के सामने धरना दिया. तब कहीं जाकर 19 जनवरी की देर रात पुलिस ने इस मामले लड़की के घरवालों से आवेदन लिया.
क्या कहती है पुलिस?
पुलिस ने IPC की धारा 302 (हत्या के लिए दण्ड) और धारा 376 (बलात्कार के लिए दण्ड) के तहत दोनों लड़कों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन गिरफ्तारी किसी की नहीं हुई है. केस का अपडेट लेने के लिए हमने ACP विमल कुमार को कॉल किया. उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी तक रेप की प नहीं हुई है. क्योंकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है. रिपोर्ट आने में एक हफ्ते से 10 दिन का वक्त लग जाएगा, उसके बाद ही वो किसी को गिरफ्तार कर पाएंगे. फिलहाल वो दोनों लड़कों से पूछताछ कर रहे हैं.
इस मामले में जो भी अपडेट आएगी, हम आपतक पंहुचाते रहेंगे.
वीडियो देखें:

