जिस ऑटो वाले ने कोरोना काल में सबकी मदद की, उस पर रेप का आरोप लगा है
आरोपी जावेद को कई संस्थाओं ने सम्मानित किया था.

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल. यहां पुलिस ने एक ऑटो ड्राइवर को एक महिला के बलात्कार के आरोप में गिरफ़्तार किया है. ये वही ऑटो ड्राइवर है, जिसने कोरोना की दूसरी लहर में अपने ऑटो में ऑक्सीजन सिलेंडर लगाकर ऑटो को एंबुलेंस बना दिया था.
Auto Driver Javed पर रेप का मामला दर्जकोरोना की दूसरी लहर आपको याद होगी. 2021 में अप्रैल और मई के महीने. ऑक्सीजन, अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर की भारी किल्लत का दौर. अस्पताल जाने के लिए लोगों को गाड़ी तक नहीं मिल रही थी. तब ऑटो ड्राइवर जावेद ने लोगों की मदद की थी. उसने अपने ऑटो को ही एम्बुलेंस बना लिया था. ख़बर ये भी आई थी कि ऑटो को एंबुलेंस में बनाने के लिए उसे अपनी पत्नी के गहने बेचने पड़े थे. तब कई संस्थाओं ने जावेद को सम्मानित भी किया था. ऐक्टर अक्षय कुमार ने भी जावेद के इस क़दम की तारीफ़ की थी. अब उसी जावेद पर रेप का आरोप लगा है.
आजतक के रवीश पाल सिंह के मुताबिक़, भोपाल के ऐशबाग थाने के थाना इंचार्ज मनीष राज भदौरिया ने बताया कि जावेद के घर पर एक शादीशुदा जोड़ा रहता था. बतौर किराएदार. महिला का आरोप है कि जब वो घर पर अकेली रहती थी, तो जावेद उसके साथ छेड़छाड़ करता था. महिला का आरोप है कि जावेद ने उसका रेप भी किया. पीड़िता ने ये बात जब अपने पति को बताई, तो पति की आरोपी जावेद के साथ लड़ाई हो गई.
लड़ाई के बाद दोनों ने जावेद का मकान खाली कर दिया और दूसरी जगह रहने चले गए. महिला का आरोप है कि जावेद ने यहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा और उसे परेशान करने लगा. उसने पीड़िता को बदनाम करने की धमकी भी दी. इसके बाद महिला ने जावेद के ख़िलाफ़ केस दर्ज करवाया. महिला की शिकायत के आधार पर जावेद के ख़िलाफ़ IPC की धारा 376 (बलात्कार) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत केस दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार किया गया है.

