The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Lallankhas
  • full story of Vikas Dubey who killed 8 police officials in Kanpur Uttar Pradesh

कहानी कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे की, जिसने कहा था मुख्यमंत्री मुझसे नाराज नहीं हो सकतीं

आठ पुलिसवालों की हत्या के आरोपी को पुलिस ढूंढ रही है.

Advertisement
Img The Lallantop
विकास दुबे पर पहले 2.5 50 हजार का इनाम था. जो अब बढ़कर ढाई लाख रुपये कर दिया गया है.
pic
गौरव
5 जुलाई 2020 (अपडेटेड: 6 जुलाई 2020, 01:27 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share
1990 के दशक का शुरुआती समय. देश की राजनीति में ये मंडल-कमंडल का दौर था. लेकिन यूपी के कानपुर देहात में ये बंजर पड़ी जमीन को कब्जाने का दौर था. मुलायम सिंह यादव और कांशीराम उत्तर प्रदेश की राजनीति में पैर जमा चुके थे. और उनकी छाया में पिछड़े समाज के कई इलाकाई नेता तेजी से उभरे और विधायक-सांसद बने. इस दौरान इन नेताओं पर खाली पड़ी बंजर जमीन कब्जाने का आरोप भी लगा. इलाके में अच्छी खासी संख्या में होने के बावजूद ब्राह्मणों की जमीन खिसक रही थी. यही वजह रही कि बंजर जमीन के साथ-साथ राजनीतिक जमीन कब्जाने और इलाके में पिछड़ों की हनक कम करने के लिए ‘विकास’ का सहारा लेना पड़ा. मारपीट से शुरुआत
कानपुर देहात के चौबेपुर इलाके का बिकरू गांव. गांव के एक लड़के ने अपने साथियों के साथ मिलकर पड़ोस के गांव दिब्बा निवादा के कुछ लोगों के साथ मारपीट की. लड़का ब्राह्मण समुदाय से था तो दूसरे पक्ष के लोग पिछड़े वर्ग से. मारपीट की इस घटना ने लड़के को इलाके का जाना-पहचाना नाम बना दिया. बीते 3 दिनों से जो एक मात्र नाम यूपी पुलिस की हिट लिस्ट में घूम रहा है उसकी कहानी यहीं से शुरू होती है. ये कुख्यात अपराधी विकास दुबे की कहानी है. उस समय हिंदी दैनिक अमर उजाला में रिपोर्टर रहे और वर्तमान में CNN लखनऊ के ब्यूरो चीफ प्रांशु मिश्रा बताते हैं,
Image embed
विकास पर सबसे पहले नजर पड़ी पूर्व विधायक नेकचंद्र पांडे की. विकास मारपीट करता, छोटे-मोटे अपराध करता, रंगदारी वसूलने के लिए लोगों को धमकाता और पुलिस पकड़ कर थाने ले जाती, फिर छोड़ देती. धीरे-धीरे इसने 4-5 लोगों की अपनी गैंग बनाई. नाम रखा बुलेट गैंग. क्योंकि इसके सारे साथी बुलेट से ही चलते. दी लल्लनटॉप से बातचीत में एक ग्रामीण ने बताया,
Image embed
1990 में ही बिकरू गांव के झुन्नाबाबा का कत्ल हो गया. कहते हैं कि ये कत्ल विकास दुबे ने ही कराया था. झुन्नाबाबा की 18 बीघे की जमीन पर कब्जे के लिए. मामले में रिपोर्ट भी दर्ज हुई. लेकिन बाद में वापस ले ली गई. यहीं से विकास चौबेपुर विधानसभा से चुनाव लड़ने वाले हरिकिशन श्रीवास्तव का हाथ थाम लेता है. हरिकिशन के संरक्षण में उसने वसूली और जमीन पर कब्जे का काम और तेज कर दिया. प्रांशु मिश्र बताते हैं,
Image embed
संतोष शुक्ला हत्याकांड
1996 में हरिकिशन श्रीवास्तव बसपा से विधानसभा का चुनाव लड़े. सामने थे बीजेपी के संतोष शुक्ला. रिजल्ट आया तो हरिकिशन श्रीवास्तव 1200 वोटों से चुनाव जीत गए. चुनाव जीते तो विजय जुलूस निकला. और इसी विजय जुलूस के दौरान दोनों प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ लिए. कहते हैं कि हरिकिशन के विजय जुलूस की कमान संभाल रहे विकास दुबे ने लल्लन बाजपेयी के भाई को बहुत बुरी तरह पीटा था. लल्लन बाजपेयी इस चुनाव में संतोष शुक्ला के साथ थे. लल्लन और विकास कभी एक साथ ही थे लेकिन बाद में अलग हो गए थे.
संतोष शुक्ला के भाई मनोज शुक्ला से हमने बात की. उन्होंने इस रंजिश की कुछ परतें उधेड़ीं. वो कहते हैं कि संतोष शुक्ला और विकास दुबे की सीधी लड़ाई नहीं थी. 1996 में संतोष शुक्ला जिलाध्यक्ष हुआ करते थे. तब लल्लन बाजपेयी को उन्होंने ही शिवली नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव का बीजेपी टिकट दिया था. चुनाव हुआ. लल्लन बाजपेयी चेयरमैन हो गए. लल्लन बाजपेयी नेता हुए तो उनकी शह पर इलाके में उगाही शुरू हो गई. इस उगाही को लेकर लल्लन बाजपेयी और विकास दुबे में विवाद शुरू हो गया. कई बार मारपीट हुई. विवाद बढ़ता चला गया.
Image embed


 मनोज बताते हैं,
Image embed
'मुख्यमंत्री नाराज नहीं हो सकतीं'
थाने के अंदर हत्या हुई थी. उस समय सारे पुलिसवाले मौजूद थे. लेकिन विकास दुबे को गिरफ्तार नहीं किया गया. 2002 में उसने आत्मसमर्पण किया. जब मायावती उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनीं. संतोष शुक्ला की हत्या के बाद बसपा ने उसे पार्टी से निष्कासित कर दिया था. हालांकि विकास इस निष्कासन को दिखावटी कदम बताता था. 2002 में जब वो आत्मसमर्पण करने गया तो उसके साथ बसपा के कई नेता मौजूद थे. विकास दुबे उस वक्त ये खुलेआम कहा करता था कि मुख्यमंत्री मुझसे कभी नाराज नहीं हो सकतीं. उसका ये बयान उस वक्त बसपा में उसके रुतबे को दिखाता था.
Image embed

विकास दुबे का अपराधिक इतिहास

इस समय विकास दुबे पर 60 मुकदमे दर्ज हैं. 6 बार गुंडा एक्ट, 8 बार गैंगस्टर एक्ट 6 बार क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट और एक बार रासुका के तहत कार्रवाई की गई है. इसके बावजूद वो खुल्ला घुमता रहा. साल 2000 में ताराचंद इंटर कॉलेज के सहायक प्रबंधक सिद्धेश्वर पांडेय की हत्या में विकास दुबे का नाम आया. इसके अलावा साल 2000 में रामबाबू यादव हत्या के तार भी विकास दुबे से जुड़े. 2004 में केबल व्यवसायी दिनेश दुबे की हत्या में भी विकास दुबे आरोपी है. 2018 में अपने ही चचेरे भाई अनुराग पर भी जानलेवा हमला कराने का आरोप विकास दुबे पर है. इस मामले में अनुराग की पत्नी ने विकास समेत चार लोगों को नामजद किया था.
लेकिन जिस मामले ने उसकी तरफ सबसे ज़्यादा सिर घुमाए, वो था राज्यमंत्री संतोष शुक्ला की हत्या का मामला. थाने के अंदर हुए राज्यमंत्री संतोष शुक्ला हत्याकांड में पुलिस को एक भी गवाह नहीं मिला. संतोष शुक्ला के सरकारी गनर और ड्राइवर ने भी गवाही नहीं दी. अंतत: विकास दुबे बरी हो गया.
Image embed

सोशल मीडिया पर वायरल फोटो के आधार पर हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे का सपा और भाजपा से कनेक्शन जोड़ा जा रहा है.

राजनैतिक संरक्षण क्यों?
बिकरू के आसपास के गांवों में विकास दुबे का अच्छा खासा प्रभाव है. ये आस-पास के गांवों में 'पंडित जी' के नाम से फेमस है. लड़कियों की शादी में मदद और छोटे-मोटे विवाद भी सुलझाने का काम कर खुद को रॉबिनहुड की तरह पेश करता. विकास खुद प्रधान और जिला पंचायत सदस्य रह चुका है. वर्तमान में विकास की पत्नी ऋचा भी जिला पंचायत सदस्य हैं. बिकरू के पास के ही एक ग्रामीण ने दी लल्लनटॉप से बातचीत में बताया,
Image embed
बिकरू गांव 80 फीसद खाली हो चुका है. अधिकतर घरों में ताला बंद है. जो खुले हैं उनमें भी या तो बुजुर्ग है या महिलाएं. 4 जुलाई को पुलिस ने विकास का पूरा घर ढहा दिया. सारा सामान तहस-नहस कर दिया. लेकिन कोई गांव वाला झांकने तक नहीं आया. जबकि ये वही गांव है जिसके नाम का पूरे इलाके में कभी एक दहशत हुआ करती थी. बिकरू के पड़ोसी गांव के एक दूसरे ग्रामीण बताते हैं,
Image embed
2-3 जुलाई की रात पुलिस के बिकरू गांव में आने के बारे में विकास को पूरी खबर थी. विकास के एक साथी दयाशंकर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दयाशंकर ने कहा कि मुठभेड़ के दौरान विकास दुबे खुद बंदूक लेकर पुलिस पर फायरिंग कर रहा था. ये बंदूक दयाशंकर के नाम पर थी. हमले के लिए विकास ने 25 से 30 लोगों को बुलाया था, जिनके पास अवैध हथियार थे. दयाशंकर ने पुलिस की ओर से मुखबिरी होने के संकेत भी दिए. हालांकि उसने साफ-साफ किसी का नाम नहीं लिया. लेकिन कहा कि पुलिस दबिश से पहले विकास के पास एक फोन आया था. किसका आया, यह नहीं पता. लेकिन फोन थाने से किसी का आया होगा. फोन आने के बाद वह सक्रिय हुआ.
Image embed


घर नहीं अभेद्य किला कहिए
बिकरू गांव की आबादी 5 हजार के लगभग है. विकास ने अपने घर को अभेद्य किला बना रखा था. घर में बंकर था, जिसमें वह हथियार छुपाकर रखता था. पुलिस ने विकास दुबे के घर से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है. मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने 200-300 फायर किए जिसके खोखे भी बरामद किए गए हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि बिकरू गांव में विकास दुबे ने अपने साथियों को इकट्ठा करके रात के खाने का इंतज़ाम किया था. पुलिस को जांच के दौरान विकास के घर से एक बड़े पतीले में क़रीब बीस लोगों के खाने भर के चावल और दाल के भरे हुए बर्तन मिले थे. इन बर्तनों में खाना बनकर तैयार था लेकिन किसी ने खाया नहीं था. विकास के घर के बाहर बनी एक कोठरी में खाना बनाने का इंतज़ाम किया गया था. इसमें उसके ड्राइवर और साथियों ने खाना पकाया था.
विकास दुबे की कहानी पुलिस, पॉलिटिक्स और अपराध के गठजोड़ की कहानी है. तीन दशक तक लगातार अपराध जगत में सक्रिय रहने के बावजूद उसे पुलिस और नेताओं का संरक्षण मिलता रहा. 60 मुकदमे होने के बावजूद वो खुला घुमता रहा. पकड़ा भी जाता तो बाहर आ जाता. यही वजह रही कि 2-3 जुलाई की रात तीन थानों की फोर्स पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने में उसे एक बार भी डर नहीं लगा.


कानपुर में हिस्ट्री शीटर विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस के साथ क्या-क्या हुआ?

Advertisement

Advertisement

()