The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Six people die inside septic tank including father and son

पिता-पुत्र समेत 6 लोग घर के सेप्टिक टैंक में फंसे, सबकी मौत हो गई

Odisha septic tank tragedy: बताया गया कि सबसे पहले एक मजदूर टैंक के अंदर गया. लेकिन वो बाहर नहीं निकल पाया. आशंका है कि सांस लेने में तकलीफ होने के कारण वो बेहोश हो गया था. उसे बचाने के लिए एक-एक कर 6 और लोग टैंक के अंदर गए. लेकिन वे भी अचेत हो गए.

Advertisement
pic
26 मई 2026 (पब्लिश्ड: 04:33 PM IST)
Odisha septic tank,. Odisha septic tank tragedy
ओडिशा के एक गांव में नया सेप्टिक टैंक बना था. (फोटो-इंडिया टुडे/ सांकेतिक फोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more

ओडिशा के कालाहांडी जिले में एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर फंसने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई. बताया गया कि सभी की मौत जहरीली गैस से दम घुटने की वजह से हुई. एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल है. उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

सेप्टिक टैंक में 6 लोगों की मौत

घटना मंगलवार, 26 मई को कालाहांडी जिले के मदनपुर-रामपुर इलाके के गौड़ कारलाखुंटा गांव में हुई. इंडिया टुडे से जुड़े अजय नाथ की रिपोर्ट के मुताबिक, गांव में ही एक घर के पास नया सेप्टिक टैंक बनाया जा रहा था. कई मजदूर टैंक के अंदर सेट्रिंग का सामान हटाने के लिए गए थे. मगर बंद जगह के अंदर उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी.

बताया गया कि सबसे पहले एक मजदूर टैंक के अंदर गया. लेकिन वो बाहर नहीं निकल पाया. आशंका है कि सांस लेने में तकलीफ होने के कारण वो बेहोश हो गया था. उसे बचाने के लिए एक-एक कर 6 और लोग टैंक के अंदर गए. लेकिन वे भी अचेत हो गए.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. एक लंबे बचाव अभियान के बाद सभी को टैंक से बाहर निकालकर मदनपुर-रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया.

मृतकों के नाम निमाए चरण पाल, आकाश पाल, अदल माझी. बैकुंठ जल, मनारंजन हती और चांद जल हैं. निमाए चरण पाल (48 साल) और आकाश पाल (27 साल) पिता-पुत्र हैं. उनके घर ही सेप्टिक टैंक बनाया जा रहा था. अन्य चार लोगों में से तीन राजमिस्त्री और एक मजदूर हैं.

मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर शोक जताया और मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की.

मामले की सूचना पर मदनपुर-रामपुर पुलिस स्टेशन की पुलिस ने 'अप्राकृतिक मौत'  का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या उस सीमित जगह के अंदर काम करते समय सुरक्षा उपायों का पालन करने में कोई लापरवाही बरती गई थी. सभी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. रिपोर्ट के आने का इंतजार है. 

वीडियो: तमिलनाडु पॉलिटिक्स में नया ट्विस्ट, AIADMK के तीन विधायकों ने TVK जॉइन कर लिया

Advertisement

Advertisement

()