अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ के अस्पताल में ली अंतिम सांस
Prateek Yadav Death: देश के सबसे जाने-माने राजनीतिक परिवारों में से एक से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर ही रहे. उन्होंने लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी. प्रतीक रियल एस्टेट और फिटनेस के कारोबार से जुड़े थे.

समाजवादी पार्टी (SP) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव निधन हो गया. उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी मौत की पुष्टि हुई. परिवार के कई सदस्य भी अस्पताल में मौजूद थे. प्रतीक यादव भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता अपर्णा यादव के पति थे.
इंडिया टुडे से जुड़े कुमार अभिषेक और आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि प्रतीक यादव को बुधवार, 13 मई की सुबह करीब 6 बजे इलाज के लिए लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रतीक यादव उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे, जबकि अखिलेश यादव मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी मालती देवी के बेटे हैं. लखनऊ की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में प्रतीक के शव का पोस्टमार्टम होगा. यहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है.
38 वर्षीय प्रतीक यादव पिछले कुछ समय से बीमार थे. कुछ वक्त पहले वे लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भी भर्ती थे, जहां खुद अखिलेश यादव भी उन्हें देखना पहुंचे थे. हालत में थोड़े सुधार के बाद उन्हें घर लाया गया था. फिलहाल पंचनामा भरा जा रहा है. भारी पुलिस बल सिविल अस्पताल में मौजूद है.
प्रतीक की राजनीति से दूरीदेश के सबसे जाने-माने राजनीतिक परिवारों में से एक से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर ही रहे. उन्होंने लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी. प्रतीक रियल एस्टेट और फिटनेस के कारोबार से जुड़े थे. वे लखनऊ में 'द फिटनेस प्लैनेट' नाम से एक जिम भी चलाते थे और फिटनेस इंडस्ट्री में एक्टिव रहे.
जिम और NGO चलाते थेप्रतीक यादव का जुड़ाव 'जीव आश्रय' नाम के एक संगठन से भी था. इस संगठन के जरिए प्रतीक पशुओं की भलाई से जुड़े काम करते थे. यह संगठन आवारा कुत्तों को बचाने, उनका इलाज करने, उन्हें खाना खिलाने और उनकी देखभाल करने का काम करता था.
अखिलेश के साथ आखिरी बार कब दिखे?उनकी पत्नी अपर्णा यादव इस समय उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं. सपा को झटका देकर अपर्णा 2022 में BJP में शामिल हो गई थीं. प्रतीक यादव अपने भाई अखिलेश यादव के साथ आखिरी बार 25 नवंबर 2025 में सैफई में एक पारिवारिक विवाह में दिखे थे. प्रतीक के साथ उनकी पत्नी अपर्णा यादव भी अखिलेश से मिली थीं.
वीडियो: IPS राजेश चंदेल समेत 4 पुलिसकर्मियों पर डकैती केस, ग्वालियर कोर्ट ने भेजा समन


