'उसने और भी गंदी बातें की थीं', समय रैना ने रणवीर अलाहाबादिया की पोल खोल दी
समय रैना ने एक स्पेशल शो के जरिए डार्क स्टैंडअप कॉमेडी की दुनिया में वापसी की है. इस एपिसोड में उन्होंने रणवीर अलाहाबादिया के सवाल पर हुए हंगामे सहित शो को लेकर हुए विवाद पर बात की है. साथ ही उन्होंने इंडियाज गॉड लेटेंट के अगले सीजन के बारे में भी बात की है.

समय रैना. जिनका ‘समय’ खराब हो गया था. पिछले साल इंडियाज गॉट लेटेंट कंट्रोवर्सी के बाद. फिर से 'समय रैना-स्टिल अलाइव' शो से स्टैंड अप कॉमेडी में वापसी की है. उन्होंने इस शो में रणवीर अलाहाबादिया के अश्लील सवाल और शो पर हुए विवाद पर रिएक्ट किया है.
इंडियाज गॉट लेटेंट कंट्रोवर्सी पर समय रैना ने बताया कि जिस एपिसोड पर विवाद हुआ वह 5 घंटे का था. उसे एडिट करके एक घंटे का बनाया गया था. उन्होंने कहा,
कई लोग मुझसे मिलते हैं और पूछते हैं कि समय भाई आप में इतना ही दिमाग है तो आपने बीयर बाइसेप्स (रणवीर अलाहाबादिया) का वो घटिया सवाल एडिट से हटाया क्यों नहीं. मैं तुम्हें मां की कसम सच बताता हूं. उस एपिसोड में बीयर बाइसेप्स ने वो सवाल 8 बार किया था.
समय रैना ने आगे बताया,
इसके अलावा भी उसने कई सवाल किए थे. जब मैंने एडिट देखा तो सोचा कि इसने तो बहुत गंदी बातें की हैं इसमें. चलो एक रख देता हूं, बाकी सब हटा देता हूं. अपने पॉइंट ऑफ व्यू से मैंने तो 99 प्रतिशत कीटाणु मार दिए थे. मुझे क्या पता था कि वो एक प्रतिशत से ही पैनडेमिक हो जाएगा.
क्यों विवाद में पड़े थे समय रैना?
पिछले साल फरवरी में समय रैना के शो इंडियाज गॉट लेटेंट का एक एपिसोड यूट्यूब पर आया था. रणवीर अलाहाबादिया इस शो में गेस्ट जज के तौर पर आए थे. उन्होंने एक कंटेस्टेंट से पैरेंट्स को लेकर एक अश्लील सवाल किया था जिसे यहां लिखा नहीं जा सकता. एपिसोड आने के बाद इसकी एक क्लिप वायरल हो गई.
इसके बाद पहले तो सोशल मीडिया पर हंगामा हुआ. फिर समय रैना और शो से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज की गईं. विवाद बढ़ने पर रणवीर अलाहाबादिया ने माफीनामा जारी किया. वहीं समय रैना को शो के सभी एपिसोड डिलीट करने पड़े.
सीजन 2 लेकर आएंगे
'समय रैना-स्टिल अलाइव' शो फिलहाल एक ही एपिसोड का था. समय ने बताया कि वे जल्द ही 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' जल्द ही लेकर आने वाले हैं. उन्होंने ये भी साफ किया कि सीजन 2 को वे और भी वाइल्ड अंदाज में लाना चाहते हैं. उन्होंने मजाक में कहा कि दर्शक तो केवल सेंसर के बाद वाला सॉफ्ट वर्जन ही देख पाते हैं. समय रैना का स्पेशल शो यूट्यूब पर रिलीज होते ही करोड़ों व्यूज बटोर चुका है.
वीडियो: समय रैना के केस पर सुप्रीम कोर्ट ने क्या फैसला सुनाया?

