पीएम मोदी कल से पांच देशों की यात्रा पर, यहां 43 साल बाद कोई भारतीय पीएम जा रहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई के बीच संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा पर जाएंगे. यूएई में पीएम मोदी राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मिलेंगे. इसके बाद पीएम 15 मई से 17 मई के बीच नीदरलैंड, 17 से 18 मई के बीच स्वीडन, 18 से 19 मई के बीच नॉर्वे और आखिर में 19 से 20 मई तक इटली के दौरे पर रहेंगे.

वेस्ट एशिया में चल रहे संघर्ष के चलते ग्लोबल पावर सप्लाई प्रभावित हो रहा है. तेल की कीमतों में उछाल आ रहा है. दुनिया भर में एनर्जी सिक्योरिटी को लेकर चिंता की लकीरें खींच रही हैं. ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई के बीच पांच देशों की आधिकारिक यात्रा पर जाने वाले हैं. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पीएम मोदी संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा पर जाएंगे.
संयुक्त अरब अमीरात से यात्रा की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 मई को अपनी यात्रा की शुरुआत संयुक्त अरब अमीरात से करेंगे. वहां वे UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मिलेंगे. दोनों नेता द्विपक्षीय मुद्दों, ऊर्जा सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों पर बात करेंगे. यूएई में भारत के 45 लाख से ज्यादा लोग रहते हैं. पीएम मोदी और यूएई के राष्ट्रपति दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर भी चर्चा करेंगे.
इसके बाद पीएम नीदरलैंड जाएंगे
यूएई के बाद प्रधानमंत्री नीदरलैंड जाएंगे. यहां वे 15 से 17 मई तक रहेंगे. पीएम मोदी नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटन के आमंत्रण पर वहां पहुंचे हैं. इस दौरान वे नीदरलैंड के राजा विलेम अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे और पीएम रॉब जेटन के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे. इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच के सहयोग को और आगे बढ़ाना है. इसमें डिफेंस, सिक्योरिटी, इनोवेशन, ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर और पानी से जुड़ी स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप वाले कई क्षेत्र शामिल हैं.
17 से 18 मई के बीच स्वीडन में
इसके बाद पीएम मोदी 17 से 18 मई के बीच स्वीडन के गोथेनबर्ग जाएंगे. इस यात्रा के लिए उनको स्वीडन के पीएम उल्फ क्रिस्टरसन का निमंत्रण मिला है. विदेश मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी. इस बातचीत में दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ाने के लिए सहयोग के नए रास्ते तलाशे जाएंगे, जिसमें ग्रीन ट्रांजिशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक्नोलॉजी, स्टार्ट-अप, सप्लाई चेन, डिफेंस, स्पेस, क्लाइमेट एक्शन जैसे एरिया शामिल हैं. इसके अलावा दोनों देशों के लोगों के बीच के आपसी संबंधों को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा.
18 से 19 मई तक नॉर्वे की यात्रा
स्वीडन के बाद पीएम 18 से 19 मई के बीच नॉर्वे जाएंगे. यहां उनको तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेना है. इसके साथ ही पीएम कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे. यह पीएम मोदी की पहली नॉर्वे यात्रा है. पिछले 43 सालों में भारत के किसी प्रधानमंत्री की यह पहली आधिकारिक नॉर्वे यात्रा होगी. वे नॉर्वे के राजा हेराल्ड वी और रानी (क्वीन) सोनजा से भी मिलेंगे और प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे. इसके अलावा पीएम मोदी यहां भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे.
19 मई से 20 मई तक इटली जाएंगे
अपने दौरे के आखिरी फेज में प्रधानमंत्री 19 से 20 मई तक इटली जाएंगे. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम को इटली आने का आमंत्रण दिया था. इस दौरे पर वे इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटेरेला से भी मुलाकात करेंगे. वहीं प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे. विदेश मंत्रालय ने बताया है कि यह यात्रा भारत और यूरोप के बीच की पार्टनरशिप को और मजबूत करेगी. खासकर बिजनेस और एक्सपोर्ट के क्षेत्र में.
वीडियो: सीबीआई डायरेक्टर की नियुक्ति प्रक्रिया से पीछे हटे राहुल गांधी, पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी में क्या कहा?

