पत्नी की हत्या के आरोप में AAP नेता गर्लफ्रेंड के साथ गिरफ्तार, कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को दी थी सुपारी
Punjab Woman Murder Case: पंजाब पुलिस ने 4 Contract Killers को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि इनका सरगना अभी फरार है. आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई रिट्ज, swift और i20 गाड़ियां और एक तलवार बरामद की गई है.

पंजाब के लुधियाना में आम आदमी पार्टी (AAP) के एक स्थानीय नेता को गिरफ़्तार किया गया है. उन पर ‘गर्लफ़्रेंड’ के साथ मिलकर अपनी पत्नी के मर्डर की साज़िश रचने का आरोप है. पुलिस का कहना है कि इसके लिए उन्होंने स्थानीय कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को सुपारी दी थी. जिन लोगों ने कथित तौर पर उनकी पत्नी की हत्या कर दी. इन 'किलर्स' में से भी 4 लोगों की गिरफ़्तारी हुई है, जबकि इनका सरगना अभी भी फरार है.
लुधियाना पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चहल ने मामले की जानकारी दी है. पुलिस के मुताबिक़, जांच के दौरान पता चला कि 35 साल के अनोख मित्तल ने अपनी प्रेमिका प्रतीक्षा के साथ मिलकर पत्नी लिप्सी उर्फ़ मानवी की हत्या करवाई. हत्या के लिए कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को सुपारी दी गई थी. गौरतलब है कि आप नेता अनोख पेशे से बिज़नेसमैन हैं. इंडिया टुडे के इनपुट के मुताबिक़, अनोख मित्तल क़रीब तीन महीने पहले ही आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे. वहीं, ख़ुद मानवी भी AAP से जुड़ी हुई थीं.
गिरफ़्तार किलर्स की पहचान अमृतपाल सिंह उर्फ़ बल्ली, गुरदीप सिंह, सोनू, और सागरदीप उर्फ़ तेजी के रूप में हुई है. वहीं, गुरप्रीत सिंह उर्फ़ गोपी नाम का उनका सरगना अभी फरार है. इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के मुताबिक़, आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई रिट्ज, स्विफ्ट और i20 गाड़ियां और एक तलवार बरामद की गई है. सभी आरोपियों के ख़िलाफ़ डेहलों पुलिस स्टेशन में हत्या की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज हुई है.
आरोप है कि इन 5 कॉन्ट्रैक्ट किलर्स ने डेहलों रोड पर उनकी कार को रोका और मानवी पर हमला कर दिया, जब वो एक रेस्तरां में खाना खाने के बाद घर लौट रहे थे. पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया कि अनोख मित्तल ने 2.50 लाख रुपये में हत्यारों को काम पर रखा था. जिसमें से 50,000 रुपये का भुगतान वो एडवांस में कर दिया था. बाक़ी 2 लाख रुपए अपराध को अंजाम देने के बाद दिए जाने थे.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अनोख मित्तल का जमालपुर की प्रतीक्षा के साथ ‘एक्स्ट्रा-मैरिटल रिलेशनशिप’ था और पत्नी मानवी को इस बारे में पता चल गया था. अनोख मित्तल और मानवी के बीच कई महीनों से तनाव चल रहा था. उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे.
मामला क्या है?16 फ़रवरी को आप नेता अनोख मित्तल अपनी पत्नी लिप्सी मित्तल उर्फ़ मानवी की हत्या की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा था. उसने पुलिस को बयान दिया कि 15 फ़रवरी की आधी रात वो अपनी पत्नी के साथ रेस्टोरेंट से खाना खाकर घर लौट रहा था. इसी दौरान डेहलों इलाक़े में रुरका रोड के पास टॉयलेट के लिए उसने अपनी कार रोकी.
ऐसे में एक गाड़ी में उनका पीछा कर रहे 5-6 ‘लुटेरों’ ने उस पर लोहे की रॉड से हमला किया. साथ ही, उसे बेहोश करने के लिए कुछ सुंघा दिया. पुलिस के मुताबिक़, अनोख मित्तल ने दावा किया कि जब उसे 20 मिनट बाद होश आया, तो उसने देखा कि उसकी पत्नी गंंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ी थी. और, अस्पताल ले जाने तक उनकी मौत हो गई.
अनोख मित्तल का ये भी कहना था कि लुटेरे उनकी कार और लिप्सी मित्तल के गहने भी लूट ले गए. बाद में पुलिस अधिकारियों ने जांच की और मामले का खुलासा हुआ.
(न्यूज़ एजेसीं PTI के इनपुट के साथ)
वीडियो: अयोध्या में दलित लड़की के मर्डर केस पर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने क्या कहा?

