यूपी: बेकाबू ट्रक ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर, बोलेरो में लगी आग, 11 लोगों की मौत
Mirzapur Accident: बेकाबू ट्रक की टक्कर के बाद बोलेरो में आग लग गई और अंदर फंसे यात्रियों की जलकर मौत हो गई. ट्रक ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आई हैं.

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक सड़क हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई. यह हादसा तब हुआ जब एक बेकाबू ट्रक ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी. इनमें एक बोलेरो भी शामिल है, जिसमें कई यात्री सवार थे. ट्रक की टक्कर के बाद बोलेरो में आग लग गई और अंदर फंसे यात्रियों की जलकर मौत हो गई. ट्रक ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आई हैं और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा बुधवार, 22 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे हुआ. ट्रक ड्रमंडगंज घाटी से नीचे उतरते हुए लसोड़ा इलाके की तरफ जा रहा था. शुरुआती जांच में पता चला है कि ट्रक के ब्रेक फेल हो जाने के बाद वह एक कंटेनर ट्रक से टकरा गया. इसी दौरान एक ऑल्टो कार दोनों ट्रकों के बीच फंस गई और चपेट में आ गई. इस पूरे हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई. ट्रक ड्राइवर की हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस अधीक्षक (SP) अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि अब तक 11 मौतों की खबर मिली है और पीड़ितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने आगे बताया कि पुलिस कुछ पीड़ितों के परिवार वालों का पता लगाने में कामयाब रही है और उनसे संपर्क किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: उधमपुर हादसा: खाई में गिरी बस, 16 की मौत, PM मोदी ने जताया दुख
घटना के बारे में पता चलने पर अधिकारियों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटनास्थल पर तैनात कर दिया. SP कौशिक ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जल्द ही शुरू हो गया. न्यूज एजेंसी PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभी भी पुलिस वाले मौके पर तैनात हैं और प्रभावित रास्ते पर ट्रैफिक को फिर से चालू करने की कोशिशें जारी हैं.
इस बीच, यह बात सामने आई है कि इस हादसे में शामिल एक ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर बिहार है, जबकि दूसरा मध्य प्रदेश में रजिस्टर्ड है. SP अपर्णा रजत कौशिक ने पत्रकारों को बताया कि हादसे में शामिल कारों में से एक सोनभद्र जिले की और दूसरी मिर्जापुर जिले की है. फिलहाल मामले की जांच चल रही है.
वीडियो: जयपुर हाईवे पर अफसर ने ट्रक ड्राइवर को मारा, क्या है मामला?


