समंदर में डूबते-डूबते बचे रणवीर इलाहाबादिया और उनकी गर्लफ्रेंड, IPS ने बचाई जान
यूट्यूबर Ranvir Allahbadia ने अपने इंस्टाग्राम पर बताया कि गोवा में तैराकी के दौरान वे लगभग डूबने से बच गए. रणवीर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ समुद्र में Swimming कर रहे थे.

यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया (Ranvir Allahbadia) ने बताया कि गोवा में तैराकी करते समय वह डूबने से बच गए. एक IPS अधिकारी और उनकी IRS पत्नी ने उन्हें बचाया. मशहूर पॉडकास्टर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी. रणवीर ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ समुद्र में तैर रहे थे तभी वे दोनों पानी की धारा में बहने लगे.
रणवीर ने 25 दिसंबर को अपने इंस्टा पोस्ट के जरिए बताया,
हम अब पूरी तरह से ठीक हैं. लेकिन 24 दिसंबर की शाम 6 बजे के आसपास मुझे और मेरी गर्लफ्रेंड को एक मुश्किल स्थिति से जूझना पड़ा.
यूट्यूबर ने बताया कि उन्हें हमेशा से खुले समुद्र में तैरना पसंद था. और वह बचपन से ही ऐसा करते आ रहे हैं. लेकिन 24 दिसंबर को वह और उनकी गर्लफ्रेंड गोवा में समुद्र में तैरते पानी की धार में बहने लगे. रणवीर ने बताया कि पहले पांच से 10 मिनट तक तो वे बचने के लिए संघर्ष करते रहे. इस बीच बहुत सारा पानी उनके शरीर के भीतर चला गया. जिससे उनकी हालत धीरे-धीरे खराब होने लगी. और वे बेहोशी की हालत में पहुंचने लगे. जिसके बाद उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई. और सौभाग्य से पास में ही एक और परिवार स्विमिंग कर रहा था. वे तुरंत उनकी मदद के लिए आ गए. और उनको और उनकी गर्लफ्रेंड को रेस्क्यू किया.
यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने अपनी जान बचाने वाले IPS अधिकारी और उनकी IRS पत्नी के प्रति आभार जताया है. उन्होंने आगे लिखा,
इस अनुभव ने हमें खालीपन के साथ-साथ कृतज्ञता का भी एहसास कराया. इस पूरी घटना के दौरान हमें ईश्वर की सुरक्षा का एहसास हुआ.
ये भी पढ़ें - रणवीर इलाहाबादिया का यूट्यूब चैनल हैक, एलन मस्क का नाम कैसे जुड़ा?
रणवीर इलाहाबादिया अपनी गर्लफ्रेंड का नाम बताने से इनकार करते रहे हैं. अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने ऐसी तस्वीर शेयर की है, जिसमें उनका चेहरा नहीं दिख रहा है. अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने अपने फॉलोवर्स को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी हैं. यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया का चैनल बीयर बाइसेप्स के नाम से हैं. उनके यूट्यूब पर 10 मिलियन (एक करोड़) से ज्यादा फॉलोवर्स हैं.
वीडियो: चैनल हैक होने पर रणवीर इलाहाबादिया ने क्या कहा? इस मामले से टेस्ला का नाम क्यों जुड़ा?

