42 सेकेंड में 36 डंडे, मदरसे में 10 साल के बच्चे की बेरहमी से पिटाई, 2 गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के Saharanpur में 2 मौलानाओं का एक कथित वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें दोनों आरोपी एक बच्चे को डंडे से पीटते हुए नजर आ रहे हैं.

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें दो मौलाना कथित तौर पर एक बच्चे को डंडे से मारते नजर आ रहे हैं. वहीं, तीसरा इसे फोन में रिकॉर्ड कर रहा है. डेढ़ साल पुराना ये वीडियो अब वायरल हो रहा है, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन कार्रवाई की. मामले में तीन में से 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना सहारनपुर के गंगोह कस्बे का बताई जा रही है. ये वीडियो मदरसा दारूल उलूम जकरिया का बताया जा रहा है.
आरोपियों की पहचान जुनैद और शोएब के तौर पर हुई है. इंडिया टुडे से जुड़े कृष्ण गोपाल राज की रिपोर्ट के मुताबिक, वायरल वीडियो डेढ़ साल पुराना है. वीडियो में जिस बच्चे की पिटाई दोनों मौलाना करते हुए नजर आ रहे हैं, उसकी उम्र 10 साल है.
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक मौलाना बच्चे को उल्टा करके उसके पैर पकड़े है, जबकि दूसरा मौलाना उसे डंडों से लगातार पीट रहा है. बताया गया कि बच्चे को करीब 36 डंडे मारे गए. इस दौरान बच्चा दर्द से चीखता-चिल्लाता रहा और रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. करीब 1 मिनट 49 सेकेंड के इस वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया.
वीडियो वायरल होने के बाद खानपुर गुर्जर गांव के रहने वाले कारी साजिद हसन ने शनिवार, 4 अप्रैल 2026 को थाना गंगोह में शिकायत दर्ज कराई. साथ ही सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने बताया कि मदरसा दारुल उलूम जकरिया में आसपास के बच्चे पढ़ने आते हैं.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बच्चा मदरसा छोड़कर भाग गया था. इसी कारण उसकी पिटाई की गई थी. मामले की पुष्टि गंगोह के CO (Circle Officer) अशोक कुमार सिसोदिया ने की. सिसोदिया ने बताया,
सहारनपुर के कस्बा गंगोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मदरसे में एक बच्चे को दो लोग पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं. दोनों व्यक्तियों के खिलाफ थाना गंगोह में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. वीडियो मदरसा दारुल उलूम जकरिया का पाया गया है. दोनों नामजद अभियुक्त जुनैद और शोएब को गिरफ्तार कर लिया गया है. साथ ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: LPG टैंकरों को रास्ते में रोक-रोक कर कौन 'चूना' लगा रहा?
बता दें कि खबर लिखे जाने तक तीसरे आरोपी के गिरफ्तारी की कोई सूचना नहीं प्राप्त हुई है. तीसरा आरोपी वही शख्स है, जिसने वीडियो रिकॉर्ड किया था.
वीडियो: क्या व्हाइट हाउस के नीचे मिलिट्री बंकर बन रहा है?

.webp?width=60)

