जलती खाकी हाफ पैंट वाली सोशल मीडिया पोस्ट पर कांग्रेस में किसे डांट पड़ी?
कांग्रेस ने पिछले दिनों एक फोटो पोस्ट की. इसमें खाकी रंग की हाफ पैंट को जलते हुए दिखाया गया था.

कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' के चल रही है. और इस बीच बीजेपी और कांग्रेस दोनोें ही एक दूसरे पर हमले बोलने का कोई मौका नहीं छोड़ रही. सोशल मीडिया पर भी दोनों पार्टियां एक-दूसरे को घेरने में लगी हैं. बीजेपी ने पिछले दिनों यात्रा के दौरान राहुल की पहली एक टी-शर्ट को पोस्ट कर उसके दाम पर तंज कसा. वहीं कांग्रेस ने भी एक फोटो पोस्ट की. इसमें खाकी रंग की हाफ पैंट को जलते हुए दिखाया गया. इस पोस्ट को RSS पर निशाने के तौर पर देखा गया. क्योंकि पहले RSS की वेशभूषा में खाकी रंग की हाफ पैंट भी हुआ करती थी, जिसे बाद में फुल पैंट में बदल दिया गया.
पोस्ट को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि यह लोगों को भड़काने की कोशिश है. अब इस पोस्ट को लेकर कांग्रेस में भीतरखाने क्या हुआ, इसे लेकर इंडिया टुडे ग्रुप के लिए कांग्रेस कवर करने वाली पत्रकार मौसमी सिंह ने बताया कि 'हाफ पैंट' वाले पोस्ट के बाद कांग्रेस खुश है. पार्टी गदगद है, नेताओं का कहना है कि इससे बीजेपी को मिर्ची लगी. उन्होंने आगे बताया,
'कांग्रेस इसे लेकर खुश है, उसका मानना है कि चाहे कितनी कॉन्ट्रोवर्सी हो रही हो लेकिन कहीं न कहीं ये मौका है, जिससे वो अपनी यात्रा के बारे में लोगों को बता सकती है. वैसे इस यात्रा में अभी तक जो भी सवाल उठे उससे कांग्रेस को फायदा ही हुआ है. चाहे विवेकानंद मेमोरियल की बात हो या ये हाफ पैंट वाली कॉन्ट्रोवर्सी, कांग्रेस का फायदा ही हुआ. कांग्रेस भी ये मानती है कि बीजेपी जितनी हाय-तौबा मचाएगी, इससे अपना ही फायदा है.'
वहीं इंडिया टुडे ग्रुप के कंसलटिंग एडिटर राजदीप सरदेसाई ने बताया कि इस पोस्ट को लेकर कांग्रेस के सीनियर लीडर खुश नहीं थे. कांग्रेस की नई जनरेशन ही इसे लेकर खुश थी. राजदीप ने आगे बताया,
‘दिग्विजय सिंह के साथ और भी पुराने नेता कह रहे थे ये गलत है. ये पोस्ट वाट्सएप ग्रुप में आई और नई जनरेशन के लीडर्स को पसंद आई. एक पुराने नेता ने मुझे बताया कि वे प्रपोजल देना चाह रहे थे कि इस यात्रा में आप किसी ऐसे RSS नेता के घर जाओ जिसके परिवार का कोई व्यक्ति कन्नूर में राजनैतिक हिंसा का शिकार हुआ हो. जैसा सुधीर कुलकर्णी के साथ और भी कुछ नेता कह रहे हैं कि RSS को अपने साइड लेना है. ’
राजदीप सरदेसाई ने बताया कि इन पुराने नेता का कहना था कि वे भी चाहते हैं कि RSS को कांग्रेस अपने साथ ले न कि उससे लड़े. लेकिन अभी तक इस पर अमल नहीं हुआ. इस पोस्ट के बाद इन्हीं पुराने नेता ने सोशल मीडिया टीम से कहा कि अब मीम या पोस्टर उन्हें दिखाकर ही पोस्ट किया करें.
Video- कांग्रेस ने हाफ पैंट का फोटो डाला, BJP-RSS भड़क गए!

.webp?width=60)

