The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Lallankhas
  • Cheat India Trailer: Upcoming film based on corruption in Indian education system starring Emraan Hashmi and Shreya Dhanwanthary in lead roles

इमरान हाशमी की नकल पर बेस्ड इस फिल्म पर ही नकलची होने का आरोप लग गया है

पैसे लेकर एग्ज़ाम देने वालों की ख़बरें तो पढ़ी होंगी, अब फिल्म देखिए.

Advertisement
pic
12 दिसंबर 2018 (अपडेटेड: 12 दिसंबर 2018, 02:46 PM IST)
Img The Lallantop
'चीट इंडिया' को डायरेक्ट किया है सौमिक सेन ने. सौमिक इससे पहले माधुरी-जूही स्टारर 'गुलाब गैंग' डायरेक्ट कर चुके हैं.
Quick AI Highlights
Click here to view more
2017 में आई 'बादशाहो' के तकरीबन डेढ़ साल बाद इमरान हाशमी की कोई फिल्म बड़े परदे पर दिखेगी. हालांकि इस बीच वो एक और फिल्म में नज़र आए थे. 'टाइगर्स'. ये फिल्म सिर्फ 'ज़ी5' पर रिलीज़ हुई थी. उनकी इस आनेवाली फिल्म का नाम होगा 'चीट इंडिया'. ये फिल्म भारतीय शिक्षा व्यवस्था में फैली धांधली को जनता के सामने लेकर आएगी. 26 अगस्त को इस फिल्म का लोगो (जी हां, आजकल फिल्मों के भी लोगो आने लगे हैं) और 28 अगस्त को पहला पोस्टर लॉन्च किया गया. और अब इसका ट्रेलर लॉन्च किया गया है. फिल्म की टैगलाइन है - 'नकल में ही अकल है'. आइए जानते हैं फिल्म के ट्रेलर में हमें और क्या चीज़ें दिखाई पड़ती हैं.
कहानी क्या है?
फिल्म की कहानी पूरी तरह से भारतीय शिक्षा व्यवस्था के इर्द-गिर्द घूमती नज़र आ रही है. एक शिक्षा विभाग का अधिकारी या बिचौलिया है, जो अपने प्रोफेशन को बिज़नेस बना देता है. कहानी बेसिकली ये है कि एक लड़का है, जिसके अच्छे मार्क्स आए हैं. अक्लमंद लड़का है. उस लड़के का इस्तेमाल ये आदमी करता है. पैसे वाले घर के पढ़ाई-लिखाई में कमज़ोर लड़कों के लिए इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों में सीट का जुगाड़ करने के लिए. कमज़ोर लड़कों की जगह अच्छे स्टूडेंट्स को परीक्षा में बैठा दिया जाता है. और बदले में दिया जाता है बढ़िया पैसा. ऐसा हमने पहली बार राजकुमार हीरानी की फिल्म 'मुन्नाभाई एमबीबीएस' में देखा था. अखबारों में भी इस तरह की धांधली की खबरें हमने कई बार पढ़ी हैं. अब इसी विषय पर पूरी फिल्म बनकर तैयार है. इसमें इंडिया में आए दिन पेपर लीक होने वाले मसले का भी ज़िक्र है.
अक्लमंद स्टूडेंट और भ्रष्ट अफसर.
अक्लमंद स्टूडेंट और भ्रष्ट अफसर.

इस मसले पर पहले भी बन चुकी हैं फिल्में
एजुकेशन सिस्टम पर इससे पहले आमिर खान की '3 इडियट्स' (2009), अमिताभ बच्चन की 'आरक्षण' (2011), स्वरा भास्कर की 'निल बटे सन्नाटा' (2015) और जूही चावला की 'चॉक एंड डस्टर' (2016) जैसी फिल्में बन चुकी हैं. लेकिन इमरान की इस फिल्म का कलेवर बिलकुल अलग होगा.
'चीट इंडिया' से पहले भी इसी विषय पर बन चुकी हैं फिल्में.
'चीट इंडिया' से पहले भी भारतीय शिक्षा व्यवस्था पर बन चुकी हैं फिल्में.

कौन-कौन काम कर रहा है?
इस फिल्म में इमरान हाशमी लीड रोल कर रहे हैं, जो इस पूरी धांधली के पीछे का दिमाग है. फिल्म की फीमेल लीड हैं श्रेया धन्वंतरी. लेकिन वो ट्रेलर में सिर्फ दो सीन्स में दिखाई देती हैं. श्रेया की ये पहली हिंदी फिल्म होगी. हालांकि वो इससे पहले 2010 में आई तेलुगु फिल्म 'स्नेह गीतम', वेब सीरीज़ 'लेडीज़ रूम' और टीवी शो 'दी रीयूनियन' समेत कई ऐड फिल्मों में काम कर चुकी हैं. इसके अलावा इस फिल्म में यूपी के तकरीबन 70 बच्चों को कास्ट किया गया है, जो स्कूल-कॉलेज स्टूडेंट्स का रोल करेंगे.
फिल्म की लीड एक्ट्रेस श्रेया धनवंतरी फिल्म एक सीन में सामने से नज़र आती हैं. लेकिन फिल्म के दूसरे सीन में इमरान हाषमी एक और महिला नज़र आती है, जिसके बारे में ये कह पाना संभव नहीं है कि वो श्रेया ही हैं या कोई और.
फिल्म की लीड एक्ट्रेस श्रेया धन्वंतरी. 

नकल पर बेस्ड फिल्म पर ही लगा है नकल करने का आरोप
अनाउंसमेंट के बाद से ही ये फिल्म विवादों में घिर गई है. दिल्ली बेस्ड फिल्ममेकर जोड़ी दिनेश गौतम और इमरान ज़ाहिद ने इस फिल्म के मेकर्स पर उनका कंटेंट चोरी करने आरोप लगाया है. उनका कहना है कि वो अपने एक नाटक 'बात निकलेगी तो' के मंचन के दौरान महेश भट्ट से मिले थे. इस दौरान महेश ने उनके साथ काम करने की बात कही थी. तब उन्होंने अपनी फिल्म की बेसिक स्टोरी लाइन और कॉन्सेप्ट महेश के साथ शेयर किए थे. अब उसी तर्ज पर इमरान की ये फिल्म बन रही है. इस डायरेक्टर जोड़ी का मानना है कि हो सकता है फिल्म हूबहू उनकी ही कहानी पर न बने लेकिन ये कॉन्सेप्ट उनका ही है.
फिल्म के एक सीन में इमरान. इससे पहले वो फिल्म 'टाइगर्स' में नज़र आए थे.
'चीट इंडिया' के एक सीन में इमरान हाशमी. इससे पहले वो फिल्म 'टाइगर्स' में नज़र आए थे.

बना कौन रहा है?
'चीट इंडिया' को 'हिंदी मीडियम', 'नीरजा' और 'तुम्हारी सुलु' जैसी फिल्में प्रोड्यूस करने वाली तिकड़ी के साथ इमरान खुद भी प्रोड्यूस कर रहे हैं. उनके अलावा ये तीन लोग हैं- अतुल कस्बेकर, तनुज गर्ग और टी-सीरीज़ के कर्ता-धर्ता भूषण कुमार. इमरान का बतौर प्रोड्यूसर ये दूसरा प्रोजेक्ट होगा. इससे पहले वो अपनी फिल्म 'कैप्टन नवाब' प्रोड्यूस कर चुके हैं. 'कैप्टन नवाब' बनकर तैयार है और रिलीज़ का इंतज़ार कर रही है. 'चीट इंडिया' को डायरेक्ट कर रहे हैं सौमिक सेन. सौमिक इससे पहले माधुरी दीक्षित और जूही चावला के साथ 'गुलाब गैंग' (2014) बना चुके हैं.
फिल्म की मेकिंग टीम के साथ उसके मुख्य किरदार. दाएं से दूसरे हैं फिल्म के डायरेक्टर सौमिक सेन.
फिल्म की मेकिंग टीम के साथ उसके मुख्य किरदार. दाएं से दूसरे हैं फिल्म के डायरेक्टर सौमिक सेन.

कब आ रही है?
फिल्म के पहले शेड्यूल की शूटिंग लखनऊ में हुई है. फिल्म के क्रू ने लखनऊ में 35 दिनों की शूटिंग की है. कहानी यूपी के ही बैकड्रॉप में सेट है. फिल्म के ट्रेलर में इसकी रिलीज़ डेट 25 जनवरी, 2019 बताई है. ये वही तारीख है, जिस दिन ऋतिक रौशन स्टारर 'सुपर 30' भी रिलीज़ होने वाली है. और ये दोनों ही फिल्म शिक्षा संबंधी मसलों से जुड़ी हुई हैं. 'सुपर 30' में ऋतिक एक टीचर का रोल करने वाले हैं. ये बिहार बेस्ड मैथेमटीशियन आनंद कुमार की बायोपिक है.


वीडियो देखें: तामझाम से लॉन्च हुए ये तीन एक्टर्स, बुरी तरह फेल हो गए

Advertisement

Advertisement

()