'हमें लगा संस्कारी लड़की घर आई है लेकिन... ', ट्विशा की रिटायर्ड जज सास ने अपना पक्ष रखा
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद ससुराल के लोगों पर कई आरोप लग रहे हैं. परिजनों के आरोपों के बाद पहली बार ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह मीडिया के सामने आई हैं. उन्होंने तमाम आरोपों पर सफाई दी है.

भोपाल के ट्विशा डेथ केस में कुछ नई चैट्स सामने आई हैं. ये ट्विशा के वो मैसेज हैं जो उन्होंने जान देने से 2-3 दिन पहले अपनी मां को भेजे थे. ये मैसेज ट्विशा के परिवार ने कोर्ट के सामने पेश किए, ये साबित करने के लिए कि ट्विशा का ससुराल में लगातार मेंटल हरासमेंट हो रहा था. 8 मई को ट्विशा ने लिखा था, ‘मां आप मुझे यहां से ले जाओ प्लीज़. क्यों भेजा मुझे यहां? ये यहां बात ही नहीं कर रहा है.’
दूसरी तरफ ट्विशा का जो ससुराल पक्ष है, यानी जो डिफेंस है, वो इन चैट्स को कोर्ट में एडिटेड बता रहा है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्विशा के पति समर्थ सिंह की तरफ से पेश हुए वकील एनोश जॉर्ज कार्लो ने कहा, ‘इन चैट्स को एडिट किया गया है. कुछ हिस्से गायब किए गए हैं. इससे ये नहीं साबित होता कि मृतका को टॉर्चर किया गया था.’
ट्विशा के पैरेंट्स ने FIR में बेटी के पति समर्थ सिंह और सास रि. जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ शिकायत लिखवाई है. गिरिबाला को तो अग्रिम ज़मानत मिल गई है. लेकिन समर्थ फरार है, और उसे पकड़ने के लिए टीम बनाई गई है.
जब ट्विशा की मौत हुई, वो दो महीने की प्रेग्नेंट थी. इस प्रेग्नेंसी को लेकर भी विवाद था. ट्विशा के परिवार का आरोप है कि बेटी पर अबॉर्शन का दबाव बनाया जा रहा था. साथ में समर्थ उसके कैरेक्टर पर उंगली उठाता है. ये आरोप ट्विशा के पेरेंट्स के हैं.
दूसरी तरफ ससुराल पक्ष का कहना है कि ट्विशा खुद अपनी प्रेग्नेंसी से परेशान थी, और हाउस वाइफ बनकर नहीं रहना चाहती थी. आरोप है कि प्रेग्नेंसी की वजह से ट्विशा मेंटली अनस्टेबल हो रही थी. और ड्रग्स लेती थी. ट्विशा की सास यानी रि. जज कई बार ये आरोप लगा चुकी हैं कि मृतका ड्रग एडिक्ट थी. जबकि, ट्विशा के पेरेंट्स इससे इंकार करते हैं.
ट्विशा के फोन में कई ऐसे मैसेज मिले हैं, जिसे देखकर समझ आता है कि वो परेशान थीं. मौत से कुछ घंटे पहले उसने अपनी दोस्त को लिखा था, 'मैं बुरी तरह फंस गई हूं.'
ट्विशा की सास ने मीडिया से क्या कहा?तमाम आरोपों के बाद 18 मई को ट्विशा की मां गिरिबाला सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. गिरिबाला सिंह ने कहा कि उनके और हमारे परिवेश में फर्क था. लेकिन समर्थ और ट्विशा की मर्जी थी तो परिवार एक हुए. हमें लगा था कि एक संस्कार वाली लड़की हमारे घर आई है लेकिन उसका पूजा करना और संस्कार ये सब एक्टिंग की तरह था.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गिरिबाला सिंह रोने लगीं. उन्होंने कहा, ''बेटे और बहू ने एक दूसरे को पसंद किया था. वो बिना ब्याहे पहले घर आई थी तो हमें अटपटा लगा. शादी के बाद हमें लगा कि वो ऐसी नहीं थी. वो एक्टिंग कर रही थी.''
ट्विशा शर्मा के बारे में उन्होंने आगे कहा, "एक बहू और एक बेटी दोनों बराबर होती है. मुझे उम्मीद थी कि ट्विशा में परिवर्तन होगा. 5 महीने में वो 5 बार दिल्ली गई. जब वो आती थी तो बदली रहती थी. उसे कम उम्र में ग्लैमर वर्ल्ड में पुश किया गया. उसका जाना नाइट मेयर है. उसने अबॉर्शन अपनी मर्जी से कराया था. उसका साइकाइट्रिक ट्रीटमेंट चल रहा था. काउंसिलिंग का सेशन था. उसका जाना हमारा लॉस है."
गिरिबाला सिंह ने ये भी कहा, “अगर लड़की झूल जाती है और लड़के नहीं झूल पाते हैं तो क्या वो आरोपी हो जाते हैं? लड़की के पिता की पर्सनैलिटी ठीक नहीं है. वो भी बहुत अजीब हैं. मैंने उनकी मां को बुलाया कि यहां रहिए. कम से कम उसके शरीर को शांति से जाने दीजिए.”
गिरिबाला सिंह ने ये भी कहा कि उनके पति देश के लिए शहीद हुए हैं. शहीद की पत्नी को सम्मान नहीं दे सकते, ये कैसे लोग हैं? सामान्य आदमी को बेल हो जाती है. हमारा जज होना क्या गुनाह है?
बता दें कि ट्विशा नोएडा की रहने वाली थीं. मिस पुणे रह चुकी थीं, कुछ फिल्मों में काम किया था, MBA किया, कुछ साल दिल्ली में नौकरी भी की, फिर भोपाल में रि. जज के बेटे समर्थ से शादी की. और शादी के ठीक 5 महीने बाद अपनी जान दे दी.
वीडियो: ट्विशा शर्मा केस में CCTV फुटेज खोलेगा राज़? पति समर्थ सिंह भी आया नजर


