The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • up news sitapur bride denied marriage said she wants clean shave man

दूल्हे की दाढ़ी देख भड़की दुल्हन, बोली – मुझे तो क्लीन शेव ही चाहिए था!, बारात लौटा दी

Sitapur की दुल्हन को किसी ने बता दिया कि दूल्हे ने दाढ़ी रखी हुई है. जैसे ही उसे यह पता चला कि, उसने अपने घरवालों को बुलाया और शादी से इनकार कर दिया.

Advertisement
pic
9 जून 2025 (पब्लिश्ड: 01:04 PM IST)
up news sitapur bride denied marriage said she wants clean shave man
लड़के वालों का कहना है कि दाढ़ी की वजह से शादी तोड़ दी गई (PHOTO-AajTak)
Quick AI Highlights
Click here to view more

अक्सर ऐसी खबरें सामने आती हैं कि सरकारी नौकरी न होने पर दुल्हन ने शादी से मना कर दिया है. दूल्हे ने शराब पी हुई थी इसलिए दुल्हन ने बारात लौटा दी. या ऐसा भी देखने को मिला है कि परमानेंट जॉब वाला लड़का नहीं था इसलिए दुल्हन ने शादी से मना कर दिया. लेकिन यूपी के सीतापुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां बारात आ चुकी थी. सब कुछ तय था. लेकिन एन वक्त पर दुल्हन ने दूल्हे का चेहरा देख लिया और शादी के लिए मना कर दिया. लेकिन कारण ये नहीं था कि उसे दूल्हे का चेहरा पसंद नहीं आया. कारण ये था कि उसे दूल्हे के चेहरे पर उगी दाढ़ी से समस्या थी. लड़की ने कहा कि उसे क्लीन शेव वाला दूल्हा चाहिए.

क्या है पूरा मामला?

सीतापुर के पिसवां गांव में रहने वाले ननक्के नाम के एक व्यक्ति रहते हैं. उन्होंने अपनी बेटी अनीता की शादी जिला हरदोई के रहने वाले गुलाब राम के बेटे विमल से तय की थी. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक विमल दिल्ली की एक स्पोर्ट्स कंपनी में सिलाई का काम करता है. लगभग 35 हजार रुपये की सैलरी है. विमल और अनीता की शादी 7 जून को तय थी. 

तय समय के अनुसार 7 जून की शाम बारात पहुंची. जनवासे में नाश्ता करने के बाद बारात नाचते-गाते ननक्के के दरवाजे पर पहुंची. रस्म के मुताबिक पहले द्वारपूजा का कार्यक्रम संपन्न हुआ. थोड़ा समय ही बीता था कि दुल्हन को किसी ने बता दिया कि दूल्हे ने दाढ़ी रखी हुई है. जैसे ही उसे यह पता चला कि, उसने अपने घरवालों को बुलाया और शादी से इनकार कर दिया. दुल्हन की बात उसके घरवालों ने लड़के के पक्ष को बताई. कहा

दाढ़ी वाले लड़के से अपनी बेटी का शादी नहीं करेंगे.

इसके बाद लड़के वालों ने काफी देर तक समझाने की कोशिश की. कहा कि लड़का बाद में दाढ़ी कटवा लेगा. लेकिन लड़की ने किसी की एक न सुनी. इसके बाद बारात बिना शादी के वापस लौट गई. पुलिस को भी सूचना दी गई जिस पर दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया. वहां समझाने की कोशिश की गई लेकिन बात नहीं बनी. 

दूसरी तरफ दुल्हन के पिता ननक्के के मुताबिक मामला दाढ़ी नहीं बल्कि गाड़ी की वजह से खराब हुआ. ननक्के का कहना है कि दूल्हा नशे में धुत था. इसके अलावा द्वारपूजा के दौरान लड़के वालों ने बाइक की डिमांड कर दी. हमने असमर्थता जताई तो वो लोग आक्रोशित हो गए. और तो और, शादी से पहले उन्होंने कहा था कि दूल्हे के नाम पर 10 बीघा जमीन है. लेकिन ये दावा झूठा था. उसके नाम पर कोई जमीन नहीं है. 

दूसरी तरफ दूल्हे विमल ने बताया कि लड़की वालों ने दाढ़ी को मुद्दा बनाकर शादी के लिए मना कर दिया. उन्हें यह आश्वासन भी दिया गया कि सुबह दाढ़ी कटवा दी जाएगी. लेकिन वो नहीं माने. बाइक और नशे की बात को विमल ने नकार दिया.

वहीं इस मसले पर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी. दोनों पक्ष थाने पर मौजूद हैं. दोनों में समझौता कराने की कोशिश जारी है.

(यह भी पढ़ें: सोनम ने कराई थी पति राजा रघुवंशी की हत्या, मेघालय पुलिस का दावा, गाजीपुर से गिरफ्तार)

वीडियो: इश्क में शहजाद बना फर्जी GST इंस्पेक्टर, शादी के बाद बीवी ने जेल पहुंचा दिया

Advertisement

Advertisement

()