11 साल के बच्चे को कैटरिंग वाले ने तंदूर में डाल दिया, एक से ज्यादा रसगुल्ले खा लिए थे, हालत नाजुक
यूपी के बस्ती जिले की ये घटना है. बच्चे ने कई बार रसगुल्ले खा लिए. ये बात कैटरिंग वाले को इतनी नागवार गुजरी कि उसने जलते तंदूर में 11 साल के बच्चे को फेंक दिया.

शादी वाला घर, जश्न का माहौल और आग से झुलसा एक बच्चा. और इसके पीछे का कारण है 'रसगुल्ला'. यूपी के बस्ती जिले में एक शादी समारोह था. इसी समारोह में एक बच्चे को तंदूर में फेंक दिया गया. कारण सिर्फ इतना था कि उसने कई बार रसगुल्ले खा लिए. ये बात कैटरिंग वाले को इतनी नागवार गुजरी कि उसने जलते तंदूर में 11 साल के बच्चे को फेंक दिया.
ये पूरी घटना 15 अप्रैल की है. इस दिन गोंडा इलाके के रहने वाले संतोष का बेटा चमन एक शादी में गया. अपनी मां के गुजरने के बाद से वो बस्ती में अपनी ननिहाल में ही रहता है. 15 अप्रैल को चमन अपनी दादी के साथ गांव में किसी रिश्तेदार की शादी में गया था. शादी के दौरान, वह खाने की जगह पर गया और वहां रखे रसगुल्ले उठाकर खाने लगा. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, जब बच्चे ने बार-बार रसगुल्ले लिए, तो वहां मौजूद कैटरिंग ठेकेदार को गुस्सा आ गया. उसने पहले बच्चे को पकड़ा और धमकाया, फिर उसे उठाकर जलते हुए तंदूर के पास ले गया. इसी दौरान, बच्चे का संतुलन बिगड़ गया और वह तंदूर में गिर गया.
बच्चे के रोने की आवाज सुनकर शादी में आए लोग तुरंत वहां पहुंचे और उसे तंदूर से बाहर निकाला. लेकिन तब तक, उसके चेहरे से लेकर कमर तक का हिस्सा बुरी तरह जल चुका था. एनडीटीवी के मुताबिक इसके बाद चमन को तुरंत इलाज के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. शुरुआती इलाज के बाद, डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. दूसरी तरफ, घटना के बाद, आरोपी कैटरिंग कर्मचारी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर, पुलिस गांव पहुंची और जांच शुरू कर दी. बच्चे के मामा, देवीदीन निषाद ने तंदूर वाले कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.
इस मामले पर जानकारी देते हुए डीएसपी स्वर्णिमा सिंह ने बताया,
‘आग से जुड़ी एक घटना में एक बच्चा जल गया है, और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टीमें आरोपी का पता लगाने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं, और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिशें जारी हैं.’
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चोटों की गंभीरता को देखते हुए बच्चे को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है. उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है इलाज जारी है.
वीडियो: नैना साहनी मर्डर केस: जब कांग्रेस नेता सुशील शर्मा ने अपनी पत्नी को तंदूर में जला दिया था

