The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • UP Bhadohi Dalit youth brutally assaulted, loses eyesight in one eye

आंख में घुसेड़ दी बाइक की चाबी, रोशनी चली गई... यूपी में दलित युवक पर बेरहमी से हमला

यह घटना Uttar Pradesh के Bhadohi जिले की है. हमलावर ने कथित तौर पर दलित युवक की आंख में बाइक की चाबी घोंप दी, जिससे उसकी एक आंख की रोशनी चली गई. क्या है पूरा मामला?

Advertisement
pic
9 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 01:00 PM IST)
UP Bhadohi Dalit youth brutally assaulted, loses eyesight in one eye
यह घटना उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की है. (फाइल फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक दलित युवक पर बेरहमी से हमला कर दिया गया. हमलावर ने कथित तौर पर उसकी आंख में बाइक की चाबी घोंप दी, जिससे उसकी एक आंख की रोशनी चली गई. पीड़ित नहर किनारे शौच करने गया था. आरोपी ने आपत्ति जताई और जातिसूचक गालियां दी. आरोप है कि इसके बाद उसने हमला कर दिया.  

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा मामला भदोही जिले के औराई इलाके का है. पुलिस ने बताया कि यह घटना 6 फरवरी की दोपहर की है, जब राहुल (20) एक नहर के पास शौच करने गया था. इस बात पर पीड़ित और आरोपी शंकर बिंद के बीच झगड़ा हो गया, क्योंकि शंकर ने राहुल के नहर के पास शौच करने पर आपत्ति जताई. हमलावर ने कथित तौर पर राहुल को जातिसूचक गालियां दीं और उस पर हमला कर दिया.

पुलिस अधीक्षक (SP) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जब राहुल भागने की कोशिश कर रहा था, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसकी बाईं आंख में मोटरसाइकिल की चाबी घोंप दी और उसे जान से मारने की धमकी दी. उन्होंने बताया कि पीड़ित दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर गया. जब स्थानीय लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गया.

ये भी पढ़ें: यूपी: दलित की बारात पर हमला, लाठी-डंडे और रॉड से बारातियों को पीटा

एसपी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से बाद में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. एसपी मांगलिक ने कहा, 

चूंकि उसकी बाईं आंख में गंभीर चोट थी और उसने आंखों की रोशनी कम होने की शिकायत की, इसलिए डॉक्टरों ने 8 फरवरी को उसे वाराणसी के BHU ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया.

उन्होंने बताया कि पीड़ित के पिता राम धनी की शिकायत पर आरोपी शंकर बिंद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. एसपी ने आगे कहा कि आरोपी के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है.

वीडियो: शाहजहांपुर में दलित सब्जी वाले को लाठी से पीटने वाले का क्या हुआ?

Advertisement

Advertisement

()