The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Raja Raghuvanshi mother lashes out after Sonam Raghuvanshi granted bail

सोनम को बेल मिली, राजा रघुवंशी की मां ने पुलिस-वकील सबको सुनाया

सोनम का जमानत पर जेल से बाहर आना राजा रघुवंशी की मां उमा को बिल्कुल पसंद नहीं आया. मीडिया से बात करते हुए उनका गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने कानून पर सवाल उठाए और अपने वकील को भी ‘बिका हुआ’ बता दिया.

Advertisement
pic
28 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 10:08 PM IST)
raja raghuvanshi mother uma on Sonam Raghuvanshi bail
सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने से भड़कीं राजा रघुवंशी की मां उमा. (फोटो- India Today)
Quick AI Highlights
Click here to view more

सोनम रघुवंशी को जमानत मिलते ही राजा रघुवंशी की मां उमा का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने कहा कि उनके बेटे की हत्या करने वाली सोनम को जमानत कैसे मिल सकती है? उन्होंने इस केस में ‘पैसे का खेल’ होने का आरोप लगाया और अपने वकील पर भी सवाल उठा दिए. 

उमा रघुवंशी ने कहा कि उन्हें कानून पर भरोसा था, लेकिन कानून 'अंधा' हो गया है. इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी की सोनम से पिछले साल 2025 की मई में शादी हुई थी. दोनों हनीमून पर शिलॉन्ग गए थे. वहां राजा रघुवंशी की हत्या हो गई. इसी मामले में सोनम रघुवंशी शिलॉन्ग की जेल में बंद थी. मंगलवार, 28 अप्रैल को उसे कोर्ट से जमानत मिल गई.

सोनम का जमानत पर जेल से बाहर आना राजा रघुवंशी की मां उमा को बिल्कुल पसंद नहीं आया. मीडिया से बात करते हुए उनका गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने कानून पर सवाल उठाए और अपने वकील को भी ‘बिका हुआ’ बता दिया. उमा ने कहा, 

मेरे बच्चे की हत्या करके उसको (सोनम को) जमानत कैसे मिल सकती है? पहली बात तो ये नहीं समझ आ रही कि कानून कैसे बिक गया? अभी तक तो मैंने (सिर्फ) सोचा था कि अंधा कानून है. लेकिन आज यकीन हो गया कि कानून अंधा होता है.

उमा ने कहा कि उनकी तरफ से केस लड़ने वाला वकील भी बिक गया है. उसने उनको अभी तक ये नहीं बताया कि कोर्ट के अंदर वो क्या कर रहे हैं? उन्होंने कहा,  

हमको कानून पर पूरा विश्वास था लेकिन अब भरोसा हट गया है.  

उमा रघुवंशी ने बताया कि ‘इस केस में पैसों का लेनदेन दूर तक हुआ है. शिलॉन्ग तक पैसे खिलाए गए हैं. पुलिस ने आखिरी समय में हमारा साथ छोड़ दिया.’ उन्होंने यह भी कहा, 

अगर इस मामले में आरोपी लड़की की जगह लड़का होता तो उसे इतनी आसानी से नहीं छोड़ा जाता.

उमा ने इस पूरे मामले की जांच दोबारा केंद्रीय जांच एजेंसी से कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि वो इस केस को लेकर हाईकोर्ट तक जाएंगी और न्याय के लिए हर संभव लड़ाई लड़ेंगी. 

राजा की मां ने आगे कहा कि उन्हें इस बात का बहुत दुख है कि सोनम इतनी जल्दी बाहर आ जाएगी. उसको जमानत मिल जाएगी. सोनम के परिवार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उन लोगों ने अंदर-अंदर कुछ तो गेम खेला है. किसी चीज की हमको भनक तक नहीं लगी. 

बाहर आने के बाद सोनम से मिलने के सवाल पर उमा ने कहा कि वह अपने बेटे के हत्यारे से कभी मिलना नहीं चाहतीं. उन्होंने कहा कि सोनम उनके सामने आएगी तो वह खुद उसे मार डालेंगी.

वीडियो: ट्रंप-रीगन पर अटैक, हिल्टन होटल की पूरी कहानी जानिए

Advertisement

Advertisement

()