मुंडन करा छिपने की कोशिश! NEET पेपर लीक केस में गिरफ्तार आरोपी शुभम कौन है?
नीट पेपर लीक मामले की जांच केंद्र सरकार ने CBI को सौंपी है. बताया जा रहा है कि CBI की 4 टीमें शुभम को हिरासत में लेने के लिए नासिक पहुंची थीं. शुरुआत में नासिक क्राइम ब्रांच ने उसे पकड़ा था. बाद में उसे CBI को सौंप दिया गया.

NEET पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. सीबीआई ने 12 मई, मंगलवार को 30 साल के एक BAMS छात्र को हिरासत में लिया है. अधिकारियों के मुताबिक आरोपी का नाम शुभम खैरनार है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुभम खैरनार ने कथित तौर पर 10 लाख रुपये में पुणे के आरोपी से गेस पेपर खरीदा था. बाद में उसने यही पेपर हरियाणा के एक खरीदार को 15 लाख रुपये में बेच दिया.
नीट पेपर लीक मामले की जांच केंद्र सरकार ने CBI को सौंपी है. बताया जा रहा है कि CBI की 4 टीमें शुभम को हिरासत में लेने के लिए नासिक पहुंची थीं. शुरुआत में नासिक क्राइम ब्रांच ने उसे पकड़ा था. बाद में उसे CBI को सौंप दिया गया.
पुलिस ने क्या कहा?नासिक के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस किरण कुमार चव्हाण ने बताया कि नासिक सिटी पुलिस ने आरोपी शुभम खैरनार को हिरासत में लिया है. सिटी पुलिस को CBI ने आरोपी के बारे में जानकारी दी थी और उसे पकड़ने का अनुरोध किया था. इसके बाद संदिग्ध की इन्फॉर्मेशन राजस्थान पुलिस ने दी थी. नासिक पुलिस ने टेक्निकल एनालिसिस कर संदिग्ध की लोकेशन पता की और उसे गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए अपना मुंडन करा लिया था. इसके बाद नासिक सिटी में वह एक मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था.
10 लाख में खरीदा, 15 लाख में बेचाइंडिया टुडे से जुड़े प्रवीण ठाकरे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुणे में रहने वाले धनंजय नाम के एक आदमी के साथ मिलकर शुभम ने यह पेपर लीक किया. कथित तौर पर धनंजय ने शुभम को NEET का पेपर 10 लाख रुपये में बेचा था. इसके बाद शुभम पर टेलीग्राम के जरिए यह पेपर 15 लाख रुपये में बेचने का आरोप है. पता चला है कि इस पेपर लीक के मामले में लाखों रुपये की फाइनेंशियल गड़बड़ी हुई थी. शुभम ने पेपर हरियाणा भेजा था. इस केस में एक बड़ी चेन होने की संभावना है.
रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले भी शुभम और धनंजय ने कुछ ग्रुप्स को NEET का पेपर फॉरवर्ड किया था, जो लीक हो गया था. नीट की परीक्षा में लगभग 80 परसेंट सवाल मैच हो गए थे. अब CBI ने नासिक पुलिस फोर्स की क्राइम ब्रांच से आरोपी शुभम खैरनार की कस्टडी ले ली है. CBI टीम बुधवार, 13 मई की सुबह ट्रांजिट रिमांड लेकर दिल्ली के लिए रवाना होगी.
नासिक में छपा ही नहीं था पेपरइस गिरफ्तारी के बाद नीट पेपर लीक केस की जांच में नया मोड़ आ गया है. पहले माना जा रहा था कि पेपर नासिक की किसी प्रिंटिंग प्रेस से लीक हुआ था, लेकिन अब पुलिस सूत्रों का कहना है कि एग्जाम पेपर वहां छपा ही नहीं था. वहीं, शुभम खैरनार के पिता डॉ. मधुकर खैरनार ने बेटे पर लगे आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि उनका बेटा बेगुनाह है. कॉलेज में छुट्टियों के कारण वह नासिक में प्रैक्टिस कर रहा था.
कौन है शुभम खैरनार?बता दें कि शुभम खैरनार नासिक के नांदगाव से है. उसके पिता डॉक्टर हैं. शुभम MP के सिहोर के सत्यसाई यूनिवर्सिटी में तीसरे वर्ष की BAMS की पढ़ाई कर रहा था. कुछ महीने पहले कॉलेज में छुट्टी थी और प्रैक्टिस करनी थी. इसलिए शुभम नासिक में शेयरिंग में फ्लैट लेकर रहता था. लेकिन आज उसी फ्लैट के नजदीक जब मंदिर में दर्शन करने गया, उसी वक्त नासिक क्राइम ब्रांच ने उसे हिरासत में ले लिया.
वीडियो: Neet UG 2026 Exam Cancelled: वजह पेपर लीक या कुछ और, 22 लाख अभ्यर्थियों के लिए सरकार ने क्या ऐलान किया?

