पत्नी से पिटकर वायरल हुए शख्स ने बताया कि इतने साल मार क्यों खाता रहा?
अलवर के रहने वाले एक शख्स ने अपनी पत्नी के खिलाफ घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है. आरोप है कि पत्नी उसे क्रिकेट बैट, लोहे के तवे और डंडे से पीटती थी.

अलवर के रहने वाले एक शख्स ने अपनी पत्नी के खिलाफ घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है. आरोप है कि पत्नी उसे क्रिकेट बैट, लोहे के तवे और डंडे से पीटती थी. शख्स ने मारपीट का एक वीडियो भी सबूत के तौर पर पेश किया है. ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. पीड़ित शख्स का नाम अजीत सिंह है, वो अलवर के भिवाड़ी में एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल हैं.
कोर्ट की तरफ़ से पीड़ित प्रिंसिपल को सुरक्षा देने के आदेश हो चुके हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Domestic Violence का मामला क्या है?अजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब 9 साल पहले सोनीपत की रहने वाली सुमन से प्रेम विवाह किया था, लेकिन कुछ समय बाद सुमन का व्यवहार बदल गया. एक साल से ये स्थिति है कि आए दिन सुमन अजीत सिंह को टॉर्चर करती थी. पीटती थी. जो भी सामान हाथ लग जाए उससे पीटती थी. पीड़ित प्रिंसिपल ने मीडिया को बताया,
"मैं सरकारी स्कूल में हूं. हमारी लव मैरिज है. 9 साल पहले बिना दान-दहेज से शादी की थी. शुरुआत में सब कुछ सही चल रहा था. इसके बाद पता नहीं क्या हुआ, बात-बात पर पत्नी लड़ाई करने लगी. बिना किसी कारण से लड़ने लगती, झगड़ा करती. हाथ में जो आता उससे मारती. बैट हो या पाइप जो हाथ लगा, उससे पिटाई करती. पता नहीं शायद, उसका स्वभाव ऐसा ही है.
वो चाहती है कि फ़्लैट उसके नाम हो जाए. एक कारण यह भी हो सकता है, लेकिन कई बार तो कारण भी पता नहीं होता था कि वह क्यों मार रही है. मैं अपने बेटे की वजह से चुप था. घर नहीं टूटे, इसलिए सहन करता रहा. पिछले कुछ साल से उसका अत्याचार बढ़ने लगा. घर के सारे सामान तोड़ दिए. यहां तक कि मेरे कपड़े कैंची से काट दिए और जला दिए. पता नहीं वो ऐसा क्यों करती थी?"
पीड़ित प्रिंसिपल का कहना है कि केवल अपने बच्चे और अपने घर को बचाने की वजह से उसने कभी पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई. CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि पत्नी अपने 8 साल के बेटे के सामने ही पति को बेरहमी से पीट रही है.
घर में लगे कैमरे सुमन के हिसाब से खराब पड़े थे, लेकिन एक दिन अजीत ने देखा तो पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्डेड मिली.
अजीत सिंह ने ये भी आरोप लगाए हैं कि उनकी पत्नी सुमन का ये टॉर्चर सिस्टमैटिक है और अमेरिका में बैठा हुआ उसका भाई ऑपरेट करता है. जैसा भी वो कहता है, सुमन उसी तरह का बर्ताव करती है. अजीत सिंह ने बताया कि उन्हें लगता है कि उनकी प्रॉपर्टी पर सुमन और उनके भाई की नज़र है.
इस संबंध में ASP भिवाड़ी विपिन शर्मा ने बताया कि कोर्ट से उन्हें केस की जांच के आदेश मिले हैं. आरोपी महिला को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है, लेकिन वो अभी तक पेश नही हुई हैं. जैसे ही बयान के लिए महिला पहुंचेंगी या उनके बयान लिए जाएंगे, उसके बाद रिपोर्ट पेश की जाएगी. जांच जारी है.
म्याऊं: टूटे दिल का पक्का इलाज, 'मॉडर्न लव' ने ये कला लड़कियों को सिखा दी है

