TCS यौन उत्पीड़न केस: आरोपी दानिश शेख की मां सामने आईं, पीड़िता के लिए क्या कहा?
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) नासिक के कई कर्मचारियों पर यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोप लगे हैं. दानिश शेख उनमें से एक है. दानिश पर एक महिला कर्मचारी ने यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है. लेकिन दानिश की मां ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है.

नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की एक बीपीयू यूनिट विवादों में है. इसके कई कर्मचारियों पर धर्म परिवर्तन कराने से लेकर यौन उत्पीड़न तक के आरोप लगे हैं. पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दानिश शेख उनमें से एक है. उस पर एक महिला कर्मचारी से शादी का झांसा देकर रेप करने और धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगा है. अब दानिश की मां का बयान आया है. उन्होंने पीड़िता पर दानिश को फंसाने का आरोप लगाते हुए उसे बेकसूर बताया है.
इंडिया टुडे से जुड़े दिव्येश सिंह ने दानिश शेख की मां तबस्सुम शेख से बात की है. उन्होंने बताया कि उनका बेटा बेकसूर है. उस पर लगे यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण के आरोप पूरी तरह से गलत है. धर्मांतरण के सवाल पर दानिश की मां ने कहा,
दानिश ने किसी का धर्मांतरण कराने की कोशिश नहीं की. हमारा धर्म सबका सम्मान करना सिखाता है, तो मेरा बेटा ऐसा क्यों करेगा? मेरा बेटा बहुत अच्छा इंसान है. वह सभी का सम्मान करता है.
पीड़िता का आरोप है कि दानिश ने शादी का झांसा देकर उसका यौन उत्पीड़न किया. पीड़िता के साथ रिश्ते के सवाल पर दानिश की मां ने बताया,
मेरे बेटे की एक खूबसूरत पत्नी है और दोनों साथ में बहुत खुश थे. वह किसी दूसरी महिला से रिश्ता क्यों रखेगा? मुझे उसके रिश्ते के बारे में कुछ नहीं पता. वह (पीड़िता) सिर्फ एक दोस्त थी और दानिश ने उसके बारे में अपनी पत्नी को बता रखा था.
पीड़िता ने बताया कि दानिश ने उससे अपनी शादी की बात छुपा कर रखी थी. उसकी पत्नी ने पीड़िता को दानिश के शादीशुदा होने और दो बच्चों का बाप होने की बात बताई थी. इसके बारे में पूछे जाने पर दानिश की मां ने बताया,
दानिश ने अपनी पत्नी को यही बताया होगा कि वह (पीड़ित महिला) सिर्फ एक दोस्त है. वह उसे कभी घर नहीं लाया.
दानिश की मां ने दावा किया कि उनका बेटा एक अच्छा इंसान है, उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है. उसे इस मामले में फंसाया गया है. उन्होंने आगे बताया,
बाकी सभी लड़के भी बहुत अच्छे हैं और वे सब भी बेकसूर हैं. तौसीफ भी बहुत अच्छा लड़का है. उसके खिलाफ लगाए गए आरोप सच नहीं हैं.
तौसीफ दानिश शेख का सहकर्मी और दोस्त है. उस पर भी पीड़िता ने यौन उत्पीड़न की कोशिश और धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है. दानिश की मां ने पीड़िता पर अपने बेटे को फंसाने का आरोप लगाया है. उन्होंने भावुक होकर कहा,
उस महिला ने मेरे बेटे को फंसाया है. घर में मेरी मदद करने वाला कोई नहीं है. मैं दर-दर भटक रही हूं. मेरी बहू डिप्रेशन में चली गई है. उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है. उसके बच्चे दिन रात रोते रहते हैं. इस बुढ़ापे में अपने बेटे को जेल से छुड़ाने के लिए मैं अकेली ही भाग-दौड़ कर रही हूं.
महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले में जांच के लिए SIT बनाई है. SIT ने दानिश शेख और तौसीफ अख्तर समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है. TCS से जुड़ी कई और महिलाओं ने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है.
वीडियो: TCS नासिक में पुलिस का 'सीक्रेट मिशन', सामने आए यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन के कई मामले

