The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Oddnaari
  • An autorickshaw driver allegedly kidnapped college student and attempted to rape her in Haryana Hisar

महिला DSP ने साबित कर दिया कि पुलिस चौकन्नी हो तो लड़कियों को कोई छू नहीं सकता

DSP भारती डबास ने लड़की का रेप होने से बचा लिया.

Advertisement
pic
14 जनवरी 2021 (अपडेटेड: 14 जनवरी 2021, 02:42 PM IST)
Img The Lallantop
घटना की जानकारी देती DSP भारती डबास (बाएं) पुलिस की गिरफ्त में आरोपी. (दाएं)
Quick AI Highlights
Click here to view more
हरियाणा का हिसार. यहां पुलिस की मुस्तैदी की वजह से एक छात्रा की जान बच गई. आरोप है कि ऑटो ड्राइवर और उसके चचेरे भाई ने छात्रा को किडनैप करने के बाद उसके रेप और हत्या की साजिश रची थी. आज तक से जुड़े प्रवीण कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से चाकू भी बरामद हुआ है. क्या है मामला? हिसार के मिलगेट कैंची चौक पर एक छात्रा ऑटो में बैठी. इस ऑटो में दो लोग थे. आटो ड्राइवर और उसका चचेरा भाई. ऑटो ड्राइवर की पहचान शिवनगर के रहने वाले विनोद और दूसरे आरोपी की पहचान नवीन के रूप में हुई है. ऑटो में बैठने के बाद दूसरे आरोपी ने मुंह दबाकर छात्रा के साथ रेप की कोशिश की. ड्राइवर ऑटो को कॉलेज ले जाने की बजाय चौक ले गया. वहां से वे ऑटो को सिरसा रोड की तरफ ले जाने लगे. इसी दौरान सरकारी गाड़ी से जा रहीं DSP भारती डबास की नजर ऑटो पर पड़ी. उन्हें पूरी तरह ढके हुए ऑटो पर शक हुआ. उन्होंने ऑटो को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका. इसके बाद पुलिस ने पीछा कर ऑटो रुकवाया. DSP भारती डबास ने घटना के बारे में बताया,
जब हम गश्त कर रहे थे तो हमें एक ऑटो काफी संदिग्ध हालत में चलता दिखाई दिया. ऑटो बिल्कुल कवर्ड था, ब्लैक परदे से. हमने उसको रुकवाने की कोशिश की. सायरन ऑन किया. लेकिन ऑटो चालक ने ऑटो को काफी तेज दौड़ा लिया. इसके बाद हमारा शक और भी पुख्ता हो गया. हमने कोशिश करके जैसे-तैसे ऑटो को साइड में लगवाया. हमने पाया कि उसमें एक लड़की जो बेसुध हालात में थी, हमें देखते ही बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगी. दो लड़के थे, उनमें से एक ऑटो चालक था और एक ऑटो चालक का भाई था. हमने गाड़ी को काबू किया, उन दोनों को काबू किया. साथ में लड़की से पूछताछ की.
DSP भारती डबास ने आगे बताया,
वे दोनों लड़की का अपहरण कर रहे थे. उनकी ये मंशा थी कि आज ज्यादा धुंध होने की वजह से किसी ना किसी लड़की या महिला को ऑटो में बैठाकर गलत काम को अंजाम देंगे. इसके बाद उसको मार देंगे. दोनों प्लानिंग के साथ चले थे. छात्रा की काउंसलिंग कराई है. उसके माता-पिता को बुलाया. उन्हें आश्वासन दिया कि उनके साथ जो भी बुरा हुआ है, हम आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलवाएंगे.
पुलिस ने बताया कि ऑटो से चाकू भी बरामद किया गया है. महिला पुलिस थाना में आरोपियों के खिलाफ अपहरण, रेप की कोशिश और हत्या की साजिश रचने के मामले में केस दर्ज किया गया है. इसके अलावा SC/ST एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है. वहीं इस घटना के बाद पुलिस ने ऑटो से काले परदे हटाने का अभियान चला रखा है. DSP भारती डबास ने लोगों से अपील कि है कि अगर उन्हें सड़क पर कोई काला पर्दे लगा ऑटो दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 100/01662-237150 पर सूचित करें, ताकि ऑटो चालक के खिलाफ कारवाई की जा सके.

Advertisement

Advertisement

()