लाइब्रेरी से लौट रही NEET छात्रा से 'गैंगरेप', कई दिन बंधन बनाकर रखा, 'सिगरेट से दागा'
Mahoba NEET aspirant kidnapped, raped: उत्तर प्रदेश के महोबा में NEET की छात्रा का कथित तौर पर अपहरण कर गैंगरेप किया गया. 16 दिन बाद पुलिस को पीड़िता मिली. उसे अस्पताल में एडमिट कराया गया है. मामले में पुलिस तीन अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

उत्तर प्रदेश के महोबा में NEET की छात्रा का कथित तौर पर अपहरण कर गैंगरेप किया गया. पीड़िता को 16 दिन तक बंधक बनाकर रखा गया. इस दौरान उसे नशीले इंजेक्शन लगाए गए. लड़की को कथित तौर पर सिगरेट से जलाया भी गया. पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर अस्पताल में एडमिट कराया है, जहां उसका इलाज जारी है. मामले में तीन अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
मध्य प्रदेश की रहने वाली छात्रा महोबा में रहकर नीट की तैयार कर रही थी. बीती 30 अप्रैल को कोचिंग से घर लौटते समय कुछ बदमाशों ने उसे किडनैप कर लिया था. इंडिया टुडे से जुड़े नाहिद अंसारी की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि मोहित श्रीवास नाम के शख्स ने अपने साथी अंकित श्रीवास और अल्लू राजपूत सहित करीब आधा दर्जन आरोपियों की मदद से उसे प्रयागराज में बंधक बनाकर रखा. लड़की का आरोप है कि मोहित ने उसके साथ जबरदस्ती शादी भी की.
पीड़िता ने बताया,
“30 अप्रैल को मैं लाइब्रेरी से रूम पर जा रही थी. तभी एक कार आई और उसमें से दो-तीन लोग नीचे उतरे. और गाड़ी के अंदर बैठा दिया. अन्य लोग कार के अंदर पहले से बैठे थे. उन्होंने मेरे साथ जबरदस्ती की. रास्ते में हमें इंजेक्शन लगाया और फोटो-वीडियो की धमकी दी. 16 दिन तक टॉर्चर किया. नशे के इंजेक्शन लगाते थे, मारते पीटते थे और चाकू से हाथ काटते थे. कई बार सिगरेट से भी हाथ चलाया और सात दिन तक हमारा पेट बांधे रखा.”
छात्रा के मुताबिक, बाद में आरोपी उसे इलाहाबाद लेकर आए. और उसके भाई की फोटो दिखाकर कहा कि उस पर निगरानी रखेंगे. मोहित ने कहा कि उससे शादी कर लो, तो भाई को छोड़ देंगे. फोटो वीडियो सब कुछ डिलीट कर देंगे. महिला का कहना है कि ये सब बोलकर मोहित ने जबरदस्ती उससे शादी की.
पीड़िता आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग कर रही है. इंसाफ की मांग कर रही है.
मां ने बेटी की गुमशुदगी की दी थी सूचना
मामले पर महोबा की अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया,
“1 मई को छतरपुर निवासी एक महिला ने महोबा में अपनी 25 वर्षीय पुत्री के गुमशुदा होने की सूचना दी थी. और कुछ नामजद अभियुक्तों के खिलाफ तहरीर दी थी. तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए छात्रा को ढूंढने के लिए चार टीमों का गठन किया गया था. टीम की मदद से 16 मई को युवती बरामद कर ली गई. अभी तीन अभियुक्तों को हिरासत में लेते हुए पूछताछ जारी है. उन्हें जल्द न्यायालय के सामने लाया जाएगा. अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस के सहयोग से चार टीमों का गठन किया गया है.”
घटना के बाद पीड़िता को महोबा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी देखरेख में जुटी है. अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर गौतमचंद्र वर्मा ने बताया, “16 तारीख को छात्रा का ट्रीटमेंट महिला अस्पताल से चल रहा था. लेकिन एब्डोमेन पेन थोड़ा ज्यादा था तो मेरे पास लेके आए हैं. पुलिस भी और उसके घर वाले भी थे तो मैंने अभी उसको इंजेक्शन दिया है और उसका सिटी स्कैन के लिए एडवाइस किया है. छात्रा की एमएलसी जांच कराई जा चुकी है.”
पीड़िता के भाई और कांग्रेस के प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई और उसके बेहतर इलाज देने की मांग की है.
वीडियो: ट्विशा शर्मा केस में CCTV फुटेज खोलेगा राज़? पति समर्थ सिंह भी आया नजर

