The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Valentines Day couple attacked by three youths boy stabbed one dead girl saved khandwa madhya pradesh

वैलेंटाइन डे पर कपल से भिड़े, लड़की को बचाने में लवर ने चाकू मारा, एक की मौत

Murder on Valentine's Day: घटना की जानकारी मिलने पर SP मनोज कुमार राय और ट्रेनी IPS ऑफिसर अमित कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया और मृतक की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

Advertisement
pic
15 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 01:24 AM IST)
Madhya Pradesh, Khandwa, Khandwa violence, Valentine's Day, Valentines Day incident, Valentine's Day 2026, Valentine's Day Murder
पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से केस दर्ज किया है. (ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

वैलेंटाइन डे पर प्रेमी जोड़ों को परेशान करने की खबरें अक्सर आती रहती हैं. लेकिन मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में ऐसा करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया. तीन युवक कथित तौर पर एक लड़के और लड़की के पास आए और झगड़ा करने लगे. लड़की का दावा है कि युवकों के पास चाकू था. चाकूबाजी में प्रेमी ने कथित तौर पर उनसे चाकू छीन लिया और उन पर हमला कर दिया. इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना शनिवार, 14 फरवरी को शाम 6 बजे शहर से 8 किलोमीटर दूर रूधि गांव में एक ढाबे के सामने हुई. वैलेंटाइन डे पर हाईवे के पास एक स्टॉल पर एक कपल बैठा था. उन्हें सुनसान जगह पर बैठा देख तीन युवक- मयंक, भावेश और सचिन बाइक से कपल के पास पहुंचे और बहस करने लगे.

इंडिया टुडे से जुड़े जय नागड़ा की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोप है कि इन युवकों ने लड़की के साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश की, जिससे झगड़ा और बढ़ गया. इसी बीच किसी ने चाकू निकालकर प्रेमी हर्ष थापा पर हमला कर दिया, लेकिन पलटकर उसने चाकू छीन लिया और फिर कथित रूप से इन युवकों पर हमला कर दिया. इससे भावेश की मौत हो गई, जबकि मंयक गंभीर रूप से घायल हो गया.

कोतवाली टीआई प्रवीण आर्य ने बताया,

"घटना शनिवार, 14 फरवरी की शाम 6 बजे की बताई जा रही है. रविवार, 15 फरवरी को सुबह 4 बजे दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया गया. युवती की शिकायत के आधार पर मृतक और उसके दो दोस्तों के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज किया गया और सरकार की तरफ से महिला के दोस्त हर्ष थापा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया. मामले की अभी जांच चल रही है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है."

घटना की जानकारी मिलने पर SP मनोज कुमार राय और ट्रेनी IPS ऑफिसर अमित कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया और मृतक की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. युवती ने हर्ष को अपना दोस्त बताया है. उसने आरोप लगाते हुए कहा,

"तीन युवक (मयंक, भावेश और सचिन) अचानक मेरे पास आए. उन्होंने मेरे साथ यौन उत्पीड़न किया. जब मेरा दोस्त हर्ष मुझे बचाने आया तो तीनों युवकों ने उसे गालियां दी. वे लोग अपने साथ एक चाकू लेकर आए थे. उन्होंने हर्ष के साथ मारपीट की. सिर में ईंट मार दी और हाथ पर चाकू मार दिया."

मृतक भावेश के पिता बसंत पाल ने बताया,

“हम भैंस का दूध दुह रहे थे. इसी दौरान भावेश ने कहा कि पापा, सचिन का फोन आया था. उसने कहा कि गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया है, उसे लेने जा रहा हूं. इसके बाद वो घर से चला गया था. बाद में फोन लगाया तो उसका फोन नहीं लगा. थोड़ी देर बाद भाई ने आकर बताया कि भावेश को किसी ने चाकू मार दिया है. मौके पर गए तो भावेश खून से लथपथ था.”

इस बीच घायल युवक मयंक ने पुलिस को बताया कि हर्ष ने भावेश के सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. मयंक ने कहा कि उसकी कमर में चाकू मारा गया, जिससे वह घायल हो गया. पुलिस ने दोनों के खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज कर लिया है. लड़की के दोस्त हर्ष थापा के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज कर उसे भी अरेस्ट कर लिया गया है.

वीडियो: वैलेंटाइन डे पर सड़कों पर विरोध, कई शहरों में तनाव का माहौल

Advertisement

Advertisement

()