The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Sp MP Ramji lal Suman convoy attacked by Karni Sena threw tyres on vehicles Aligarh Uttar Pradesh

रामजी लाल सुमन के काफिले पर करणी सेना का हमला, MP बोले- 'हत्या करने आए थे...'

SP सांसद Ramji Lal Suman के काफिले पर Aligarh में हमला हुआ है. Rana Sanga पर विवादित बयान देने वाले रामजीलाल सुमन का Karni Sena लगातार विरोध कर रही है. आरोप है कि करणी सेना के प्रदर्शन की वजह से SP सांसद के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं.

Advertisement
pic
pic
मौ. जिशान
| अकरम खान
27 अप्रैल 2025 (पब्लिश्ड: 10:26 PM IST)
Ramji Lal Suman, Karni Sena
SP सांसद रामजी लाल सुमन के काफिले पर हमला किया गया (X)
Quick AI Highlights
Click here to view more

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन (Ramji Lal Suman) के काफिले पर शनिवार, 27 अप्रैल को अलीगढ़ में हमला हुआ. घटना खेरेश्वर चौराहा हाईवे की है, जहां उनका काफिला तेज रफ्तार से गुजर रहा था. इसी दौरान करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर काले झंडे दिखाते हुए विरोध किया. आरोप है कि इस वजह से काफिले में हड़बड़ी मची और कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं. हादसे में कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ.

इंडिया टुडे से जुड़े अकरम खान की रिपोर्ट के मुताबिक, करणी सेना पहले से ही रामजी लाल सुमन के विरोध में थी. एक दूसरी जगह कुछ कार्यकर्ताओं ने रामजीलाल सुमन के काफिले पर टायर भी फेंके. करणी सेना ने उन्हें आगरा से बुलंदशहर जाने से रोकने की चेतावनी दी थी. इसे लेकर करणी सेना ने मडराक टोल, आगरा हाईवे ब्रिज और गभाना टोल पर उन्हें रोकने का प्लान बनाया था.

रामजीलाल सुमन दलित पीड़ितों से मिलने के लिए बुलंदशहर जा रहे थे. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा,

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के आदेश अनुसार तीन दिन से हमारा वहां जाने का प्रोग्राम था. इसका सीधा मतलब ये हुआ कि पुलिस को पता था. प्रशासन को पता था. खुफिया तंत्र को पता था. टोल प्लाजा गभाना पूरा छावनी बना हुआ था. हमें नहीं जाने दिया. उससे पांच सौ मीटर दूर अलीगढ़ की तरफ कुछ लोग जमा थे. उन्होंने हमारे काफिले पर हमला किया. हमारी गाड़ी पर तेल डाला. हमारे साथ की गाड़ियों पर के शीशे तोड़े. वो साजिशन हमारे ऊपर हमला करने आए थे. हमारी हत्या करने आए थे.

उन्होंने आगे कहा, ‘राज्य सरकार का ऐसे तत्वों को संरक्षण प्राप्त है और यही कारण है की आज हमारे ऊपर कातिलाना हमला करने आए.’

इस मामले में अलीगढ़ के एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि गभाना थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है. उन्होंने कहा,

थाना गभाना का एक प्रकरण संज्ञान में आया है, जिसमें सांसद रामजीलाल सुमन के काफिले पर कुछ लोगों द्वारा टायर फेंकने की बात सामने आई है. इस संबंध में अवगत कराना है कि थाना गभाना पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है और विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है. 

एसपी सिटी ने आगे बताया कि रामजीलाल सुमन को अलीगढ़ से सकुशल निकाला जा चुका है. उन्होंने यह भी साफ किया कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है.

रामजीलाल सुमन पर हुए हमले की समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी कड़ी निंदा की है. उन्होंने एक्स पर कहा,

सांसद माननीय रामजी लाल सुमन जी के काफिले पर टायर और पत्थर फेंककर जो जानलेवा हमला हुआ है वो उस एक्सीडेंट का कारण बना है, जो प्राणांतक दुर्घटना में भी बदल सकता था. ये एक आपराधिक कृत्य है. इतने टायर एक साथ इकट्ठा करना एक गहरी साजिश का सबूत खुद है. ये एक बार फिर इंटेलिजेंस की गहरी चूक है या फिर जानबूझकर की गई अनदेखी है. अगर शासन-प्रशासन ये सब जानते हुए भी अनजान बनने की कोशिश कर रहा है तो वो ये जान ले कि अराजकता किसी को भी नहीं बख्शती है. एक दिन भाजपाई और उनके संगी-साथी भी ऐसे हिंसक तत्वों का शिकार होंगे.

Akhilesh Yadav Ramji Lal Suman
अखिलेश यादव का एक्स पोस्ट. (X)

अखिलेश यादव ने आगे सवाल किया, ‘देश में एक सांसद के ऊपर हुए जानलेवा हमले का संज्ञान लेना वाला कोई है या फिर ‘पीडीए का सांसद’ होने के कारण वर्चस्ववादियों की सरकार शर्मनाक चुप्पी साधकर भूमिगत हो जाएगी?’

दरअसल, इस साल मार्च में रामजीलाल सुमन ने राजपूत राजा राणा सांगा के बारे में एक विवादित टिप्पणी की थी. इसे लेकर करणी सेना रामजीलाल सुमन का विरोध कर रही है.

वीडियो: पहलगाम हमले के बाद श्रीनगर पहुंचे राहुल गांधी, पीड़ितों से मिलकर ये बात कही

Advertisement

Advertisement

()