The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Lallankhas
  • story of miley cyrus, bubba sue, george clooney, anita krajnc, and indian perception of pigs

सुअर के बच्चों, तुम्हारी लक्जरी के आगे सब बेकार है

कहोगे ये कौन सी नई बात है. क्यूट तो होते ही हैं. लेकिन यहां आदमी उनसे इतना घिन्नाता क्यों है? क्या दुनिया में लोग सुअर से इसी तरह चिढ़ते हैं?

Advertisement
Img The Lallantop
फोटो - thelallantop
pic
आशुतोष चचा
27 अप्रैल 2016 (अपडेटेड: 27 अप्रैल 2016, 11:24 AM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share
अमेरिका में एक मशहूर सिंगर, लिरिसिस्ट और एक्ट्रेस हैं माइली साइरस. 23 साल उम्र है. लेकिन फैन फॉलोविंग काफी तगड़ी है. करीब 30 मिलियन फॉलोवर तो ट्विटर पर हैं. यंगस्टर्स दीवाने हैं उनके. एलबम आते ही धांय से बिक जाता है. एक झलक पाने के लिए सड़क पर भीड़ बिछ जाती है. पहले उनका एक गाना देख लो फिर आगे बढ़ें. https://www.youtube.com/watch?v=LrUvu1mlWco तो इत्ती फैन फॉलोविंग, इतने बड़े स्टारडम वाली माइली खुद किसके पीछे पागल हैं. बब्बा सू के. बब्बा सू बहुत ही प्यारा, क्यूट और फैशनकॉन्शस बंदा है. माइली इसकी दीवानी हैं. अगर इसे जुकाम हो जाए तो इनकी शूटिंग लटक जाती है. अगर इसके नाखूनों की नेल पॉलिश खराब हो जाए तो पहले उसे पेंट करती हैं. उसके बाद कोई और काम. उसके बाल धोने के लिए सबसे महंगा और खुशबूदार शैंपू मंगाती हैं. खुद नहलाती अपने हाथ से खाना खिलाती हैं. आओ मिलो बब्बा से. जो माइली की रूह में बसे हैं
miley-bubba-sue
सुअर की फोटो देख कर चौंक गए न. और उसके लिए किसी का ऐसा दीवानों जैसा प्यार देख कर भी. इतना देख लिए हो तो एक औऱ बात बता देते हैं. पिछले साल जून में माइली ने अपने प्यारे पिगी के साथ 'पेपर' मैगजीन के लिए फोटोशूट किया था. वह फोटो भी देख लो लगे हाथ.
miley_paper_cover
लेकिन लाजवाब है गुरू. ये प्यार दुलार और सुअर को लेकर हमारा नजरिया. सब लाजवाब है. अजीब लगता है कि जिस सुअर को हम देखते ही नाक बंद करके भागते हैं. "कौन साला छोड़ दिहिस, जहां देखो घूमते रहते हैं." कहीं कहीं तो उसका नाम लेना भी गुनाह माना जाता है. लेकिन एक बात मानोगे? दुनिया में सबसे प्यारा जानवर है सुअर.

सुअर से हमारी जान पहचान कैसे है

हमारी सुअर से मुलाकात बहुत छोटे में हो गई थी. मुझे याद है. हमारे खलिहान में धान पिटाई हो रही थी. तभी आगे आगे कोई छोटी सी चीज दौड़ती हुई गुजरी. जिसके पीछे तीन आदमी लट्ठ लेकर दौड़ाए थे. आगे जाकर वो जीव बाहर दिखा. सुअर का छोटा सा बच्चा था. कोई हफ्ते भर का. बाड़े से भाग निकला था. और वो हफ्ते भर का सुअर का बच्चा तीन लोगों को नचाए था. सुअर देखने का एक और किस्सा याद आता है. बड़ा दर्दनाक हाल देखा उनका. मामा के गांव गया था. वहां देखा कि एक एडल्ट सुअर को हाथ पांव मुंह लोहे के तार से बांध कर जिंदा आग में झोंक दिया. वह जल कर मर गया. फिर उसका गोश्त काट कर बेचने के लिए सजा दिया गया. हमने जानकारों से सुअरों को मारने के तरीकों पर ज्ञान बटोरा. लेकिन वो लिखेंगे नहीं. जो हम खुद मुश्किल से बर्दाश्त कर पाए थे, उसे बता कर आपको मुश्किल में नहीं डालना चाहते.
Embed
उसके बाद गांव में अपने घर में बइठे थे एक दिन. करीब एक किलोमीटर दूर से बड़ी अजीब चीख आती सुनाई दी. तकरीबन एक घंटे तक वो आवाज आती रही. हम पापा से पूछे कि माजरा क्या है. उन्होंने बताया कि सुअर के बाल निकाले जा रहे हैं. हम कहे तो आराम से भी तो कर सकते हैं. वो बोले कि फिर एक किलोमीटर तक लोगों की नींद कैसे हराम करेंगे साले. इन बालों से ब्रश बनते हैं. हमको लगा कि सब ब्रश इन्हीं बालों से बनते हैं. मंजन करने में कई दिन प्रॉब्लम हुई. एक दिन रास्ते में बाइक लेकर भिड़ गए सुअर से. सुअर के मालिक, जो उनको मेकप करने और दिन भर कीचड़ में लोटने के लिए छोड़ देते हैं. वो अचानक नारद मुनि की तरह प्रगट हो गया. मुआवजा मांगने लगा साला. हमने कहा तुम्हारा सुअर तो बिल्कुल ठीक है. कहिस कि अंदरूनी चोट लगी हो तो? हम कहे वो तो बच गया है. लेकिन अंदरूनी चोट तुमको लगी है. सिर में. दिमाग खिसक गया है साले तुम्हारा. लोग आए. बीच बचाव किया तब जाकर जान छोड़िस. तो एक आम भारतीय सुअर को देखते ही खुद भिनक जाने वाला जीव है. दूर से गुजर जाए तब भी दुत्कारते हैं. लेकिन सुअर के बच्चे बड़े क्यूट होते हैं. इससे कोई इंकार नहीं कर सकता. और वैसा ही प्यारा सुअर है माइली साइरस का. जिस पर वो जान छिड़कती हैं. हमने सुअर को हमेशा कमतर आंका है. केवल एक भगवान विष्णु के वाराह अवतार की बात छोड़ दो. तो कोई और जगह नहीं मिलती जहां सुअर की पूजा छोड़ो, हल्की सी तारीफ भी की जाती हो. हां, बेइज्जती में कोई कसर नहीं उठा रखी लोगों ने. शोले फिलिम याद करो. गब्बर सिंह कितनी बुरी तरह से सुअर नाम का उच्चारण करता है. जैसे कि वो सर्वहारा का प्रतीक है. 'सुअर के बच्चों' तो ऐसे कहता है जैसे सुअर के बच्चे फोकट के आते हैं. सुअर की मां से ज्यादा मातृत्व हमने कहीं नहीं देखा भाई साहब. हमने गांव में एक दादा जी को लट्ठ लेकर सुअर चराते देखा था. उनमें एक ममता भरी मां भी थी. उसके शायद 12-15 बच्चे थे. जब उसका मालिक आकर लाठी उठाता तो वह उठ कर भाग लेती. जैसे ही वह कुछ दूर होता सुअर की मम्मी जमीन पर लोट जातीं. सारे बच्चे निचोड़ने में जुट जाते. जितनी स्पीड से यह सब कौतुक हो रहा था ऐसा लगता था कि ये सब किसी मिशन पर हैं. सुअर को मामूली समझने की भूल कौन करता है. जो समझदारी की झूठी चादर ओढ़ लेता है. एक बात बताओ. आदमी जिंदगी भर किसके पीछे भागता है? दार्शनिक मत बनो. आदमी पैसे के पीछे भागता है. और बचपन में ही जोड़ना शुरू कर देता है. तब पैसा जोड़ने के लिए उसका साथी होता है सुअर. जी हां पिगी बैंक. जहां से वह अपनी जिंदगी की पहली चिल्लर सेविंग स्कीम शुरू करता है. वही बच्चा सयाना होकर सुअर से नफरत करने लगता है. वो न भी करे. लेकिन माहौल ही ऐसा मिल जाता है. पापा मारते हुए कहते हैं "फिर करोगे ये सुअरपना?"

सुअर से बहुत प्यार करते हैं ये लोग

माइली साइरस की कहानी तो पूरी जान ही लिए. अब आगे बढ़ो. एक और आदमी से मिलाते हैं, हॉलीवुड के एक कर्रे हीरो हैं. जॉर्ज क्लूनी. पिछले साल दुनिया का सबसे सेक्सी मर्द होने का खिताब मिला था पट्ठे को. जिनको अब भी न याद आ रहा हो वो पहले वाली बैटमैन याद करें. बैटमैन सीरीज की दूसरी फिल्म में जॉर्ज क्लूनी बैटमैन बने थे. सेक्सी घोषित हो चुकी हैं तो लड़कियां दीवानी हैं इनकी.
George-Clooney-and-his-pig
इनका रिलेशनशिप स्टेटस वाला कॉलम काफी रिच रहा है. उसमें तमाम लड़कियां आई गईं. एक गर्लफ्रेंड ने इनको टिप्सी सुअर की वजह से छोड़ दिया था. उस सुअर का नाम है मैक्स. ये बंदा गर्लफ्रेंड से ज्यादा अपने सुअर से प्यार करता था. उसको अपने बिस्तर पर सुलाता था. ये देखो उनके प्यार का नमूना.
cloony
टोरंटो, कनाडा की अनीता क्रैजंक से मिलो. 48 साल की हैं. टोरंटो पिग सेव ग्रुप की कोफाउंडर हैं. जून 2015 में इनसे एक भारी गुनाह हो गया था. रास्ते में सुअर ढोने वाली लॉरी जा रही थी. उसमें बंद सुअर कई दिन से भूखे प्यासे थे. अनीता ने उनको पानी पिला दिया. लॉरी का मालिक भड़क गया. देख लेने की धमकी दी. और कर दिया कोर्ट में केस. वहां से पेशी का ऑर्डर आ गया. कोर्ट ने उनको 10 साल की जेल और 5 हजार डॉलर जुर्माने की सजा सुनाई. हालांकि आगे सुनवाई का ऑप्शन खुला रखा. अनीता की सुअरों को बचाने की जंग अभी जारी है.
Anita-Krajnc1
चीन के इन बुजुर्ग दादा जी से मिलो. नाम है जियांग चेंगयू. 68 साल की उम्र. 30 साल से सुअर की फार्मिंग कर रहे हैं. लेकिन वो कोई खास बात नहीं है. खास है सवारी. वो अपने इस जवान जहीन सुअर पर बैठ कर चाइना की गलियों में गुजरते हैं. https://www.youtube.com/watch?v=CrJlwBkFAHw ऐसे कित्ते ही इंसान मिलेंगे सुअरों से प्यार करने वाले. और नफरत करने वाले भी बहुत हैं. घिन्नाने वाले तो बहुतै ज्यादा. लेकिन ईमानदारी से बताएं. सुअर के बच्चे बड़े प्यारे होते हैं.

Advertisement

Advertisement

()