दिल्ली विधानसभा में गेट तोड़कर घुसने वाला गिरफ्तार, गाड़ी भी जब्त
Delhi Assembly Security breach: दिल्ली विधानसभा परिसर में बड़ी सुरक्षा चूक. एक शख्स कार से VIP गेट तोड़कर अंदर घुसा, कुछ देर रुका और गुलदस्ता रखकर फरार हो गया. घटना के बाद VIP गेट नंबर 2 पर सीआरपीएफ की तैनाती की गई है.

दिल्ली विधानसभा कैंपस में एक व्यक्ति कार लेकर घुस गया. उसने बैरिकेडिंग तोड़कर एंट्री ली और कैंपस में गुलदस्ता रखकर फरार हो गया. पुलिस ने एक घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान सरबजीत सिंह के तौर पर हुई है. वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का रहने वाला है. घटना में इस्तेमाल यूपी के नंबर वाली गाड़ी Tata Sieraa भी जब्त कर ली गई है.
जानकारी के मुताबिक, सरबजीत नकाब पहनकर दोपहर करीब 2 बजे VIP गेट नंबर 2 की बैरिकेडिंग तोड़कर कैंपस में घुसा था. उसने कैंपस में एक गुलदस्ता रखा और फिर फरार हो गया. बताया गया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कॉम्प्लेक्स के गेट पर तैनात CRPF के गार्ड उसे पकड़ नहीं पाए. ये घटना ऐसे समय पर हुई है, जब कुछ समय पहले ही विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं.
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी परिसर में आने के बाद सीधे विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर गया और पोर्च के पास बुके रखकर चला गया. हालांकि, गुलदस्ते में कोई बम या कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली. ANI से बात करते हुए घटना के एक चश्मदीद ने बताया कि जब सुरक्षाकर्मी आरोपी की तरफ दौड़े तो वो एक सफेद कार में बैठकर फरार हो गया. चश्मदीद ने कहा,
मैंने एक सफेद कार देखी. उसने गेट पर टक्कर मारी और दिल्ली विधानसभा में घुस आया. कार लगभग 5 मिनट तक अंदर चलती रही. जब एक सुरक्षाकर्मी कार की तरफ दौड़ा तो वो कार को तेजी से भागकर विधानसभा से बाहर निकल गया.
इंडिया टुडे के पत्रकार अरविंद ओझा को एक गवाह ने बताया कि हम ऊपर ग्रिप एरिया के पास खड़े थे. हमने देखा कि एक कार पहले ही अंदर घुस चुकी थी इसलिए हम इस तरफ आए और देखा कि वे एक सफेद कार थी. वो सीधे आई. गेट तोड़ा और दूसरी तरफ से निकल गई. दिल्ली पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी सरबजीत को पकड़ लिया. उससे पूछताछ की जा रही है.
सूत्रों के अनुसार, अधिकारी एंट्री गेट की भी जांच कर रहे हैं और घटना के समय मौजूद विधानसभा कर्मचारियों से पूछताछ कर रहे हैं. घटना के बाद वीआईपी गेट नंबर-2 पर सीआरपीएफ की तैनाती की गई है. फिलहाल, स्थिति सामान्य बताई जा रही है लेकिन सुरक्षा में हुई इस चूक ने कई गंभीर चिंताएं पैदा कर दी . बता दें कि तीन बार के विधायक BJP नेता विजेंद्र गुप्ता को 24 फरवरी 2025 में दिल्ली विधानसभा का स्पीकर नियुक्त किया गया था.
वीडियो: असम चुनाव: पवन खेड़ा के आरोपों पर हिमंता बिस्वा सरमा क्या बोले?

.webp?width=60)
