The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Tamil Nadu Rape case accused shot at after he attacked SI and police constable Thoothukudi

गैंगरेप के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस, उसने हंसिये से हमला कर दिया, पुलिस ने भी जवाब में गोली चला दी

Thoothukudi Rape case accused shot: फिलहाल, आरोपी और दो पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती हैं. उनका इलाज चल रहा है. पुलिसकर्मियों से मुलाकात करने ज़िले के SP भी हॉस्पिटल पहुंचे थे. क्या है पूरा मामला?

Advertisement
pic
25 फ़रवरी 2025 (पब्लिश्ड: 01:40 PM IST)
Rape case accused shot at after he attacked SI
आरोपी ने SI और कॉन्सटेबल पर हंसिये से हमला कर दिया. (प्रतीकात्मक तस्वीर - इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

तमिलनाडु के थुथुकुडी ज़िले की पुलिस का कहना है कि उसे एक गैंगरेप के आरोपी पर गोली चलानी पड़ी (Thoothukudi Rape case accused shot). क्योंकि आरोपी ने एक सब-इंस्पेक्टर और एक कॉन्स्टेबल पर हंसिए (Sickle) से हमला कर दिया. ये हमला उन पर तब हुआ, जब पुलिस, आरोपी को गैंगरेप के मामले में पकड़ने गई थी.

आरोपी और पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए थूथुकुडी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. थूथुकुडी के SP अल्बर्ट जॉन ने 24 फ़रवरी की रात घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात भी की है.

पूरा मामला क्या है?

कुछ दिन पहले, कोविलपट्टी इलाक़े में 2 अज्ञात लोग एक रिहायशी इलाक़े में जबरन घुस गए. यहां उन्होंने चाकू की नोंक पर एक महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया. महिला अपने बच्चे के साथ वहां रह रही थी. तभी दोनों ने घटना को अंजाम दिया. द हिंदू की ख़बर के मुताबिक़, बाद में महिला ने घटना के बारे में अपने पति को बताया. पति पड़ोसी राज्य में काम करता था.

ख़बर मिलने के बाद, वो अपनी पत्नी से मिलने के लिए वापस पहुंचा. इसके बाद दंपत्ति कोविलपट्टी पश्चिम पुलिस स्टेशन गए. वहां उन्होंने शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद फिंगरप्रिंट और फोरेंसिक स्पेशलिस्ट ने घटनास्थल का दौरा किया. फिर अपराधियों की पहचान के लिए खोजी कुत्ते को काम पर लगाया गया. जांच के दौरान, पुलिस ने अपराधियों की पहचान की.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक़, एक की पहचान कोविलपट्टी-तिरुनेलवेली 4-लेन नेशनल हाईवे पर ईबी कॉलोनी में रहने वाले 28 साल के जी. मरिअप्पन के रूप में हुई. दूसरे की पहचान कोविलपट्टी के वीरवंची नगर में रहने वाले 27 साल के वी. मारिसेल्वम दे रूप में. दोनों घटना के बाद अंडरग्राउंड हो गए थे.

ये भी पढ़ें- शादी से लौट रही थीं 5 लड़कियां, 18 लड़कों के समूह ने अगवा किया, फिर 3 के साथ गैंगरेप किया

बाद में पुलिस को ख़बर मिली कि एक आरोपी मरियप्पन कोविलपट्टी के पास एक पहाड़ी में छिपा हुआ है. इसके बाद, पुलिस की एक टीम 24 फ़रवरी को उसे पकड़ने के लिए मौक़े पर पहुंची. पुलिस को आते देख, मरियप्पन भागने की कोशिश करने लगा. इस दौरान वो एक चट्टान से नीचे गिर गया. बताया गया कि इससे उसके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया.

उसे इलाज के लिए तिरुनेलवेली मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिर उसने पुलिस को दूसरे आरोपी वी. मारिसेल्वम के बारे में बताया. इस जानकारी के आधार पर, सब-इंस्पेक्टर राजा प्रभु के नेतृत्व में एक अन्य पुलिस दल को मारिसेल्वम को पकड़ने के लिए भेजा गया.

आरोपी मारिसेल्वम पुडुकोट्टई पुलिस स्टेशन की सीमा के अंदर आने वाले कूट्टमपुली के पास जंगल में छिपा हुआ था. ऐसे में SI राजा प्रभु और पुलिस कांस्टेबल पोनराम वहां पहुंचे. इस दौरान आरोपी मारिसेल्वम ने उन पर हंसिए से हमला किया. इससे पुलिसकर्मियों के हाथों पर कट लग गए.

पुलिस अधिकारियों ने आगे बताया कि राजा प्रभु ने आत्मरक्षा में मारिसेल्वम पर गोली चलाई. इससे उसके बाएं पैर में चोट लग गई है. फिलहाल, आरोपी और दोनों पुलिसकर्मी, तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

वीडियो: हरियाणा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली और सिंगर रॉकी मित्तल पर युवती से गैंगरेप का आरोप

Advertisement

Advertisement

()