The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Rahul Gandhi Arvind Kejriwal yamuna water drink challenges Nayab Singh Saini drinks it

अब राहुल गांधी बोले, "केजरीवाल में यमुना का पानी पिएं, फिर अस्पताल में मिलेंगे"

दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच राहुल गांधी ने अरविंद केजरीवाल को चुनौती दी कि वो यमुना का पानी पीकर दिखाएं. उन्होंने कहा, "मैं अरविंद केजरीवाल को चुनौती देता हूं कि आप यमुना जी का पानी पी लीजिए. आप दिल्ली की जनता को यमुना का गंदा पानी पिलाते हो."

Advertisement
Rahul Gandhi Arvind Kejriwal yamuna water
राहुल गांधी ने अरविंद केजरीवाल को चुनौती देते हुए कहा कि आप यमुना जी का पानी पिएं (फोटो-इंडिया टुड, एक्स)
pic
रितिका
29 जनवरी 2025 (Updated: 29 जनवरी 2025, 12:08 AM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

दिल्ली में यमुना नदी और उसके पानी पर हो रही सियासत के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है. उन्होंने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को यमुना का पानी पीने की चुनौती दी है. साथ ही उन पर जनता से किए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया है.

‘यमुना का पानी पिएं, अस्पताल में मिलेंगे’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 29 जनवरी को दिल्ली के बवाना विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा,

"मैं अरविंद केजरीवाल को चुनौती देता हूं कि आप यमुना का पानी पी लीजिए. आप दिल्ली की जनता को यमुना का पानी पिलाते हो. गंदा पानी पिलाते हो. आप साफ पानी पीते हो. मैं आपको चैलेंज करता हूं कि आज आप जानकर यमुना जी का पानी पियो. उसके बाद अस्पताल में मिलेंगे. मगर आप ऐसा नहीं करेंगे."

राहुल गांधी ने आगे केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा, "आपने कहा था, मैं साफ राजनीति करना चाहता हूं. लेकिन आपने और आपके लोगों ने मिलकर दिल्ली में सबसे बड़ा भ्रष्टाचार किया है. शराब का स्कैम किया. आपने जो वादे किए थे. उन्हें पूरा नहीं किया. आपने झूठे वादे किए थे."

यमुना पहुंचे नायब सिंह सैनी

यमुना नदी को लेकर कांग्रेस ही नहीं बीजेपी भी अरविंद केजरीवाल पर हमलावर है. दिल्ली के पूर्व सीएम ने हरियाणा की बीजेपी सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया था. इसी पर घमासान मचा हुआ है. बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसका जवाब कथित तौर पर यमुना का पानी पीकर दिया. वो दिल्ली के पल्ला गांव पहुंचे थे. यहां उन्होंने यमुना नदी से पानी पीने का दावा किया.

लेकिन AAP मुखिया केजरीवाल ने एक्स पर दावा किया है कि नायब सैनी ने यमुना का पानी पिया ही नहीं. उन्होंने हरियाणा के सीएम का वीडियो साझा करते हुए लिखा,

"हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया. और फिर वही पानी वापस यमुना में थूक दिया. जब मैंने कहा कि अमोनिया की मिलावट के कारण यमुना का पानी दिल्ली वालों की जान के लिए खतरा हो सकता है तो इन्होंने मुझ पर FIR करने की धमकी दी. जिस जहरीले पानी को ये खुद नहीं पी सकते, वही पानी दिल्ली की जनता को पिलाना चाहते हैं. मैं ऐसा हरगिज नहीं होने दूंगा."

अरविंद केजरीवाल के दावे के बाद हरियाणा बीजेपी सरकार के X अकाउंट से जवाब दिया गया, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी रीपोस्ट किया. पार्टी ने लिखा,

“झूठ और फरेब का चश्मा उतारो और दोबारा वीडियो देखो केजरीवाल और अगर हिम्मत है तो दिल्ली की तरफ का यमुना का पानी पीकर दिखाओ. केजरीवाल जी आप तो खुद हरियाणा के कपूत हो और आप जानते हो कि हरियाणा के लोग तो पशु-पक्षियों तक को पानी पिलाकर पुण्य के भागी बनते हैं. हम तो यमुना को माता भी मानते हैं, उनका जल भी पीते हैं. पर आपके जैसे लोग जो हर सच पर थूकने के आदी हैं, उनको सिर्फ वही दिखाई देता है. गोस्वामी तुलसीदास जी ने सही लिखा है कि “जिसकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देख ही तिन तैसी”.”

केजरीवाल ने दिया चुनाव आयोग के पत्र का जवाब

इस बीच अरविंद केजरीवाल ने इसी मुद्दे पर चुनाव आयोग की तरफ से आए पत्र का जवाब भी दिया. 28 जनवरी को चुनाव आयोग ने केजरीवाल को ये पत्र लिखा था. पत्र में आयोग ने यमुना के पानी में जहर होने का सबूत मांगा था. और इसके लिए बुधवार, रात 8 बजे तक का समय दिया था. इंडिया टुडे से जुड़े अमित भारद्वाज की रिपोर्ट के मुताबिक, केजरीवाल ने जवाब में कहा है कि इस बयान के जरिये उनकी तरफ से किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया गया है. उन्होंने चुनाव आयोग से विनती भी की है कि वो साफ पानी मुहैया कराने के मुद्दे में हस्तक्षेप करे और हरियाणा राज्य को निर्देश दे ताकि दिल्ली के नागरिकों को साफ पानी दिया जा सके.

वीडियो: यमुना नदी पर नायब सिंह सैनी ने केजरीवाल को घेरा, बात मानहानि तक पहुंची

Advertisement

Advertisement

()