बीजेपी नेता राघव चड्ढा पर्सनैलिटी राइट को लेकर HC पहुंचे, भ्रामक जानकारी रोकने की मांग
Raghav Chadha ने अपनी पहचान और छवि के गलत इस्तेमाल से बचाने के लिए Delhi High Court में अपील दाखिल की है. उनका कहना है कि Artificial Intelligence (AI) की मदद से उनकी तस्वीर, आवाज और पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता राघव चड्ढा (Raghav Chadha) ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा (Protection of His Personality Rights) के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने अदालत से अपनी पहचान और इमेज के गलत इस्तेमाल को रोकने की गुहार लगाई है. राघव चड्ढा का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से उनकी तस्वीर, आवाज और पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है.
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले की सुनवाई 21 मई को जस्टिस सुब्रमनियम प्रसाद करेंगे. राघव चड्ढा ने अपनी याचिका में मांग की है कि AI से बनाए गए फर्जी वीडियो (Deepfake), एडिट किए गए वीडियो, नकली आवाजें, झूठे भाषण और इस तरह की भ्रामक डिजिटल सामग्री को बनाने और सोशल मीडिया पर फैलाने पर रोक लगाई जाए. चड्ढा ने कोर्ट से कहा कि AI टूल्स के जरिए बनाए गए वीडियो या फोटो लोगों गुमराह कर सकते हैं. इससे उनकी इमेज को नुकसान पहुंच सकता है. ऐसे में उन्हें डिजिटल दुनिया में अपनी पहचान की सुरक्षा चाहिए.
अनिल कपूर, अमिताभ बच्चन को मिल चुकी है राहत
राघव चड्ढा से पहले भी कई हस्तियों ने ये मामला कोर्ट के सामने उठाया है. AI के इस दौर में दिल्ली हाईकोर्ट के पास ऐसे कई मामले आए हैं, जिसमें लोगों ने अपनी पहचान को सुरक्षित की मांग की है. बड़ी हस्तियों में अनिल कपूर, अमिताभ बच्चन और शशि थरूर को कोर्ट से इस मामले में राहत भी मिली है. दिल्ली हाईकोर्ट भी पहले कई मामलों में ये कह चुका है कि मशहूर हस्तियों की पहचान, आवाज और तस्वीर की अपनी एक कीमत और प्रतिष्ठा होती है. ऐसे में इनके गलत इस्तेमाल से उनकी सुरक्षा की जानी चाहिए.
पिछले महीने बीजेपी में शामिल हुए थे राघव चड्ढा
व्यक्तित्व सुरक्षा की अदालती अपील करने वाले लोगों की लिस्ट में राघव चड्ढा का नाम भी शामिल हो गया है. राघव चड्ढा ने अपने वकीलों सत्य आनंद और निखिल अराधे के जरिए कोर्ट में केस दायर किया है. चड्ढा साल 2020 से 2022 तक दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक भी रह चुके हैं. फिलहाल वो पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं. कई सालों तक AAP से जुड़े रहने के बाद उन्होंने अप्रैल 2026 में भाजपा जॉइन कर ली थी.
वीडियो: प्रधानमंत्री मोदी का विवादित कार्टून किसने बना दिया?

