केस ख़त्म होने के बाद ऐम्बर हर्ड ने पहली बार फ़ैसले और जॉनी डेप के बारे में क्या कहा?
ऐम्बर हर्ड ने हाइलाइट किया कि उन्हें ट्रायल के दौरान टिकटॉक, ट्विटर, फेसबुक और अन्य प्लेटफार्म्स पर डेप के पक्ष में कई पोस्ट दिखाई देते थे.

Amber Heard-Johnny Depp Defamation Trial मामले में फ़ैसला आए 2 हफ़्ते हो चुके हैं. जूरी के फ़ैसले पर ऐम्बर और जॉनी, दोनों ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर बयान जारी किए थे. जॉनी ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि कोर्ट ने उन्हें उनकी ज़िंदगी वापस की है. वहीं, ऐम्बर ने कहा था कि ये फ़ैसला सारी महिलाओं की हार है.
फ़ैसला आया 1 जून को. तब से इस स्टेटमेंट के अलावा ऐम्बर और जॉनी, दोनों ने पब्लिकली कुछ कहा नहीं है. दोनों ख़बरों में बने रहे. अलग-अलग कारणों से. अब जाकर ऐम्बर ने फ़ैसले को लेकर कुछ कहा है.
Amber Heard ने जूरी के फ़ैसले के बारे में क्या कहा?1 जून को वर्जीनिया अदालत की जूरी ने Amber Heard और Johnny Depp, दोनों को दोषी पाया. कोर्ट ने ऐम्बर पर क़रीब 116 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया. वहीं मानहानि के ही एक और मामले में कोर्ट ने ऐम्बर हर्ड को विक्टिम भी माना. केस में जॉनी डेप के एक वकील को दोषी पाया गया और फ़ैसला किया कि ऐम्बर को क़रीब 15 करोड़ रुपये का मुआवज़ा दिया जाएगा.
ये तो हुई कोर्ट की बात. इसके बाद आता है सोशल मीडिया का 'कोर्ट', जहां ट्रायल से पहले ही फ़ैसला सुना दिया जा चुका था. अभी के सोशल मीडिया परसेप्शन को देखें, तो लोग अपने 'हीरो' की जीत को लेकर बहुत उत्साहित हैं.
13 जून की रात ऐम्बर हर्ड ने अमेरिकी चैनल NBC को इंटरव्यू दिया, जिसमें कोर्ट के फ़ैसले और सोशल मीडिया ट्रायल के बारे में खुलकर बात की. ऐम्बर ने साफ़ तौर पर केस के सोशल मीडिया कवरेज को 'अन्यायी और अनुचित' कहा. उन्होंने हाइलाइट भी किया कि ट्रायल के दौरान टिकटॉक, ट्विटर, फेसबुक और अन्य प्लेटफार्म्स पर कई पोस्ट डेप के पक्ष में दिखाई दिए. कहा,
"मुझे परवाह नहीं कि कोई मेरे बारे में क्या सोचता है. मुझे परवाह नहीं कि आप मेरे घर की प्राइवेसी या मेरी शादी के बारे में क्या सोचना चाहते हैं. मुझे नहीं लगता कि औसत व्यक्ति को उन चीज़ों के बारे में जानना चाहिए. और, इसलिए मैं इसे दिल पर नहीं लेती.
अगर कोई है जिसे वाकई में लगता है कि मैं इस नफ़रत और अपमान के योग्य हूं, भले ही आपको लगता है कि मैं झूठ बोल रही हूं, तब भी आप ये नहीं कह सकते कि सोशल मीडिया पर एक निष्पक्ष प्रतिनिधित्व हुआ है. आप मेरी मुझे आंखों में देखकर मुझे यह नहीं कह पाएंगे कि मेरे साथ सही हुआ है."
हालांकि, इसके अलावा ऐम्बर ने जॉनी के प्रति लोगों के प्यार को जस्टिफ़ाई भी किया. हर्ड ने शो की होस्ट सवाना गुथरी से कहा,
"मैं समझती हूं. वह (जॉनी) एक पसंदीदा किरदार हैं. वो एक शानदार अभिनेता हैं."
सोशल मीडिया ट्रायल वाले केस में एक और बात ग़ौरतलब है. ऐसा नहीं है कि जॉनी इस सोशल मीडिया ट्रायल से अछूते रहे. जब घरेलू हिंसा और हरासमेंट का ये मामला उछला था, तब जॉनी को भी अच्छी-ख़ासी घृणा का सामना करना पड़ा था. लेकिन सोशल मीडिया पर ऐम्बर की कुछ कॉल रिकॉर्डिंग्स लीक हुईं, जिसके बाद गेंद जॉनी के पक्ष में आ गई.
इंटरव्यू में और क्या बातें हुईं?'टुडे' शो की होस्ट सवाना ने हर्ड को अपनी विश्वसनीयता साबित करने के लिए कहा. जूरी के फ़ैसले को नकारने के लिए सवाल किए. पूछा,
"जूरी ने आपके द्वारा प्रस्तुत किए गए सबूतों को देखा. उन्होंने आपकी गवाही सुनी और उन्होंने आप पर विश्वास नहीं किया. उन्हें लगा कि आप झूठ बोल रहे हो. आप कैसे कह सकती हैं कि आपकी प्रतिनिधित्व सही से नहीं हुआ?"
इसके जवाब में हर्ड ने गवाहों को बिका हुआ और रैंडम बता दिया. कहा,
"वे उस नतीजे पर कैसे नहीं पहुंचे? वे उन सीटों पर बैठे थे और तीन हफ़्तों तक बिके हुए गवाहों से बिना रुके गवाही सुनते रहे."
डेप ने केस सलटने के बाद अभी तक कोई इंटरव्यू नहीं दिया है. इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक ख़बर के मुताबिक़, NCB 14 और 15 जून को इंटरव्यू की और क्लिप्स प्रसारित करेगा.

