The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • odisha mining officer caught with 4 crore in trolley bag who started job with eight thousand two decades ago

आठ हजार रुपये से नौकरी शुरू की, अब छापा पड़ा तो घर से मिला 4 करोड़ कैश, गिनती अभी जारी है

देबब्रत मोहंती को उड़ीसा में विजिलेंस अधिकारियों ने तब पकड़ा, जब वो कथित तौर पर एक कोयला डिपो को ठीक से चलाने और कोयले के ट्रांसपोर्ट की इजाजत देने के बदले में 30,000 रुपये की रिश्वत ले रहे थे.

Advertisement
pic
26 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 01:37 PM IST)
odisha mining officer caught with 4 crore in trolley bag who started job with eight thousand two decades ago
सिर् ट्रॉली बैग्स से ही 4 करोड़ रुपये बरामद हुए हैं (PHOTO-India Today)
Quick AI Highlights
Click here to view more

ओडिशा में विजिलेंस डिपार्टमेंट को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. विजिलेंस ने खनन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर के ठिकानों पर छापा मारा. इस छापेमारी में सिर्फ ट्रॉली बैग्स में ही लगभग 4 करोड़ रुपये मिले हैं. डिप्टी डायरेक्टर देबब्रत मोहंती ने जब नौकरी शुरू की थी, तो उनकी तनख्वाह मात्र 8 हजार रुपये थी.

देबब्रत मोहंती को विजिलेंस अधिकारियों ने तब पकड़ा, जब वो कथित तौर पर एक कोयला डिपो को ठीक से चलाने और कोयले के ट्रांसपोर्ट की इजाजत देने के बदले में 30,000 रुपये की रिश्वत ले रहे थे. जिस शख्स से घूस मांगी, वो एक लाइसेंस वाला कोयला वेंडर है. इसके बाद एंटी-करप्शन एजेंसी ने कटक सर्कल की माइंस के डिप्टी डायरेक्टर देबब्रत मोहंती से जुड़ी कई जगहों पर तलाशी शुरू की. फिलहाल भुवनेश्वर में देबब्रत के फ्लैट, भद्रक जिले के मथासाही में उनके पुश्तैनी घर और कटक में उनके ऑफिस चैंबर में तलाशी चल रही है. 

odisha mining official raids
मोहंती के घर से इतने नोट मिले कि गिनने के लिए मशीन लगानी पड़ी (PHOTO- Express)

विजिलेंस की टीम को देबब्रत के घर से 4 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश मिला है. इसके अलावा, उनके ऑफिस ड्रॉर से भी 1.20 लाख रुपये निकले. जब्त की गई दूसरी चीजों में भुवनेश्वर के पहला में लगभग 2,400 स्क्वायर की एक आलीशान दो मंजिला बिल्डिंग भी है. साथ ही 130 ग्राम सोने की गहने भी बरामद हुए हैं. इस मामले पर इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए एक अधिकारी ने बताया,

सही अमाउंट का पता लगाने के लिए कैश की गिनती चल रही है. सर्च ऑपरेशन में अधिकारियों की कई टीमें लगाई गई हैं. ओडिशा विजिलेंस के इतिहास में ये अब तक की सबसे बड़ी कैश बरामदगी है.

8 हजार रुपये से नौकरी शुरू की

एक्सप्रेस ने विजिलेंस सूत्रों के हवाले से बताया कि 58 साल के देबब्रत मोहंती ने 2004 में नौकरी शुरू की थी. तब उन्होंने बलांगीर में जूनियर माइनिंग ऑफिसर के तौर पर जॉइन किया था. उन्हें हर महीने 8 हजार रुपये की मामूली सैलरी मिलती थी. फिर 2018 तक उन्होंने बारीपदा, बरहामपुर, कटक और स्टेट हेडक्वार्टर, भुवनेश्वर में इसी रैंक पर काम किया. मोहंती को मार्च 2018 में असिस्टेंट माइनिंग ऑफिसर (चीफ सर्वेयर) के पद पर प्रमोट किया गया और संबलपुर में पोस्ट किया गया. हाल ही में उन्होंने कटक सर्कल में माइंस के डिप्टी डायरेक्टर के तौर पर जॉइन किया था. फिलहाल उनके अधिकार क्षेत्र में कटक और केंद्रपाड़ा जिले हैं.

देबब्रत मोहंती के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ करप्शन (अमेंडमेंट) एक्ट, 2018 के सेक्शन-7 के तहत भुवनेश्वर विजिलेंस पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. अभी सर्च ऑपरेशन जारी है और विजिलेंस अधिकारियों ने कहा कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, और भी रिकवरी हो सकती है.

वीडियो: ओडिशा विजिलेंस ने तहसीलदार के घर मारा छापा, क्या-क्या मिला?

Advertisement

Advertisement

()