The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Telangana MGNREGA Laborer Attendance Marked On Borrowed Hair Video Viral Mahabubabad

गंजा होकर आए मजदूर को ऐप ने नहीं पहचाना, महिला ने सिर पर बाल रखे तो अटेंडेंस लगी

महिला की सलाह पर श्रीनिवास और उनके सुपरवाइजर ने वैसा ही किया. उन्होंने महिला के लंबे बालों को अपने सिर पर रखा. इसके बाद सुपरवाइजर ने ऐप पर उनके चेहरे को स्कैन किया. इस बार ऐप ने श्रीनिवास को पहचान लिया और उनकी हाजिरी लग गई.

Advertisement
pic
pic
प्रगति पांडे
| अब्दुल बशीर
29 मई 2026 (अपडेटेड: 29 मई 2026, 11:54 PM IST)
Telangana, MGNREGA,
तेलंगाना में मजदूर को उधार के बालों पर हाजिरी लगानी पड़ी. (फोटो- इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

तेलंगाना के कई सरकारी दफ्तरों में फेशियल रिकग्निशन सिस्टम से हाजिरी लगाई जाती है, लेकिन यह सिस्टम कथित तौर पर एक मजदूर को पहचानने में फेल हो गया. मजदूर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) योजना के तहत काम करता है. उसके सुपरवाइजर ने हाजिरी लगाने के लिए फेस को स्कैन किया, लेकिन सिर पर बाल न होने की वजह से सॉफ्टवेयर उसे पहचान ही नहीं पाया और उसकी हाजिरी नहीं लग पाई. बाद में मजदूर को उधार के बालों पर हाजिरी लगवानी पड़ी. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

गंजा होकर आए मजदूर को सॉफ्टवेयर ने नहीं पहचाना

महबूबाबाद जिले स्थित इनुगुर्थी मंडल के कोटिपल्ली गांव के श्रीनिवास को इस अजीब अनुभव से दो-चार होना पड़ा. इंडिया टुडे से जुड़े अब्दुल बशीर की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीनिवास ने हाल ही धार्मिक मान्यताओं की वजह से अंजनेय स्वामी मंदिर में अपने सिर के बालों को चढ़ाया था. इसकी वजह से वह गंजे हो गए हैं.

गुरुवार, 28 मई को बिना बालों के श्रीनिवास अपने काम पर लौटे. हाजिरी के समय उनके सुपरवाइजर ने बायोमेट्रिक अटेंडेंस के लिए ऐप से चेहरे को स्कैन किया, लेकिन हाजिरी नहीं लगी. ऐप में इन्स्टॉल सिस्टम ने श्रीनिवास को पहचाना ही नहीं. अब श्रीनिवास परेशान हो गए. बाद में उनके साथ में काम करने वाली एक महिला ने अपने लंबे बालों को उनके सिर पर रखकर स्कैन करने की सलाह दी.

महिला की सलाह पर श्रीनिवास और उनके सुपरवाइजर ने वैसा ही किया. उन्होंने महिला के लंबे बालों को अपने सिर पर रखा. इसके बाद सुपरवाइजर ने ऐप पर उनके चेहरे को स्कैन किया. इस बार ऐप ने श्रीनिवास को पहचान लिया और उनकी हाजिरी लग गई.

यह भी पढ़ें: 38 करोड़ 'ब्लड मनी' देकर भारत लौटे अब्दुल रहीम, सऊदी अरब ने मौत की सजा क्यों दी थी?

ऐसा कारनामा करते समय किसी ने रिकॉर्ड कर लिया था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में मजदूर को अपने सिर पर महिला के बाल को लगाते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है. हालांकि, श्रीनिवास की हाजिरी तो लग गई, लेकिन सरकारी फेशियल रिकग्निशन टेक्नोलॉजी की कमियों पर सवाल भी खड़े हो गए.

वीडियो: क्या यशस्वी जायसवाल IPL 2026 के बाद राजस्थान रॉयल्स का साथ छोड़ देंगे?

Advertisement

Advertisement

()