मैच के पहले ओवर में हैट्रिक, फिर भी हार गया था भारत!
वो मैच जिसमें जश्न भी मना और हार भी हुई
Advertisement

इरफान पठान. फोटो: Twitter
Quick AI Highlights
Click here to view more
भारत के स्विंग किंग इरफान पठान. साल 2003 में ऑस्ट्रेलिया में डेब्यू किया. 2004 में पाकिस्तान में कमाल की गेंदबाजी की और फिर टीम इंडिया के मेन पेस बॉलर बन गए. लेकिन टीम इंडिया के लिए डेब्यू के तीन साल बाद उन्होंने ऐसा कमाल किया कि पाकिस्तान से लेकर दुनियाभर में उनकी तारीफ होने लगी.
तारीख थी 29 जनवरी. साल था 2006. पाकिस्तान के कराची में भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान अपनी स्विंग का जादू बिखेर रहे थे. उन्होंने मैदान पर उतरते ही बिना कोई टाइम लिए ऐसा कारनामा कर दिया, जो भारतीय इतिहास में सिर्फ दूसरी बार हुआ था. जी हां, इरफान पठान ने आज ही की तारीख को पाकिस्तान के तीन बल्लेबाजों को लगातार तीन गेंदों पर आउट कर हैट्रिक लेने का कारनामा किया था.
भारत के क्रिकेट फैन्स के लिए ये लम्हा और भी खास था, क्योंकि ये हैट्रिक पाकिस्तान के खिलाफ आई थी. सीरीज का यह तीसरा मुकाबला कराची में हुआ था. इससे पहले हुए 2 टेस्ट मैच में पठान की खूब पिटाई हुई थी. लाहौर में खेले गए पहले मैच में पठान ने 133 रन लूटा कर सिर्फ एक विकेट लिया था. ऐसा ही कुछ हाल फैसलाबाद में खेले गए दूसरे टेस्ट में हुआ. वहां भी उन्होंने 80 रन गवांए और बस एक शिकार कर पाए. बल्लेबाजों के कमाल से ये दोनों मैच ड्रॉ हो गए थे.
आखिरी मैच कराची में था. यहां पर तेज गेंदबाजों के लिए मदद थी. भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी. अब इरफान पठान को गेंद सौंपी गई. इरफान ने आते ही ऐसा भूचाल मचाया कि पाकिस्तानी टीम कुछ भी समझ नहीं पाई.
पहले ओवर में ही पाकिस्तान का स्कोर 0-3:
पाकिस्तान के ओपनर सलमान बट ने पहली तीन गेंदें डॉट खेलीं. फिर चौथी गेंद पठान ने मिडिल लेग पर फेंकी जो की बाहर की तरफ स्विंग हो रही थी. सलमान ने उसे छेड़ने की कोशिश की और बैट का बाहरी किनारा लग कर बॉल पहले स्लिप में खड़े कप्तान राहुल द्रविड के हांथ में चली गई. पाकिस्तान का स्कोर हुआ 0-1.
अब क्रीज पर आए यूनिस खान. इरफान ने 5वीं गेंद आगे ऑफ स्टंप पर पिच करवाई, जो की स्विंग होकर यूनिस के पैड पर लगी. अंपायर सायमन टॉफेल की उंगली उठने से पहले ही पठान ने जश्न मनाना शुरू कर दिया. यूनिस खान प्लम्ब LBW हो गए. पाकिस्तान का स्कोर. 0-2.
'पठान ऑन अ हैट्रिक'फिर नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने आए शानदार फॉर्म में चल रहे मोहम्मद युसुफ. पठान की ये गेंद तो मानो अलग ही लेवल की थी. ये बॉल हवा में तो स्विंग हुई ही, पिच पर गिरने के बाद भी तेजी से कांटा बदला और युसुफ को चारों खाने चित्त कर स्टंप से जा टकराई. युसुफ की जगह कोई और भी होता तो उसके लिए इस गेंद से बचना मुश्किल था. इस कमाल के साथ ही पठान टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए. पूरी टीम जश्न मना रही थी और पाकिस्तान का स्कोर हो गया था, 0-3. इसके बाद भी भारत ये मैच जीत ना सका पठान की हैट्रिक के बावजूद हम इस मुकाबले को नहीं जीत सके. पठान और पूरे भारत को इस बात का मलाल जरूर रहेगा कि इस ऐतिहासिक लम्हे के बावजूद भारत इस मैच को हार गया. पाकिस्तान की बिखरती हुई पारी को कमरान अकमल और रज्जाक ने संभाला. कमरान ने 113 रन की बेहतरीन पारी खेली. बाद में तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी 45 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम का स्कोर 245 तक पहुंचा दिया. जवाब में भारतीय टीम 238 रन ही बना सकी. बॉलिंग से कमाल करने वाले इरफान ने बैटिंग से भी छाप छोड़ी और 40 रन बनाए. दूसरी पारी में पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया. फैसल इकबाल के शतक और युसुफ की 97 रन की पारी ने 599 रन का एक पहाड़ खड़ा कर दिया. दूसरी पारी में युवराज ने हिम्मत तो दिखाई और 122 रन बनाए, लेकिन पूरी टीम 265 पर ऑल आउट हो गई. इस हार के साथ पाकिस्तान 1- 0 से सीरीज जीतने में कामयाब हुआ. इस कॉपी के लिए रिसर्च किया है हमारे साथी इंटर्न रितेश राज ने.

