The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Lallankhas
  • Jabariya Jodi: Upcoming film starring Sidharth Malhotra and Parineeti Chopra in lead rokes directed by Prashant Singh

सिर पर बंदूक लगाकर होने वाली पकड़उआ शादी पर बन रही है ये फिल्म

इस गंभीर विषय पर बन रही फिल्म को एकता कपूर अपने करियर की सबसे फनी फिल्म बता रही हैं.

Advertisement
pic
7 दिसंबर 2018 (अपडेटेड: 7 दिसंबर 2018, 03:37 PM IST)
Img The Lallantop
सिद्धार्थ मलहोत्रा-परिणीति चोपड़ा स्टारर की इस फिल्म से डेब्यू करेंगे डायरेक्टर प्रशांत सिंह.
Quick AI Highlights
Click here to view more
एकता कपूर की प्रोडक्शन कंपनी बालाजी मोशन पिक्चर्स एक फिल्म बना रही है. 'शॉटगन शादी' के नाम से प्लान की गई इस का नाम  बदलकर 'जबरिया जोड़ी' कर दिया गया है. ये एक ऐसी कॉमेडी फिल्म है, जो गंभीर विषय पर बनी है. ये फिल्म इतनी फनी होने वाली है कि एकता कपूर इसे अपने प्रोडक्शन में बनी अब तक की 'फनिएस्ट' फिल्म बता रही हैं. जब, अधिकतर लोगों को इस फिल्म का टाइटल समझ नहीं आया, तो फिल्म के स्टार्स ने एक वॉयस ओवर वीडियो में बताया कि जैसे सरप्राइज़ पार्टी होती है, ठीक वैसे ही ये सरप्राइज़ शादी है. पॉपुलर स्टारकास्ट के साथ ये फिल्म शूटिंग फ्लोर पर जा चुकी हैं. ऐसे में जानते हैं कि ये फिल्म किस बारे में है? इस विषय की ग्राउंड रियलिटी क्या है? इसमें कौन लोग काम कर रहे हैं? कब आ रही है? वगैरह-वगैरह.
बिहार-यूपी में पॉपुलर इस प्रथा पर बेस्ड है फिल्म
'जबरिया जोड़ी' बिहार में चलते रहे 'पकड़उआ विवाह' की प्रथा पर बेस्ड फिल्म है. अब ये पकड़उआ विवाह क्या है? हाल में बिहार के वैशाली से एक खबर आई थी, जहां एक इंजीनियर का अपहरण कर 10वीं पास लड़की से उसकी जबरदस्ती शादी करा दी गई थी. फिर लड़के के परिवार वालों ने लड़की के घर वालों पर पुलिस केस किया, तो मामला पलट गया. लड़की वालों ने कहा कि लड़के वाले उनसे दहेज मांग रहे थे. वो नहीं दे पाए, तो इन्होंने केस कर दिया. मामले की जांच हुई और पता चला कि ये दहेज का नहीं पकड़उआ विवाह का मामला है. अगर भरोसा नहीं, तो नीचे लगे लिंक पर क्लिक कर खबर भी पढ़ सकते हैं:
बिहार में फिर 'पकड़उवा विवाह', इंजीनियर को अगवा कर कराई शादी
आमतौर पर दबंग लोग इस तरह की शादियां करते रहे हैं. ऐसे लोग लड़कों को जबरन पकड़कर मंडप तक ले आते हैं और फेरे डलवा देते हैं. जब लड़का इस तरह की शादी के खिलाफ कुछ बोलता या कहीं शिकायत करता तो दबंग उलटे ही उसके खिलाफ दहेज का केस कर देते हैं. इसके चलते कोई भी परिवार इस शादी को तोड़ने से बचता है.
एक रिपोर्ट के अनुसार बिहार में साल 2009 में 1224 लड़के पकड़उआ विवाह के लिए किडनैप हुए. इस काम में कई गैंग्स भी एक्टिव हैं. ये पैसे लेकर शादी के लिए लड़के उठाने का काम करते हैं. एकता कपूर की फिल्म इसी कॉन्सेप्ट पर बेस्ड है. ये स्टोरी भी बिहार-यूपी में ही कहीं सेट है. इसका मुख्य किरदार एक ऐसे ही किसी गैंग का हिस्सा है, जो लड़के उठाने का काम करता है. बाद में स्टोरी में कुछ ऐसा ट्विस्ट आता है कि लड़का खुद इसी प्रथा के जाल में फंस जाता है. फिल्म की कहानी के बारे में ये महज एक अंदाज़ा भर है. लेकिन कॉन्सेप्ट शत-प्रतिशत यही होने वाला है.
इसी मसले पर बनी फिल्म जीत चुकी है नेशनल अवॉर्ड
सुशील राजपाल 'पकड़उआ विवाह' के मुद्दे पर 'अंतर्द्वंद' नाम की फिल्म बना चुके हैं. साल 2009 में इसे सोशल इशूज़ पर बनी बेस्ट फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मिला था. 'ब्लैक फ्राइडे' और 'गुलाल' जैसी फिल्मों में काम कर चुके राज सिंह चौधरी और स्वाति सेन ने फिल्म में मुख्य किरदार निभाए थे. साल 2010 में रिलीज़ हुई इस फिल्म की तारीफ करने वालों की लिस्ट में अनुराग कश्यप, इम्तियाज़ अली और राजकुमार हीरानी जैसे डायरेक्टर्स का नाम है. हीरानी के मुताबिक ये फिल्म देखने में बहुत रियल लगती है. और उससे भी ज़्यादा इस परंपरा को बेहद शानदार तरीके से उठाती है.
फिल्म 'अंतर्द्वंद' के पोस्ट में कुर्सी से बंधे हुए दुल्हे के रोल में राज सिंह चौधरी.
फिल्म 'अंतर्द्वंद' के पोस्ट में कुर्सी से बंधे हुए दुल्हे के रोल में राज सिंह चौधरी.

'जबरिया जोड़ी' में काम कौन-कौन कर रहा है?
इस फिल्म में लीड रोल्स कर रहे हैं सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा. सिद्धार्थ और परिणीति की जोड़ी इससे पहले 2014 में आई फिल्म 'हंसी तो फंसी' में साथ काम कर चुकी है. फिल्म में अपारशक्ति खुराना, जावेद जाफरी और नीना गुप्ता भी होंगे. अपारशक्ति हाल में आई फिल्म 'स्त्री' में दिखे थे. नीना की फिल्म 'बधाई हो' साल की सबसे सफल फिल्मों की लिस्ट में शुमार हो चुकी है. सिद्धार्थ और परिणीति इस फिल्म में एक बिहारी या उसके आसपास के इलाकों के यंग कपल के रोल में दिखेंगे.
फिल्म के फर्स्ट लुक में फिल्म के मुख्य कलाकर सिद्धार्थ मलहोत्रा और परिणीति चोपड़ा.
फिल्म के फर्स्ट लुक में फिल्म के मुख्य कलाकर सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा.

कौन बना रहा है?
एकता कपूर का नाम आपने खबर की पहली लाइन में पढ़ लिया है. इसे डायरेक्ट कर रहे हैं प्रशांत सिंह. प्रशांत काफी समय से परदे और कैमरे के पीछे काम कर रहे हैं. उन्होंने 'प्यार तूने क्या किया' और 'ये है आशिकी' जैसी टीवी सीरीज़ डायरेक्ट की हैं. अगर फिल्मों में उनके एक्सपीरियंस की बात करें, तो वो 'बस एक पल' (2006), 'तनु वेड्स मनु' (2011), 'रांझणा' (2013) और 'इश्क' (2013) जैसी फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर रह चुके हैं. 'जबरिया जोड़ी' बतौर डायरेक्टर उनकी पहली फिल्म होगी.
फिल्म 'स्त्री' के एक सीन में अपारशक्ति (बीच मे) और 'बधाई हो' के एक दृश्य में नीना गुप्ता.
फिल्म 'स्त्री' के एक सीन में अपारशक्ति (बीच मे) और 'बधाई हो' के एक दृश्य में नीना गुप्ता.

कब आ रही है?
फिल्म की शूटिंग 10 अगस्त से शुरू हो चुकी है. इसे यूपी के लखनऊ, बाराबंकी और रायबरेली जैसे शहरों में शूट किया गया है. 6 दिसंबर को 'जबरिया जोड़ी' की लीड कास्ट ने फिल्म के मोशन पोस्टर के साथ इसकी रिलीज़ डेट अनाउंस की. ये फिल्म 17 मई, 2019 को थिएटर्स में लगेगी.


वीडियो देखें: सिंबा में रणवीर सिंह एक करप्ट पुलिसवाले बने हैं

Advertisement

Advertisement

()