किक पर किक मारी, वकील को गोली मारने के बाद हमलावर भागने में फंस गए, फिर...
Uttar Pradesh के Mirzapur में बाइक सवार हमलावरों ने वकील की गोली मारकर हत्या कर दी. यह हमला उस वक्त हुआ, जब वकील मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे.

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी. हमलावरों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया, जब वकील सुबह के समय मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. लेकिन हमला करने के बाद आरोपियों को भागने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. फायरिंग के बाद भगाते समय उनकी बाइक स्टार्ट ही नहीं हो रही थी. ये सारी घटना पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. इसी के आधार पर और परिवार की तहरीर पर पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कर लिया है. अब उनकी तलाश की जा रही है.
मृतक वकील की पहचान कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के कतवारूपुर निवासी राजीव सिंह उर्फ रिंटू सिंह के तौर पर हुई है. इंडिया टुडे से जुड़े सुरेश कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार, 11 अप्रैल को राजीव मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे. तभी 2 अज्ञात हमलावरों ने उन पर देसी तमंचे हमला कर दिया. गोली लगने के बाद राजीव की मौके पर ही मौत हो गई. बाद में आरोपी भी मौके से फरार होने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उनकी गाड़ी ऐन वक्त पर खराब हो गई.
कई बार किक मारने के बाद भी बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी. हालांकि, चंद सेकंड बाद ही बाइक स्टार्ट हो गई और वो भागने में कामयाब हो गए. ये सारी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. जो अब वायरल हो रही है. गोलीबारी और हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. वकील के शव को अपने कब्जे लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
SP अपर्णा रजत कौशिक ने मामले की पुष्टि की. उन्होंने बताया,
आरोपी की पहचान कर ली गई है. नामजद तहरीर भी प्राप्त हुई है. गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. हत्या के कारणों की जांच जारी है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
यह भी पढ़ें: ईरानियों के सामने आर्मी वाला ड्रेस, अमेरिकियों से मिले सूट-बूट में, आसिम मुनीर ने ऐसा क्यों किया?
मृतक वर्तमान में थाना विंध्याचल क्षेत्र के देवरी गांव में प्रधान पति भी थे. स्थानीय लोगों को ऐसी आशंका है कि राजीव की हत्या चुनावी रंजिश में की गई है. वहीं, पड़ोसियों का कहना है कि इससे पहले भी वकील को जान से माने की नीयत से हमला किया गया था लेकिन मोहल्ले के लोगों द्वारा विरोध जताने पर हमलावर फरार हो गए थे.
वीडियो: मोजतबा खामेनेई ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के लिए नया प्लान बनाया?


