The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Varanasi Kashi Vishwanath Temple ABVP Students Allegations Of Slaughterhouse Bakra mandi Uttar Pradesh

वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के पास गोकशी के आरोप पर पुलिस ने क्या कहा?

घटना चेतगंज थाना क्षेत्र के पान दरीबा इलाके के तुलसी कुआ के पास गोट-मीट डीलर्स एसोसिएशन के बकरा मंडी की है. जहां, मंगलवार, 17 फरवरी की सुबह दर्जनों की संख्या में ABVP के छात्र बकरा मंडी पहुंचे.

Advertisement
pic
pic
प्रगति पांडे
| रोशन जायसवाल
18 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 20 फ़रवरी 2026, 11:56 PM IST)
Varanasi
वाराणसी के बकरा मंडी में 'अवैध कटान' पर अज्ञातों के खिलाफ मामला दर्ज. (फोटो- इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

वाराणसी में काशी विश्वनाथ परिसर के 2 किमी दायरे के अंदर बकरी कटने के आरोप में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. ये मामला एबीवीपी से जुड़े छात्रों के इलाके में गोकशी के आरोप लगाए जाने के बाद दर्ज हुआ है. संगठन से जुड़े लोगों ने शहर के बकरा मंडी इलाके में पहुंचकर हंगामा भी किया. वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया, जिसके बाद प्रदर्शन करने वाले लोग वापस चले गए. एबीवीपी से जुड़े छात्रों का आरोप है कि काशी विश्वनाथ मंदिर के पास अवैध बूचड़खानों में गोकशी की जा रही है. हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को नकार दिया है और कहा है कि जांच में गोकशी के सबूत नहीं मिले हैं. 

घटना मंगलवार, 18 फरवरी की चेतगंज थाना क्षेत्र के पान दरीबा इलाके में ‘गोट-मीट डीलर्स एसोसिएशन’ के बकरा मंडी का है. यहां दर्जनों की संख्या में ABVP के छात्र पहुंचे थे. इंडिया टुडे से जुड़े रोशन कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, ABVP के छात्रों ने मंडी में जमकर बवाल किया और मंडी के दुकानदारों पर गोकशी का आरोप भी लगाया. छात्रों के हंगामे के बाद मंडी व्यापारियों ने भी उनका विरोध किया, जिसके बाद हंगामा करने वाले छात्रों को मंडी से बाहर जाना पड़ा. 

छात्र इसके बाद इलाके की पुलिस चौकी पान दरीबा पर पहुंच गए और चौकी इंचार्ज के खिलाफ हंगामा करने लगे. उन पर बूचड़खाने को चलाने के लिए शह देने का आरोप लगाने लगे. ABVP के छात्रों के आरोप के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. छात्रों की शिकायत के आधार पर चेतगंज थाने में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया. साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी. छात्रों के प्रदर्शन और उनके आरोपों को लेकर वाराणसी काशी जोन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) गौरव बंसवाल से बात की गई. DCP बंसल ने बताया,

चेतगंज थाने अंतर्गत यह सूचना दी गई थी कि अवैध बूचड़खाना चल रहा है. इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे. यहां एक पुरानी मंडी है, जहां बकरे खरीदे और बेचे जाते हैं. वही अंदर पाया गया है और यहां पर किसी भी तरह का कोई कटान नहीं हो रहा है. सूचना दी गई थी कि यहां पर एक बकरी कटी है. उसी के संबंध में अभियोग लिख दिया गया है. यह इलाका मंदिर की 2 किलोमीटर परिधि के अंदर आता है इसलिए यहां पर किसी भी तरह का कटान और बिक्री पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है.

DCP बंसल ने बकरामंडी के बारे में बताया कि यह मंडी बहुत पुरानी है और यहां पर सालों से बकरों के खरीदने- बेचने का काम चलता है. हालांकि, मंदिर परिसर के दो किमी के दायरे में होने की वजह से यहां मांस बिक्री प्रतिबंधित है. उन्होंने आगे बताया कि मौके पर जांच के दौरान गोकशी के अवशेष नहीं पाए गए. लेकिन जो फोटो- वीडियो दिए गए हैं, उनकी जांच की जा रही है कि वह कब की हैं. 

बता दें कि DCP ने गोकशी के आरोप को साफतौर पर खारिज कर दिया है. उन्होंने बताया कि मंडी में किसी भी तरह की कोई गोहत्या नहीं की गई है. बकरी काटने का आरोप था, जिसके लिए मामला दर्ज कर लिया गया है. DCP ने आगे बताया कि अगर इस मामले में झूठी अफवाह फैलाने के आरोप में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. 

वहीं, इस मामले में गोट-मीट डीलर्स एसोसिएशन के लीगल एडवाइजर एडवोकेट अब्दुल्ला बिन गफ्फार से बात की गई. उन्होंने बताया,

गोट-मीट एसोसिएशन कुरैशी समाज के कल्याण के लिए काम करती है. कुल 10 से 20 अराजक लड़के आए और आपत्तिजनक नारा लगाने लगे. वहां बैठे लोगों को गाली बकने के साथ मारपीट करने लगे. हम लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और पुलिस आई उन लोगों को उठाकर लेकर चली गई.

एडवोकेट अब्दुल्ला ने आगे बताया कि छात्रों का ऐसा आरोप है कि यहां पर स्लॉटर हाउस चलता है. लेकिन प्रशासन से जुड़े तमाम आलाधिकारी मौके पर आए और जांच की और पाया कि मंडी में ऐसा कोई काम नहीं होता है. एडवोकेट ने छात्रों पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये आपसी भाईचारा को खराब करने की कोशिश की जा रही है. बता दें कि काशी विद्यापीठ के छात्र नेता आशुतोष कुमार हर्षित के आरोप पर मामला दर्ज किया गया है. छात्र नेता आरोप लगाते हुए बताया,

हम लोग सुबह मंदिर दर्शन करने जा रहे थे. इस दौरान हमें सूचना मिली की बेनिया (बेनियाबाग) के अंदर एक मदरसा चलता है. जिसके नीचे बकरा बेचा जाता है. हम लोग वहां पहुंचे और पूछे कि ये किसकी दुकान है. एक दादा निकले और कहने लगे कि तुम कौन होते हो पूछने वाले. यहां कुछ नहीं होता है. इसके बाद वो अपने मोहल्ले के लोगों को बुलाकर हमारे साथ धक्का-मुक्की के साथ गाली-गलौज करने लगे.

छात्र नेता आशुतोष कुमार हर्षित ने आरोप लगाया कि हो सकता है कि मदरसे की आड़ में मंदिर के पास बकरा काटा जा रहा हो, गो तस्करी की जा रही हो या गोकशी की जा रही हो. छात्र नेता ने आगे कहा कि इस पर प्रशासन के मौन होने का मतलब नहीं समझ पा रहे है.

यह भी पढ़ें: क्रेन से बिजली का खंभा लगा रहे थे, सड़क से गुजरती गाड़ी पर गिर गया, सपा नेता की मौके पर मौत

छात्र नेता ने इस मामले में SP और DM से मिल शिकायत करने की बात कही है. साथ आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि ये लोग यहां पर गौ हत्या करते है. बता दें कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ दर्ज केस में किसी के गिरफ्तारी की कोई सूचना नहीं मिली है.

वीडियो: Delhi Dwarka Accident: साहिल के दोस्त ने एक्सीडेंट के बारे में क्या बताया?

Advertisement

Advertisement

()