The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • NEET UG 2026 Paper leak accused yash yadav school poster gurugram achiever

NEET Paper Leak: स्कूल के पोस्टर पर आरोपी यश की तस्वीर, नीचे क्या लिखा था?

यश यादव हरियाणा के गुरुग्राम जिले के खेड़ा खुर्मपुर गांव का रहने वाला है. यहां के सरपंच खेम चंद ने बताया, "यश एक साधारण परिवार से आने वाला लड़का है. वह एक ऐसे गांव से आता है, जहां कोई भी बच्चा क्रिमिनल एक्टिविटी में शामिल नहीं है."

Advertisement
pic
14 मई 2026 (पब्लिश्ड: 09:23 PM IST)
yash yadav neet ug paper leak school poster gurugram
नीट पेपर लीक में गुरुग्राम से यश यादव को गिरफ्तार किया गया है. (इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

NEET UG 2026 Paper Leak की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है. CBI ने इस मामले में अलग-अलग राज्यों से पांच लोगों को अरेस्ट किया है. इनमें गुरुग्राम का रहने वाला यश यादव भी शामिल है. यश मेडिकल का स्टूडेंट है. उसके स्कूल के पोस्टर पर उसे MBBS क्वालिफाइड स्टूडेंट के तौर पर जगह भी मिल चुकी है.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, यश यादव हरियाणा के गुरुग्राम जिले के खेड़ा खुर्मपुर गांव का रहने वाला है. यहां के सरपंच खेम चंद ने बताया,

यश एक साधारण परिवार से आने वाला लड़का है. वह एक ऐसे गांव से आता है, जहां कोई भी बच्चा क्रिमिनल एक्टिविटी में शामिल नहीं है. वह एक एवरेज स्टूडेंट था. पिछले कुछ सालों से राजस्थान में कोचिंग कर रहा था. लेकिन उसे MBBS नहीं मिल पाया. पिछले साल उसने BAMS (आयुर्वेद) कोर्स में एडमिशन लिया था. इस साल वह नीट की परीक्षा की तैयारी के लिए घर आया हुआ था.

सरपंच को यश के बेगुनाह होने का यकीन

उन्होंने बताया कि यश उत्तरकाशी के मंजीदा देवी आयुर्वेदिक कॉलेज और हॉस्पिटल में फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट है. यश के पिता हरबीर यादव एक छोटी तेल मिल चलाते थे. उसके बड़े भाई ने होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की है. यश की एक बड़ी बहन भी है जो लॉ की पढ़ाई कर रही है. खेम चंद ने बताया, “वे मेरे पड़ोसी है. घर में छह लोग रहते हैं. माता-पिता, तीन बच्चे और उनकी दादी. उनका एक साधारण परिवार है. फिलहाल घर में ताला लगा हुआ है. हमें बताया गया है कि वे दिल्ली में हैं और किसी से बात करने की हालत में नहीं हैं.” 

सरपंच खेम चंद को यश की बेगुनाही पर पूरा यकीन है. उन्होंने बताया,

हो सकता है कि उसे वॉट्सऐप या सोशल मीडिया से पेपर मिल गया हो. लेकिन वह पैसे नहीं ले सकता या किसी तरह के रैकेट में शामिल नहीं हो सकता है. इस गांव में कोई भी, खासकर बच्चे ऐसा नहीं करेंगे. जांच होने दीजिए, सब कुछ सामने आ जाएगा. हमने उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार से बात की. कोई भी फाइनेंशियल रिकॉर्ड या बैंक डिपॉजिट नहीं मिला जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी का संकेत मिले.

यश यादव ने ऑक्सफोर्ड कॉन्वेंट स्कूल से 11वीं तक की पढ़ाई की थी. स्कूल के बाहर लगे एक पोस्टर पर यश की तस्वीर भी दिखती है जिसके नीचे लिखा था ‘MBBS सिलेक्टेड’. यहां फिर साफ कर दें कि यश को आयुर्वेद में एमबीबीएस एडमिशन मिला था. पोस्टर पर स्कूल के नाम के साथ बधाई दी गई थी. इस पर स्कूल के कई और सफल छात्रों की तस्वीरें लगी थीं. 

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ASI संदीप कुमार ने बताया है कि राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप ने फिलहाल ग्रुरुग्राम से किसी भी तरह की जानकारी लीक होने से इनकार किया है. उन्होंने बताया कि CBI ने भी इस बात की कोई जानकारी नहीं दी है.

NEET UG पेपर लीक मामले में CBI ने अब तक अलग-अलग राज्यों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए लोगों में नासिक से शुभम खैरनार, जयपुर से मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल और ग्रुरुग्राम से यश यादव का नाम शामिल है.

वीडियो: नीट UG पेपर लीक और CBI की जांच पर क्या बोले अरविंद केजरीवाल?

Advertisement

Advertisement

()