अस्पताल में बेटी की मौत से भड़के मायके वाले दामाद को अगवा करके ले गए, शव मिला है
Udaipur woman death husband kidnapped killed: उदयपुर में एक महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने उसके पति की हत्या कर दी. माइके वालों ने ससुराल पक्ष पर महिला की हत्या का आरोप लगाते हुए ये कदम उठाया. घटना के बाद से इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है.

राजस्थान के उदयपुर में एक महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने उसके पति की कथित तौर पर हत्या कर दी. महिला कुछ समय से बीमार थी और उसका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था. मगर ट्रीटमेंट के बीच में ही उसने दम तोड़ दिया. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया और पति का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद से इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है.
ये मामला ओगणा थाना क्षेत्र के चोखलाबारा गांव का है. 24 अप्रैल को पारू (25) नाम की महिला की तबीयत बिगड़ गई थी. इलाज के लिए महिला के ससुराल वाले उसे ओगणा अस्पताल ले गए थे. हालत ज्यादा बिगड़ती देख डॉक्टर्स ने उसे उदयपुर के महाराणा भूपाल (MB) अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान 28 अप्रैल को उसकी मौत हो गई.
पत्नी के दुनिया छोड़ चले जाने की जानकारी पति पिंटूलाल ने अम्बावी में रहने वाले अपने ससुराल वालों को दी. लेकिन मायके वाले पति पर ही हत्या का आरोप लगाने लगे. इंडिया टुडे के पत्रकार पंकज शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, 28 अप्रैल को अम्बावी से पीहर पक्ष के दर्जनों लोग चोखलाबार पहुंचे और पिंटूलाल के घर पर तोड़फोड़ शुरू कर दी. गांववालों ने पुलिस को मामले की सूचना दी. पुलिस टीम के वहां पहुंचने के बाद भी महिला के घरवाले तोड़फोड़ करते रहे.
गांव वालों ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी मूकदर्शक बन कर खड़े रहे. एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों को तोड़फोड़ करते देखा जा सकता है, जबकि एक पुलिसवाला वहीं पास में खड़ा हुआ है और फोन में घटना को रिकॉर्ड कर रहा है.
हालात और बिगड़ने के डर से पिंटूलाल और उसका परिवार उस इलाके से भाग गए. बाद में स्थिति को काबू में कर लिया गया. लेकिन मामला अभी और बिगड़ना था. अगली सुबह यानी बुधवार को महिला का भाई करण अपने कई साथियों के साथ वापस आया. और बंदूक की नोक पर अपने जीजा को अगवा कर ले गया. गांव वालों ने पुलिस को अपहरण के बारे में सूचना दी. लेकिन पुलिस जब तक पिंटू के पास पहुंचती, उसकी हत्या हो चुकी थी.
पुलिस को पिंटू का शव जंगल में मिला था. मौके से आरोपी फरार हो गए थे. पुलिस उनकी तलाश कर रही है.
वीडियो: जूनागढ़ राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा में दलितों के साथ घटिया हरकत करने वाले कौन?

