The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • west bengal north 24 pargana disabled youth beaten to death boiling water in mouth

विकलांग युवक को पीटने के बाद उस पर डाला खौलता पानी, इलाज के दौरान मौत, दो गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल में एक विकलांग युवक को पहले कथित तौरपर पीटा गया. फिर आरोपों के मुताबिक उस पर गर्म पानी डाल दिया. कुछ दिन तक युवक का अस्पताल में इलाज चला फिर उसकी मौत हो गई. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
man beaten to death
युवक की मौत के बाद स्थानीय लोगों का विरोध प्रदर्शन.
pic
शुभम कुमार
3 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 09:37 AM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना ज़िले में एक विकलांग युवक की कथित तौरपर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि युवक के ऊपर खौलता हुआ गर्म पानी भी डाला गया. गंभीर रूप से ज़ख़्मी युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा था. लेकिन सोमवार 2 फरवरी को अस्पताल में भर्ती युवक की मौत हो गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच चल रही है. 

उत्तर 24 परगना ज़िले के पानीहाटी शहर में ये घटना हुई. युवक की पहचान 30 साल के आशिक मंडल के तौर पर हुई है. वो शहर के वार्ड नंबर 35 के नमाज़पारा इलाके में रहता था. आरोप है कि स्थानीय निवासी हिमाद्रि बरुआ और बच्चू बरुआ ने उसे पहले बेरहमी से पीटा और फिर गर्म पानी डाल दिया. शुरुआती इलाज के लिए आशिक को जिला अस्पताल ले जाया गया. वहां चेकअप के बाद उसे छोड़ दिया गया. कुछ देर बाद उसकी तबियत फिर बिगड़ने लगी. आशिक को फिर सागर दत्ता अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं इलाज के दौरान 2 फरवरी की सुबह उसकी मौत हो गई. 

इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. आजतक से जुड़े दीपक देबनाथ की रिपोर्ट के मुताबिक़, कल्याणी एक्सप्रेसवे पर लोगों ने रास्ता रोका और टायर भी जलाए. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद माहौल शांत हुआ. आशिक के भाई राजू मंडल ने घटना के खिलाफ घोला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. 

रिपोर्ट के मुताबिक़ आशिक के रिश्तेदारों ने कहा,

बच्चू बरुआ और उसके साथी आशिक के मौत के ज़िम्मेदार हैं. हमें जवाब चाहिए कि उसे क्यों मारा. एक विकलांग के ऊपर गर्म पानी क्यों डाला गया? बहुत बेरहमी से उसकी हत्या की गई है. आरोपियों को सख्त से सख्त सज़ा मिलनी चाहिए.

पुलिस ने क्या बताया?

बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट ने प्रेस ब्रीफ जारी कर बताया कि मृतक आशिक के भाई राजू मंडल ने घटना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. 30 जनवरी को राजू मंडल ने हिमाद्रि बरुआ और बच्चू बरुआ नाम के शख्स के खिलाफ घोला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के मुताबिक़, आशिक और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर झड़प हुई जिसके बाद ये घटना घटी.

स्थानीय तृणमूल नेता प्रबीर दास ने बताया,

हम परिवार के साथ हैं. वो बहुत शरीफ था. मैंने उसे बचपन से देखा है. 35 नंबर वार्ड में रहता था. आशिक की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. मैं पुलिस से गुज़ारिश करता हूं कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए.

पुलिस ने 30 जनवरी को हिमाद्रि बरुआ को गिरफ्तार कर लिया था और दूसरे आरोपी बच्चू बरुआ को 2 फरवरी की शाम को गिरफ्तार किया. मामले की जांच अभी चल रही है. 

वीडियो: नोएडा में इंजीनियर के मौत के 90 घंटे बाद निकाली गई कार

Advertisement

Advertisement

()