The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • PM Silence on trump hellhole remark slamed by opposition what pm scared of

'पीएम मोदी किस बात से डर रहे हैं?' ट्रंप के 'नरक' वाले पोस्ट पर भड़का विपक्ष

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर डॉनल्ड ट्रंप द्वारा अपमानजनक पोस्ट रीपोस्ट किए जाने का विरोध जताया है. लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सरकार से जुड़े किसी भी मंत्री ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. विपक्ष इसको मुद्दा बनाकर सरकार पर हमलावर है.

Advertisement
pic
24 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 09:12 PM IST)
pm narendra modi silence kharge mahua moitra
डॉनल्ड ट्रंप के नरक वाले पोस्ट पर पीएम की चुप्पी पर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं. (इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने रेडियो होस्ट माइकल सैवेज का एक वीडियो रिपोस्ट किया. इसमें भारत और चीन को ‘नरक’ बताया गया. भारत में विपक्षी नेताओं ने ट्रंप के अपमानजनक पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. साथ ही इस मसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं.

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा,

मोदी जी के प्रिय मित्र, 'नमस्ते ट्रंप' ने एक नोट शेयर किया है, जिसमें भारत के लिए बेहद अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है. इन बकवास बयानों पर मोदी जी ने पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है. नरेंद्र मोदी जी आखिर आप किस बात से डर रहे हैं? अमेरिका की सफलता में भारतीयों की अहम भूमिका रही है. अमेरिका सरकार के साथ हाई लेवल पर इस मुद्दे को उठाने से कौन सी चीज हमें रोक रही है?

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खरगे ने ट्रंप के शेयर किए गए ट्रांसक्रिप्ट के कुछ खास हिस्सों को हाईलाइट भी किया है. इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने व्यस्त चुनावी कार्यक्रम से कुछ समय निकालकर 140 करोड़ भारतीयों के अपमान पर प्रतिक्रिया देंगे. 

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर तंज कसा हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 

क्या नरेंद्र मोदी जी ट्रंप द्वारा भारत को 'नरक' और सभी भारतीयों को 'लैपटॉप वाले गैंगस्टर्स' बताने वाली पोस्ट शेयर करने के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे? या फिर बस 'खी-खी' करते हुए अपनी अगली चुनावी रैली के लिए बंगाल निकल जाएंगे?

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत और राजद के सांसद मनोज झा ने भी ट्रंप के अपमानजनक बयान पर सवाल उठाए हैं. सुप्रिया श्रीनेत ने राष्ट्रपति ट्रंप के पोस्ट को शेयर करते हुए कहा,

हमें इसका जोरदार विरोध करना चाहिए. लेकिन मोदी सरकार की तरफ से अब तक पिन ड्रॉप साइलेंस है.

राजद के सांसद मनोज झा ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को संबोधित करते हुए एक एक्स पोस्ट लिखा है. उन्होंने लिखा,

 आप (ट्रंप) लगातार सार्वजनिक संवाद के स्तर को नीचे गिराते जा रहे हैं. आपने जो कहा है, वह केवल खेदजनक नहीं, बल्कि पूरी तरह से अस्वीकार्य है. इसे न तो भुलाया जाएगा और न ही आसानी से माफ किया जाएगा.

डॉनल्ड ट्रंप द्वारा सैवेज के वीडियो को रीपोस्ट करने के तुरंत बाद अमेरिका ने डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की. भारत में अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने बताया, “राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि भारत एक महान देश है, जिसका नेतृत्व मेरे बहुत अच्छे दोस्त (पीएम मोदी) कर रहे हैं.”

वहीं भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया,

 हमने वो बयान देखे और बाद में इस पर अमेरिकी दूतावास की प्रतिक्रिया भी देखी. ये टिप्पणियां साफ तौर पर बिना जानकारी के और अनुचित हैं. ये बयान निश्चित तौर पर भारत और अमेरिका के संबंधों की असलियत को नहीं दिखाता. जो लंबे समय से आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित रहे हैं.

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर डॉनल्ड ट्रंप द्वारा अपमानजनक पोस्ट रीपोस्ट किए जाने का विरोध जताया है. लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सरकार से जुड़े किसी भी मंत्री ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. विपक्ष इसको मुद्दा बनाकर सरकार पर हमलावर है.

वीडियो: भारत-चीन को नरक का गड्ढा कहा, ईरान ने ट्रंप को खूब सुनाया, भारत ने क्या कहा?

Advertisement

Advertisement

()