शराब के लिए पानी लाने से मना किया, 9 साल के बच्चे को पेट में गोली मार दी
धनेश मृतक के पिता जसवीर गोला का रिश्तेदार है. वो प्रोग्राम के दौरान शराब पी रहा था और शराब पीते हुए ही बच्चे से पानी लाने को कहा. लेकिन बच्चे ने मना कर दिया. आरोपी को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि उसने कथित तौर पर नशे की हालत में बच्चे के पेट में गोली मार दी.

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक 9 साल के बच्चे की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया गया कि बच्चे ने शराब के लिए पानी लाने से इनकार कर दिया था. इससे गुस्साए आरोपी ने उसे कथित तौर पर गोली मार दी. बच्चे को घायल हालत में जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है. घटना शुक्रवार, 1 मई को कासगंज के सहावर पुलिस थाना के याकूतगंज गांव में हुई. मृतक बच्चे का नाम यश है. यश के चाचा अनुज ने बताया कि घर में प्रोग्राम चल रहा था. सभी रिश्तेदार और गांव के लोग मौजूद थे. इस दौरान आरोपी धनेश यादव भी मौजूद था. धनेश मृतक बच्चे के पिता जसवीर गोला का रिश्तेदार है.
क्या हुआ था?
इंडिया टुडे से जुड़े देवेश पाल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, धनेश प्रोग्राम के दौरान शराब पी रहा था और शराब पीते हुए ही बच्चे से पानी लाने को कहा लेकिन बच्चे ने मना कर दिया. आरोपी को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि उसने कथित तौर पर नशे की हालत में बच्चे के पेट में गोली मार दी. गोलीबारी होने पर प्रोग्राम में अफरा-तफरी मच गई. घायल बच्चे को फौरन कासगंज के जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन हालात गंभीर होने की वजह से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की कि शनिवार, 2 मई को इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई. थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने मामले की पुष्टि की.
शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. घटना के बाद से ही आरोपी फरार था लेकिन पुलिस ने उसे खितौली नहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया.
यह भी पढ़ें: पत्नी की मौत पर फूट-फूटकर रोया, जांच में पति ही हत्या का आरोपी निकला
पुलिस क्या बोली?मामले के बारे में क्षेत्राधिकारी शाहिदा नसरीन ने भी बताया. उन्होंने कहा,
दिनांक 1 मई को थाना सहावर को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम याकूतगंज में जसवीर गोला के घर पर उनके बेटे के नामकरण का प्रोग्राम हो रहा था. यहां धनेश यादव के द्वारा सुखबीर के पुत्र को गोली मार दी गई. मृतक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज किया गया. वहीं, 12 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) राजेश कुमार भारती ने बताया कि अधिकारियों ने आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
वीडियो: क्या TMC की सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट की स्पेशल बेंच बैठेगी?

