बॉयफ्रेंड को भेजती थी रुपए, मां मना करती थी, नाबालिग बेटी ने प्रेमी संग मिलकर जान से मार दिया
Ranchi Murder Case: पुलिस ने बताया कि 24 अप्रैल की रात महिला की इकलौती बेटी ने रिश्तेदारों को बताया कि बाथरूम में गिरने से उसकी मां की मौत हो गई है. लेकिन, रिश्तेदारों को शक हुआ. उन्होंने बताया कि शव के शरीर पर घाव थे. इसी बात ने पूरा मामला पलट दिया.

झारखंड के रांची में एक महिला के शव को जांच के लिए कब्र से खोदकर बाहर निकाला गया. उनकी मौत 24 अप्रैल की रात को हुई थी, जिसके बाद 26 अप्रैल को उन्हें दफनाया दिया गया. पहले बताया गया कि महिला की मौत बाथरूम में गिरने से हुई थी. लेकिन अब सामने आया है कि महिला की हत्या हुई है. पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला की नाबालिग बेटी को हिरासत में लिया है.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतका की पहचान नाहिद परवीन के तौर पर हुई है. वो डोरंडा थाना क्षेत्र के मनीटोला इलाके की रहने वाली थीं. उम्र 50 साल. पुलिस ने बताया कि 24 अप्रैल की रात महिला की इकलौती गोद ली हुई बेटी ने रिश्तेदारों को बताया कि बाथरूम में गिरने से उसकी मां की मौत हो गई है. महिला के रिश्तेदार उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले हैं. रिश्तेदारों को रांची पहुंचने में समय लग गया. इसी वजह से शव को 26 अप्रैल की सुबह दफनाया गया.
रिपोर्ट के मुताबिक, रिश्तेदारों को शक हुआ. उन्हें पता लगा कि शव के शरीर पर घाव थे. इसके बाद नाहिद परवीन के देवर मोहम्मद हलीम ने 27 अप्रैल को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और जांच की मांग की. पुलिस ने इस मामले में नाबालिग लड़की, उसके कथित प्रेमी अरबाज़ खान और उसके तीन दोस्तों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली.
पुलिस ने बताया पूरा मामलापुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान लड़की ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है. पहले लड़की ने बताया कि 24 अप्रैल की रात कुछ लोग उसके घर में घुसे और उसकी मां को मार दिया. फिर बाद में उसने अपने इन्वॉल्वमेंट की बात कबूल ली. लड़की के पिता एक सरकारी कर्मचारी थे. 5 साल पहले उनकी मृत्यु हो चुकी है. हर महीने उनका पेंशन आती है. आरोप है कि लड़की अपने कथित प्रेमी को पैसे और गिफ्ट भेजती थी. जब मां को पता चला तो उन्होंने पैसे भेजने से मना कर दिया था. रांची सिटी SP पारस राणा ने बताया,
‘लड़की ने बताया कि उसका प्रेमी अपने तीन दोस्तों के साथ उस रात आया था. उन्होंने तकिए से दम घोटकर महिला को मार दिया. फिलहाल इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. लड़की चूंकि नाबालिग है, इसलिए उसे जुवेनाइल करेक्शन होम भेजा जा रहा है. बाकी दो आरोपी अरबाज़ खान और उसके दोस्त को बिहार के गया से गिरफ्तार कर लिया गया है.’
पुलिस ने बताया कि हाल ही में नाहिद ने अपनी बेटी के खर्चों पर रोक लगा दी थी. बेटी की शादी भी कहीं और फिक्स कर दी थी. इसलिए लड़की ने अपने कथित बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर ये पूरी प्लानिंग की. पुलिस मामले की जांच कर रही है और बाकी दो अभियुक्तों की तलाश अब भी जारी है.
वीडियो: रांची की जेल से आया कैदियों के डांस का वीडियो, एक शराब तो दूसरा GST घोटाले का आरोपी

