The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Rajasthan dausa kid missing delhi mumbai expressway digging after 6 years for dead body

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के नीचे दफन है 4 साल का प्रिंस? पड़ोसी भाई-बहन ने की थी हत्या

बच्चे के शव की तलाश के लिए पुलिस NHAI की मदद से खुदाई कर रही है. आशंका है कि शव एक्सप्रेसवे के नीचे हो सकता है, ऐसे में सड़क का हिस्सा भी खोदा जा सकता है. 24 फरवरी को करीब साढ़े तीन घंटे तक जेसीबी मशीन से खुदाई की गई. वहीं 25 फरवरी को भी पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में खुदाई का काम जारी रहा.

Advertisement
pic
26 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 27 फ़रवरी 2026, 09:24 AM IST)
Rajasthan dausa kid missing delhi mumbai expressway
खुदाई के दौरान बच्चे के परिजन हाईवे पर मौजूद रहे. (तस्वीरें- इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

राजस्थान के दौसा से 16 अप्रैल 2020 को 4 साल का प्रिंस अचानक लापता हो गया था. परिवारवालों ने पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट लिखवाई. खुद भी बच्चे की तलाश में देश के अलग-अलग हिस्सों की खाक छानते रहे. तमाम देवी-देवताओं की मन्नतें मांगीं. लेकिन बच्चे का सुराग नहीं मिला. फिर भी परिजनों ने आस नहीं छोड़ी. उम्मीद थी एक दिन खोया बेटा वापस मिलेगा. लेकिन तकरीबन 6 साल बाद पता चला है कि प्रिंस कभी घर नहीं लौटेगा.

इंडिया टुडे से जुड़े संदीप मीणा की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस की जांच में पता चला है कि जिस दिन प्रिंस लापता हुआ था, उसी दिन पारिवारिक रंजिश के चलते पड़ोस के सगे भाई-बहन ने मिलकर उसकी हत्या कर दी थी. हत्या के बाद दो दिन तक शव को घर में छिपाकर रखा गया. फिर रात के अंधेरे में निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास दफन कर दिया. 

उस समय एक्सप्रेसवे और उसके आसपास मिट्टी डालने का काम चल रहा था. आरोपियों ने उसी मिट्टी में शव को दबा दिया था. बाद में एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा हो गया और किसी को कुछ ही पता नहीं चला. पुलिस ने हत्या के आरोपी भाई-बहन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. 

बच्चे के पिता ने बताया कि वो दुबई में थे. 21 फरवरी को खुदाई की सूचना मिलने के बाद वे तुरंत अपने गांव लौट गए. उन्होंने बताया, 

पिछले छह सालों से मैं अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहा हूं. अब तक बच्चे की तलाश में करीब 10 लाख रुपये खर्च हो चुका है. पूरा परिवार पिछले कई सालों से इंसाफ की आस में बैठा है. अब तो आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में हैं. उनको कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए. 

मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस NHAI की मदद से खुदाई कर रही है. आशंका है कि शव एक्सप्रेसवे के नीचे हो सकता है, ऐसे में सड़क का हिस्सा भी खोदा जा सकता है. 24 फरवरी को करीब साढ़े तीन घंटे तक जेसीबी मशीन से खुदाई की गई. वहीं 25 फरवरी को भी पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में खुदाई का काम जारी रहा. इस बीच बच्चे के परिजनों ने उम्मीद जताई है कि उनके बेटे का शव बरामद होगा और पूरी सच्चाई सबके सामने आएगी. 

वीडियो: राजस्थान में नौकरी के नाम पर 53 लोगों को बंधुआ मजदूर बनाने वालों के साथ क्या हुआ?

Advertisement

Advertisement

()