The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • NEET UG 2026 Re Exam Date 21 june nta announced after paper leak

NEET UG एग्जाम की नई तारीख का ऐलान, जल्द जारी होगा एडमिट कार्ड

NEET UG Re-Exam Date: पेपर लीक मामला सामने आने के बाद एनटीए ने यह परीक्षा रद्द कर दी थी. एजेंसी ने यह भी साफ कर दिया था कि री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों को फिर से अप्लाई करने या नया रजिस्ट्रेशन करने की कोई जरूरत नहीं है.

Advertisement
pic
15 मई 2026 (अपडेटेड: 15 मई 2026, 11:06 AM IST)
NEET UG Re-Exam Date
अब यह परीक्षा 21 जून 2026 को पूरे देश में दोबारा आयोजित की जाएगी. (सांकेतिक फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने ‘नीट यूजी 2026 एग्जाम’ की नई तारीख का ऐलान कर दिया है. अब यह परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को पूरे देश में दोबारा आयोजित की जाएगी. पेपर लीक मामला सामने आने के बाद एनटीए ने यह परीक्षा रद्द कर दी थी. एजेंसी ने यह भी साफ कर दिया था कि री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों को फिर से अप्लाई करने या नया रजिस्ट्रेशन करने की कोई जरूरत नहीं है.

भारत सरकार की मंजूरी के बाद एनटीए ने यह फैसला लिया. री-एग्जाम के लिए छात्रों से कोई भी एक्स्ट्रा एग्जाम फीस नहीं ली जाएगी. ‘नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट’ (NEET) यूजी 2026 की परीक्षा पहले 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी. इसमें करीब 22 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे. लेकिन बड़े पैमाने पर पेपर लीक होने और धांधली के गंभीर आरोपों के बाद, एनटीए ने 12 मई को इस परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया था. सीबीआई इस पूरे मामले की जांच कर रही है.

अगर किसी भी छात्र को अपनी परीक्षा, केंद्र या एडमिट कार्ड से जुड़ी किसी भी परेशानी है तो वे सीधे NTA से संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए आधिकारिक ईमेल और फोन नंबर के जरिए मदद ले सकते हैं. इसके लिए ईमेल आईडी और हेल्पलाइन नंबर दिया गया है. ईमेल- neet-ug@nta.ac.in हेल्पलाइन नंबर- 011-40759000 और 011-69227700.

क्या NEET UG पेपर लीक मामला?

3 मई को NEET (UG) 2026 की परीक्षा हुई थी. ये परीक्षा कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को राजस्थान में NEET परीक्षा के दौरान कथित गड़बड़ी की शिकायत मिली. सूत्रों के मुताबिक, परीक्षा से पहले छात्रों के बीच एक कथित ‘गेस पेपर’ (Guess Paper) या ‘क्वेश्चन बैंक’ तेजी से वायरल हुआ. नीट परीक्षा में पूछे सवालों के उत्तर के ऑप्शन भी इस कथित ‘गेस पेपर’ के प्रश्नों के क्रमों में है.

नीट यूजी (NEET UG) के लिए केवल एक ही पेपर होता है. परीक्षा में कुल 180 सवाल हल करने होते हैं. यह पेपर 720 नंबरों का होता है. राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की जांच में संकेत मिले कि परीक्षा के कुल 720 अंकों में से लगभग 600 अंकों के सवाल परीक्षा से दो दिन पहले ही राजस्थान के सीकर में छात्रों तक पहुंच गए थे.

SOG के एडिशनल डायरेक्टर जनरल (ADG) विशाल बंसल ने बताया,

"एक गेस पेपर है, जिसमें करीब 410 सवाल हैं. उन 410 सवालों में से तकरीबन 120 सवाल एग्जाम में आए. यह गेस पेपर स्टूडेंट्स के बीच काफी पहले से सर्कुलेट हो रहा था. यह असली एग्जाम से 15 दिन पहले, एक महीने पहले ही उन तक पहुंचना शुरू हो गया था."

रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य परीक्षा में जीव विज्ञान (Biology) के सभी 90 सवाल और रसायन विज्ञान (Chemistry) के सभी 45 सवाल इस गेस पेपर में मौजूद थे. नीट में हर सवाल 4 अंक का होता है, ऐसे में लगभग 600 नंबर के प्रश्न उसी कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ से आने की बात सामने आ रही है.

ये भी पढ़ें: NEET कराने वाले NTA के बारे में ये सब जान लिया तो बहुत कुछ समझ आ जाएगा!

इंडिया टुडे से जुड़े शरत कुमार की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि ‘गेस पेपर’ परीक्षा से दो दिन पहले 5-5 लाख रुपये में बिका, लेकिन परीक्षा से एक रात पहले इसकी 30-30 हजार रुपये में बिक्री हुई. SOG का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों के मोबाइल में मैसेज पर ‘फॉर्वर्डेड मैनी टाइम्स’ दिख रहा है, यानी ये पेपर बहुत लोगों तक पहुंचा है.

जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ का लिंक चूरू के एक युवक से जुड़ रहा है, जो फिलहाल केरल के एक मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहा है. उसने 1 मई को ये सवाल सीकर में अपने एक दोस्त को भेजे थे. इसके बाद यह दस्तावेज एक पीजी संचालक तक पहुंचा और फिर वहां रहने वाले छात्रों, करियर काउंसलर्स और अन्य अभ्यर्थियों के बीच तेजी से फैलता चला गया. सीबीआई अब इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है.

वीडियो: NEET Paper Leak पर दो बच्चों के पिता ने क्या बोला?

Advertisement

Advertisement

()