एक-एक कर तीनों बच्चों को भीषण आग से बचाया, अंत में रुला गई ये मां, खुद को न बचा पाई
Prayagraj Fire: महिला अपने बच्चों को बचाने के लिए करीब 30 मिनट तक संघर्ष करती रही. वीडियो में दिखता है कि महिला अपने मासूम बेटे को चादर से बांधकर सामने बिल्डिंग के पड़ोसियों की तरफ बढ़ाती है. पड़ोसियों ने भी तेजी के साथ हाथ बढ़ाकर बच्चे को सुरक्षित बचा लिया.

मां कुदरत का वो वरदान है, जो अपने बच्चों की खातिर हर मुश्किल का सामना कर सकती है. अपनी पर आए तो अपनी ही जान जोखिम में डालकर अपने बच्चों को मौत के शिकंजे से बाहर निकाल सकती है. संगम नगरी प्रयागराज से सामने आया एक मार्मिक वीडियो इस सच को बयां करता है. इसमें एक मां ने भीषण आग के बीच अपने तीन बच्चों की जान बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी. उसने अपने बच्चों को तो आग से बचा लिया, लेकिन खुद की जान नहीं बचा सकी. हादसे में इस बहादुर मां की मौत हो गई.
मामला उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले का है. 12 मई को प्रयागराज में एक क्रॉकरी कारोबारी के घर लगी थी, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है. इसमें दिखता है कि एक घर में भयंकर आग लगी है. काले धुंए का गुबार थमने का नाम नहीं लेता. तेजी से फैल रही आग के बीच एक महिला अपने बच्चों की बचाने के जतन करती है.
30 मिनट तक महिला ने किया संघर्षइंडिया टुडे से जुड़े पंकज श्रीवास्तव की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला अपने बच्चों को बचाने के लिए करीब 30 मिनट तक संघर्ष करती रही. वीडियो में दिखता है कि महिला अपने मासूम बेटे को चादर से बांधकर सामने बिल्डिंग के पड़ोसियों की तरफ बढ़ाती है. पड़ोसियों ने भी तेजी के साथ हाथ बढ़ाकर बच्चे को सुरक्षित बचा लिया.
चादर ने काम नहीं किया तो आई सीढ़ीमहिला अब अपने दूसरे बच्चों को बचाने की कोशिश करती है. दोबारा चादर ट्राई करती है, लेकिन तेजी से फैलते धुएं की लहर ऐसा करने नहीं देती है. धुआं इतना घना होता है कि सांस लेना मुश्किल हो जाता है. तभी किसी तरह पड़ोसी एक मेटल की सीढ़ी लाते हैं. उसे महिला की बिल्डिंग की ओर बढ़ाते हैं. फिर महिला अपने दूसरे बेटे को इस सीढ़ी के सहारे पड़ोसियों के घर पहुंचा देती है.
हादसे में महिला की मौतइसके बाद बेटी भी सीढ़ी के जरिए आग से बचकर पड़ोसियों तक पहुंच जाती है. लेकिन आग नहीं थमती, धुएं का गुबार बढ़ता जाता है. सांस लेना मुश्किल होता है. इस दौरान महिला आग और धुएं के बीच फंस गई और जलते घर से बाहर नहीं निकल पाई. रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में महिला की मौत हो गई. फिलहाल, यह साफ नहीं है कि महिला की मौत आग में जलकर हुई या धुएं के बीच दम घुटने से हुई.
वीडियो: लखनऊ में वकीलों के चैंबर्स पर बुलडोजर क्यों चला?


