'एक्स्ट्रा 40 रुपये नहीं दिए तो Uber ड्राइवर ने मुझे थप्पड़ मारा', कॉन्टेंट क्रिएटर का आरोप
Mumbai में एक महिला कॉन्टेंट क्रिएटर शिवानी ने एक Uber ड्राइवर पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. घटना की शिकायत के बाद महिला ने कंपनी पर भी सवाल उठाया. वो मामले में कंपनी की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं.

मुंबई की एक महिला कॉन्टेंट क्रिएटर ने Uber ड्राइवर पर ‘मारपीट’ करने का आरोप लगाया है. उसने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके दी. अपने वीडियो में महिला ने कंपनी पर भी गंभीर आरोप लगाए. महिला के आरोपों पर Uber की भी प्रतिक्रिया आई है, लेकिन पीड़िता उससे संतुष्ट नहीं है. उन्होंने घटना की शिकायत पुलिस से भी की है.
Uber और उसके ड्राइवर पर आरोप लगाने वाली महिला का नाम शिवानी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 23 मई, 2026 को एक वीडियो शेयर किया था. वीडियो में शिवानी ने बताया कि वो महालक्ष्मी इलाके से नेरुल जा रही थीं. इस ट्रैवल के लिए उन्होंने कैब बुक की थी. बुकिंग के समय कैब का किराया करीब 460 रुपये दिखा रहा था, लेकिन नेरुल पहुंचने पर वो 501 हो गया. शिवानी का कहना है कि उन्होंने ऑनलाइन पेमेंट कर दिया था.
40 रुपये पर Uber ड्राइवर ने महिला को मारा थप्पड़?शिवानी ने वीडियो में ड्राइवर पर आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रिप पूरी होने के बाद ड्राइवर ने उनसे एक्स्ट्रा 40 रुपये की डिमांड की. बताया कि उसने टोल टैक्स के पैसे दिए हैं. इसलिए उसे एक्स्ट्रा 40 रुपये चाहिए. शिवानी ने ड्राइवर से कहा कि ऐप पर जितने पैसे दिखा रहे थे, उन्होंने पे कर दिया है. इसके अलावा वो पेमेंट नहीं करेंगी.
उनके मुताबिक, इस बात से ड्राइवर भड़क गया और गुस्से में बातें करने लगा. शिवानी का आरोप है कि ड्राइवर उन्हें कैब से निकलने भी नहीं दे रहा था. आगे शिवानी ने दावा किया है कि गुस्साए ड्राइवर ने उनको धक्का देकर 'थप्पड़' भी मारा, जिसके बाद उन्होंने मदद के लिए अपने ऑफिस के दोस्तों को बुलाया. उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि इस दौरान ड्राइवर ने कहा, “फिर मारकर दिखाऊं क्या.”
ड्राइवर के साथ हुए विवाद के बाद शिवानी ने थाने में शिकायत भी की. उनका आरोप है कि शिकायत के बाद ड्राइवर ने उन पर ही आरोप लगाना शुरू कर दिया.
शिवानी का ये भी आरोप है कि घटना की शिकायत करने पर कंपनी ने उनका अकाउंट ब्लॉक कर दिया, जबकि ड्राइवर अब भी कंपनी से जुड़ा हुआ है.
इस मामले को लेकर शिवानी ने इंस्टाग्राम पर कई पोस्ट शेयर किए, जिसके बाद Uber ने उनके आरोपों पर अपनी सफाई दी. कंपनी ने कॉमेंट सेक्शन में लिखा , 'आपके साथ जो कुछ भी हुआ उसका हमें दुख है. सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और Uber में इस तरह की शारीरिक हिंसा या डराने धमकाने वालों के लिए कोई जगह नहीं है."

कंपनी ने आगे लिखा कि हम ड्राइवर के बर्ताव की कड़ी निंदा करते हैं. कंपनी की पॉलिसी के हिसाब से एक्शन लिया गया है. हमने आपका अकाउंट शुरू कर दिया है. और जब पुलिस आगे कानूनी कार्रवाई के लिए संपर्क करेगी, तो हम आपकी मदद के लिए हाजिर रहेंगे.
हालांकि, शिवानी कंपनी के जवाब और उनकी कार्रवाई से बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं. इसके बाद भी उन्होंने अपने साथ हुए हिंसक बर्ताव के लिए कंपनी से जवाब मांगा है.
वीडियो: Delhi Malviya Nagar Fire: हादसे के बाद सड़कों पर घूमता हुआ आरोपी लवकेश बजाज कौन है?

