7 बंदूकें, 371 कारतूस, 167 एयर गन की गोलियां, तलवार-चाकू... रीलबाज के यहां मिला हथियारों का जखीरा
Surendra Pandurang Patil arrested: रीलबाज सुरेंद्र पांडुरंग पाटिल के घर से बरामद बंदूकों में 5 देसी पिस्तौल और रिवॉल्वर शामिल हैं, जबकि कुछ पर 'Made in USA' और 'Special Auto' की नक्काशी पाई गई है. पुलिस के मुताबिक, हथियारों का सारा जखीरा इस्तेमाल के लिए पूरी तरह तैयार हालत में था.

सोशल मीडिया पर रीलबाजी, लेकिन घर में हथियारों का जखीरा. क्या बंदूक, क्या कारतूस, क्या चाकू और तलवार, आरोप है कि रीलबाज सुरेंद्र पांडुरंग पाटिल ने गैर-कानूनी रूप से घर में इन हथियारों को छिपाकर रखा था. बरामदगी कहां हुई? जूतों की रैक में. पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र पाटिल को गिरफ्तार कर लिया है.
मामला महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली का है. हथियारों का जखीरा बरामद होने पर सुरेंद्र पाटिल को जेल भेज दिया गया है. वो दो हफ्ते पहले ही जेल से छूटकर आया था. सुरेंद्र पाटिल गैंगस्टर-स्टाइल में वीडियो बनाता है. आजतक से जुड़े मिथलेश गुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, 55 साल का सुरेंद्र पाटिल एक बिल्डर और हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर रेप जैसे गंभीर आरोप हैं.
क्राइम ब्रांच को गुप्त जानकारी मिली थी. इसके बाद पुलिस ने शनिवार, 30 मार्च की देर रात सुरेंद्र पाटिल के दावड़ी स्थित बंगले पर छापा मारा. तलाशी के दौरान पुलिस को एक जूतों की रैक में एक छिपा हुआ कम्पार्टमेंट मिला. जब नकली पैनल हटाया गया, तो हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद हुआ.
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने 7 बंदूकें, 371 जिंदा कारतूस और 167 एयर गन की गोलियां बरामद की हैं. तलवारें, चाकू, हंसिया (कोयते) और दूसरे धारदार हथियार भी जब्त किए गए. बरामद हथियारों की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है.
जांच में पता चला कि बरामद बंदूकों में 5 देसी पिस्तौल और रिवॉल्वर शामिल थीं, जबकि कुछ पर 'Made in USA' और 'Special Auto' की नक्काशी पाई गई. पुलिस के मुताबिक, ये सारा जखीरा इस्तेमाल के लिए पूरी तरह तैयार हालत में था.
सुरेंद्र पांडुरंग पाटिल के इंस्टाग्राम पर 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. उसका दावा है कि उसने अपने वीडियो में इन हथियारों का इस्तेमाल प्रॉप्स के तौर पर किया है. हालांकि, पुलिस उसके बयान की सच्चाई की जांच कर रही है.
फिलहाल, सुरेंद्र पाटिल के खिलाफ आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है, और वापस जेल भेज दिया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल क्रिमिनल एक्टिविटी के लिए किया जा रहा था या सप्लाई के लिए. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला सोशल मीडिया पर पॉपुलैरिटी पाने के लिए गैर-कानूनी हथियारों के इस्तेमाल के बढ़ते ट्रेंड को दिखाता है.
वीडियो: नालंदा के शीतला माता मंदिर में भगदड़ मची, 8 की मौत, चश्मदीदों ने सब बताया

.webp?width=60)
